महिला वनडे क्रिकेट में अब तक 8 बार 400+ स्कोर बने हैं, लेकिन न्यूजीलैंड के 491 रनों का रिकॉर्ड अब भी सबसे ऊपर कायम है।
महिला वनडे (WODI) क्रिकेट में पिछले एक दशक में बल्लेबाजी का स्तर बेहद तेजी से बढ़ा है। पहले जहां 250 रन भी मैच जिताने के लिए पर्याप्त माने जाते थे, वहीं अब 300 रन सामान्य और 350 से अधिक स्कोर भी अक्सर देखने को मिलते हैं। बेहतर फिटनेस, आधुनिक बल्लेबाजी तकनीक, पावर गेम और छोटी बाउंड्री जैसे कई कारणों ने इस बदलाव में बड़ी भूमिका निभाई है।
कुछ टीमों ने तो इस फॉर्मेट में ऐसे स्कोर बनाए हैं, जिन्हें देखकर पुरुष क्रिकेट की याद आ जाती है। न्यूजीलैंड महिला टीम ने एक समय में लगातार कई मैचों में 400 से अधिक रन बनाए, जबकि ऑस्ट्रेलिया और भारत जैसी मजबूत टीमों ने भी बड़े स्कोर की नई परिभाषा तय की। आइए विस्तार से जानते हैं महिला वनडे इतिहास के टॉप 10 सबसे बड़े टीम स्कोर।
ये हैं महिला वनडे इतिहास के टॉप 10 सबसे बड़े टीम स्कोर
1. न्यूजीलैंड महिला टीम – 491/4 बनाम आयरलैंड (2018)
महिला वनडे इतिहास में सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड महिला टीम के नाम दर्ज है। 2018 में डबलिन में आयरलैंड के खिलाफ खेले गए मैच में न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में 491/4 का विशाल स्कोर खड़ा किया था। इस मुकाबले में सूजी बेट्स ने 94 गेंदों पर 151 रनों की कप्तानी पारी खेली, जबकि मैडी ग्रीन ने 77 गेंदों पर नाबाद 122 रन बनाकर टीम को ऐतिहासिक स्कोर तक पहुंचाया।
इतना बड़ा स्कोर बनने के बाद मुकाबला पूरी तरह एकतरफा हो गया और आयरलैंड की टीम भारी दबाव में बिखर गई। लक्ष्य का पीछा करते हुए पूरी टीम संघर्ष करती नजर आई और न्यूजीलैंड ने 347 रनों के बड़े अंतर से यह मैच जीत लिया। यह महिला वनडे इतिहास में रनों के लिहाज से चौथी सबसे बड़ी जीत है।
2. न्यूजीलैंड महिला टीम – 455/5 बनाम पाकिस्तान (1997)
क्राइस्टचर्च में खेले गए इस मैच में न्यूजीलैंड महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 455/5 का बड़ा स्कोर बनाया। कप्तान माया लुईस ने 72 गेंदों पर 105 रन और डेबी हॉकली ने 68 गेंदों पर 88 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम को रिकॉर्ड स्कोर तक पहुंचाया।
456 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान महिला टीम सिर्फ 47 रन पर सिमट गई। न्यूजीलैंड ने यह मुकाबला 408 रनों से जीत लिया, जो महिला वनडे इतिहास में रनों के अंतर से सबसे बड़ी जीत है।
3. न्यूजीलैंड महिला टीम – 440/3 बनाम आयरलैंड (2018)
डबलिन में खेले गए इस मुकाबले में न्यूजीलैंड महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 440/3 का बड़ा स्कोर खड़ा किया। अमेलिया केर ने 145 गेंदों पर नाबाद 232 रन की ऐतिहासिक पारी खेली, जबकि ली कास्पेरेक ने 105 गेंदों पर 113 रन बनाकर उनका शानदार साथ दिया।
441 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए आयरलैंड महिला टीम 44 ओवर में 135 रन पर सिमट गई। न्यूजीलैंड ने यह मैच 305 रनों से जीत लिया, जो महिला वनडे इतिहास की सबसे चौथी सबसे बड़ी जीत है।
4. भारतीय महिला टीम – 435/5 बनाम आयरलैंड (2025)
राजकोट में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवरों में 435/5 का बड़ा स्कोर बनाया, जो महिला वनडे इतिहास में भारत का सबसे बड़ा टीम टोटल है। प्रतिका रावल ने 129 गेंदों पर 154 रन की शानदार पारी खेली, जबकि कप्तान स्मृति मंधाना ने सिर्फ 80 गेंदों पर 135 रन बनाकर तेज गति से रन जोड़े।
436 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए आयरलैंड महिला टीम 31.4 ओवरों में 131 रन पर सिमट गई। भारत ने यह मुकाबला 304 रनों से जीत लिया, जो महिला वनडे में किसी भी टीम की सातवीं सबसे बड़ी और भारत की सबसे बड़ी जीत है।
5. न्यूजीलैंड महिला टीम – 418/10 बनाम आयरलैंड (2018)
डबलिन में खेले गए इस मुकाबले में न्यूजीलैंड महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.5 ओवरों में 418 रन बनाए। सोफी डिवाइन ने 61 गेंदों पर 108 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जबकि मैडी ग्रीन ने 36 गेंदों पर 50 रन बनाकर तेज गति से स्कोर को आगे बढ़ाया और टीम को बड़े टोटल तक पहुंचाया।
419 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए आयरलैंड महिला टीम 35.3 ओवरों में सिर्फ 112 रन पर ऑलआउट हो गई। न्यूजीलैंड ने यह मैच 306 रन से जीत लिया, जो महिला वनडे इतिहास की पांचवीं सबसे बड़ी जीतो रही।
6. ऑस्ट्रेलिया महिला टीम – 412/10 बनाम भारत (2025)
दिल्ली में खेले गए इस हाई स्कोरिंग मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 47.5 ओवरों में 412 रन बनाए। बेथ मूनी ने 75 गेंदों पर 138 रन की तूफानी पारी खेली, जबकि जॉर्जिया वोल ने 68 गेंदों पर 81 रन बनाकर बड़े स्कोर की मजबूत नींव रखी और टीम को 400 के पार पहुंचाया।
413 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय महिला टीम ने भी शानदार लड़ाई दिखाई, लेकिन 47 ओवरों में 369 के स्कोर ऑलआउट हो गई। स्मृति मंधाना ने 63 गेंदों पर 125 रन और दीप्ति शर्मा ने 58 गेंदों पर 72 रन बनाए, लेकिन भारत लक्ष्य से 43 रन पीछे रह गया और ऑस्ट्रेलिया ने यह मुकाबला जीत लिया।
7. ऑस्ट्रेलिया महिला टीम – 412/3 बनाम डेनमार्क (1997)
मुंबई में खेले गए 1997 महिला वर्ल्ड कप मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 412/3 का विशाल स्कोर खड़ा किया। कप्तान बेलिंडा क्लार्क ने 155 गेंदों पर नाबाद 229 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली, जबकि करेन रोल्टन ने 52 गेंदों पर 64 रन बनाकर टीम को और मजबूती दी।
413 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए डेनमार्क महिला टीम पूरी तरह दबाव में आ गई और 25.5 ओवरों में सिर्फ 49 रन पर ऑल आउट हो गई। इस तरह ऑस्ट्रेलिया ने 363 रनों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की, जो महिला वनडे इतिहास की तीसरी सबसे बड़ी जीत है।
8. ऑस्ट्रेलिया महिला टीम – 409/7 बनाम भारत (2026)
होबार्ट में खेले गए इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 409/7 का विशाल स्कोर बनाया। कप्तान एलिसा हीली ने अपने अन्तर्राष्ट्रीय करियर के आखिरी मैच में 98 गेंदों पर 158 रनों की तूफानी पारी खेली, जबकि बेथ मूनी ने 84 गेंदों पर नाबाद 106 रन बनाकर पारी को मजबूत अंत दिया।
410 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय महिला टीम की शुरुआत खराब रही और मिडिल ऑर्डर भी बड़ी साझेदारी नहीं बना सका। हालांकि, बाद में कुछ छोटी-छोटी साझेदारियां जरूर हुईं, लेकिन कोई भी बल्लेबाज फिफ्टी तक नहीं लगा सकी। अंत में भारतीय टीम 45.1 ओवरों में 224 के स्कोर पर ऑलआउट हो गई और ऑस्ट्रेलिया को 185 रनों के बड़े अंतर से जीत मिली।
9. ऑस्ट्रेलिया महिला टीम – 397/4 बनाम पाकिस्तान (1997)
मेलबर्न में खेले गए इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवरों में 397/4 का बड़ा स्कोर बनाया। लिसा केटली ने 147 गेंदों पर नाबाद 156 रन की शानदार पारी खेली, जबकि बेलिंडा क्लार्क ने 97 गेंदों पर 131 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।
398 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान महिला टीम पूरी तरह बिखर गई और सिर्फ 23 रन पर ऑल आउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया ने यह मुकाबला 374 रनों के बड़े अंतर से जीता, जो महिला वनडे इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी जीत है।
10. इंग्लैंड महिला टीम – 378/5 बनाम पाकिस्तान (2016)
वूस्टर में खेले गए इस मुकाबले में इंग्लैंड महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवरों में 378/5 का स्कोर बनाया। लॉरेन विनफील्ड हिल ने 117 गेंदों पर 123 रन और टैमी ब्यूमोंट ने 116 गेंदों पर 104 रन की शानदार शतकीय पारियां खेलीं, जिससे टीम ने मजबूत आधार तैयार किया। इसके बाद नेट स्किवर ब्रंट ने 33 गेंदों पर तेज 80 रन बनाकर स्कोर को और भी बड़ा कर दिया।
379 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान महिला टीम दबाव में बिखर गई और 47.4 ओवरों में 166 रन पर ऑल आउट हो गई। पाकिस्तान के लिए बिस्माह मारूफ ने सबसे ज्यादा 61 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सके और इंग्लैंड ने यह मुकाबला 212 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया।
(नोट: ये आंकड़े 01 मार्च 2026 तक अपडेटेड हैं।)
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

