Top 10 Highest Batting Averages in ODI Cricket: वनडे क्रिकेट में एक ऐसा फॉर्मेट है, जिसमें किसी भी बल्लेबाज के लिए लगातार लय में रहकर रन बनाना आसान नहीं होता। यही वजह है कि 50.0 से ज्यादा के औसत से रन बनाने वाले बल्लेबाजों की संख्या काफी कम है। यदि वनडे क्रिकेट में कम से कम 20 पारियाँ खेलने वाले बल्लेबाजों की बात करें तो, अब तक सिर्फ 10 बल्लेबाजों का औसत ही 50.0 के पार रहा है।
कई दिग्गज बल्लेबाज अपने करियर की शुरुआत में 50.0 से ज्यादा की औसत बरकरार रखते हैं, लेकिन उनका करियर जैसे-जैसे आगे बढ़ता है, वैसे-वैसे लगातार अच्छे फॉर्म में ना रहने के चलते उनका औसत गिरता चला जाता है। हालांकि, विराट कोहली और एबी डी विलियर्स जैसे दिग्गज खिलाड़ी लंबे करियर के बावजूद 50.0 से ज्यादा की औसत बरकरार रखने में सफल रहे, जबकि माइकल बेवन और एमएस धोनी जैसे फिनिशर भी इस सूची में अपनी जगह बनाने में कामयाब रहे।
हालांकि, वनडे क्रिकेट में दो बल्लेबाज ऐसे भी हैं, जिन्होंने अपने करियर में 60.0 की ज्यादा के औसत से रन बनाए हैं। इसमें से एक बल्लेबाज ने 2011 में अपना आखिरी वनडे मैच खेला था और अब वह टीम इंडिया का असिस्टेंट कोच बन चुका है, जबकि दूसरा बल्लेबाज कोई और नहीं बल्कि टीम इंडिया के ओपनर शुभमन गिल हैं।
यहाँ हम आपको वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा औसत से रन बनाने वाले टॉप 10 बल्लेबाजों के बारे में बताने जा रहे हैं। इस सूची में सिर्फ उन्हीं बल्लेबाजों को शामिल किया गया है, जिन्होंने कम से कम 20 वनडे पारियाँ खेली हैं।
ये हैं वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा औसत से रन बनाने वाले टॉप 10 बल्लेबाज – Top 10 Highest Batting Averages in ODI Cricket
10. डेरिल मिशेल (Daryl Mitchell) – 50.23
न्यूजीलैंड के मध्यक्रम बल्लेबाज डेरिल मिशेल ने 2021 में अपना वनडे डेब्यू किया था। तब से लेकर अब तक वह 44 मुकाबले खेल चुके हैं, जिसकी 39 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 50.23 की औसत से 1708 रन बनाए हैं।
9. एमएस धोनी (MS Dhoni) – 50.57
भारत के पूर्व दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज एमएस धोनी ने 2004 से 2019 तक 350 वनडे मुकाबले खेले, जिसकी 297 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 50.57 की औसत से 10,773 रन बनाए। उन्होंने अपने करियर के ज्यादातर मैचों में पांचवें, छठे और सातवें स्थान पर बल्लेबाजी की, जहां उन्होंने अपनी टीम को कई यादगार जीत भी दिलाई।
8. जोनाथन ट्रॉट (Jonathan Trott) – 51.25
इंग्लैंड के जोनाथन ट्रॉट ने 2009 से 2013 तक 68 वनडे मुकाबले खेले, जिसकी 65 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 51.25 की औसत से 2819 रन बनाए। ट्रॉट वर्तमान समय में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के हेड कोच हैं और उनकी कोचिंग में टीम को काफी सफलता देखने को मिली है।
7. एबी डीविलियर्स (AB de Villiers) – 53.50
मिस्टर 360 के नाम से मशहूर दक्षिण अफ्रीका के पूर्व स्टाइलिश बल्लेबाज एबी डीविलियर्स ने 2005 से 2018 तक 228 वनडे मुकाबले खेले, जिसकी 218 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 53.50 की औसत से 9577 रन बनाए।
6. माइकल बेवन (Michael Bevan) – 53.58
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व मध्यक्रम बल्लेबाज माइकल बेवन ने 1994 से 2004 तक अपने 10 सालों के वनडे करियर में कुल 232 मुकाबले खेले, जिसकी 196 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 53.58 की औसत से 6912 रन बनाए।
5. डेविड मलान (Dawid Malan) – 55.76
इंग्लैंड के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड मलान ने 2019 से 2023 तक 30 वनडे मुकाबले खेले, जिसकी 30 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 55.76 की औसत से 1450 रन बनाए। मलान ने 2023 के वनडे वर्ल्ड कप के बाद अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।
4. बाबर आजम (Babar Azam) – 55.98
पाकिस्तान के स्टाइलिश बल्लेबाज बाबर आजम ने 2015 में वनडे डेब्यू किया था। तब से लेकर अब तक वह 125 मुकाबले खेल चुके हैं, जिसकी 122 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 55.98 की औसत से 5990 रन बनाए हैं।
3. विराट कोहली (Virat Kohli) – 57.93
भारत के अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली 2008 से वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं। वह अब तक 297 मुकाबले खेल चुके हैं, जिसकी 285 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 57.93 की औसत से 13,963 रन बनाए हैं। अपने लंबे करियर में उन्होंने नियमित रूप से अच्छा प्रदर्शन करते हुए न सिर्फ अपनी औसत बरकरार रखी है, बल्कि वह इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में सचिन तेंदुलकर और कुमार संगकारा के बाद तीसरे स्थान पर हैं।
2. शुभमन गिल (Shubman Gill) – 60.16
2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ डेब्यू करने वाले भारत के युवा बल्लेबाज शुभमन गिल वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा औसत से रन बनाने के मामले में दूसरे स्थान पर हैं। वह अब तक 50 वनडे मुकाबले खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 60.16 की औसत से 2587 रन बनाए हैं।
1. रयान टेन डोशेट (Ryan ten Doeschate) – 67.00
नीदरलैंड के पूर्व बल्लेबाज रयान टेन डोशेट वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा औसत से रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 2006 में अपना वनडे डेब्यू किया था और 2011 तक 33 वनडे मुकाबले खेले, जिसकी 32 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 67.00 की औसत से 1541 रन बनाए। डोशेट वर्तमान समय में टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच भी हैं।
[नोट: यहाँ दिए गए सभी आँकड़े 13 फरवरी 2025 तक अपडेटेड हैं।]
Latest Cricket News in Hindi, Latest Football News in Hindi, Latest Tennis News in Hindi और सभी Latest Sports News in Hindi के लिए हमारी वेबसाइट Sports Digest Hindi पर विजिट करें। इसके अलावा खेल से सम्बंधित सभी ताजा खबरें पाने के लिए हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

