Friday, February 27

टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैचों में जीत हासिल करने के मामले में ऑस्ट्रेलिया का नाम सबसे ऊपर है।

टेस्ट क्रिकेट की शुरुआत करीब 150 साल पहले हुई थी और आज भी यह खेल का सबसे प्रतिष्ठित फॉर्मेट माना जाता है। पहला टेस्ट मैच 1877 में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच MCG में खेला गया था। समय के साथ कई टीमें इस प्रारूप का हिस्सा बनती गईं और आज कुल 12 टेस्ट खेलने वाली टीमें मौजूद हैं।

इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसे पुराने सदस्य सबसे ज्यादा मैचों में हिस्सा लेने के कारण जीतों के मामले में भी आगे हैं। इस आर्टिकल में हम उन टॉप 10 टीमों पर विस्तार से नजर डालेंगे जिन्होंने अब तक टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा जीत दर्ज की हैं।

ये हैं टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा जीत हासिल करने वाली टॉप 10 टीमें

10. जिम्बाब्वे – 15 जीत

जिम्बाब्वे ने 1983 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एंट्री ली और 1992 में भारत के खिलाफ हरारे में अपना पहला टेस्ट मैच खेला। यह टीम टेस्ट फॉर्मेट में नियमित रूप से नहीं खेल पाती, जिसके कारण इनके मैचों की संख्या काफी कम है।

अब तक जिम्बाब्वे ने 129 टेस्ट मैच खेले हैं जिनमें 15 जीत, 84 हार और 30 ड्रॉ शामिल हैं। टीम ने कुछ यादगार प्रदर्शन किए हैं, लेकिन निरंतरता की कमी के कारण बड़ी उपलब्धियां हासिल नहीं कर सकी।

9. बांग्लादेश – 25 जीत

बांग्लादेश 2000 में दसवीं टेस्ट खेलने वाली टीम बनी और उसी साल भारत के खिलाफ ढाका में अपना पहला टेस्ट खेला। शुरुआत कठिन रही, लेकिन इस टीम ने धीरे-धीरे बड़े देशों को चुनौती देना शुरू किया और कुछ यादगार जीतें भी अपने नाम कीं।

बांग्लादेश ने अब तक 156 टेस्ट खेले हैं, जिनमें 25 जीत, 112 हार और 19 मैच ड्रॉ रहे हैं। घरेलू परिस्थितियों में यह टीम अक्सर मजबूत प्रदर्शन करती है।

8. श्रीलंका – 107 जीत

श्रीलंका वह टीम है जिसने टेस्ट क्रिकेट का सबसे बड़ा टीम स्कोर 952 रन बनाया था। यह टीम एक समय दुनिया की सबसे संतुलित और खतरनाक टेस्ट टीमों में गिनी जाती थी। जैसे ही उनके दिग्गज खिलाड़ी टीम से रिटायर होते गए, प्रदर्शन में गिरावट साफ दिखने लगी, लेकिन घरेलू परिस्थितियों में श्रीलंका आज भी किसी भी बड़ी टीम को कड़ी चुनौती देती है। अब तक टीम ने 327 टेस्ट खेले हैं जिनमें 107 जीत, 127 हार और 93 ड्रॉ शामिल हैं।

7. न्यूजीलैंड – 121 जीत

न्यूजीलैंड टेस्ट क्रिकेट की बेहद सम्मानित टीमों में से एक है और इन्होंने पहला ICC वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल जीतकर अपनी क्लास साबित की। ब्लैक कैप्स घरेलू पिचों पर बेहद मजबूत प्रदर्शन करते हैं और विदेशी सरजमीं पर भी अच्छे नतीजे दे चुके हैं।

न्यूजीलैंड टीम ने अब तक 480 टेस्ट खेले हैं, जिनमें 121 जीत, 189 हार और 170 ड्रॉ शामिल रहे हैं। गेंदबाजी और टीम के सामूहिक खेल की वजह से न्यूजीलैंड लगातार बेहतर होता गया है।

6. पाकिस्तान – 152 जीत

पाकिस्तान ने 1952 में टेस्ट क्रिकेट का दर्जा हासिल किया और भारत के खिलाफ अपना पहला टेस्ट मैच खेला। शुरुआत में हार मिली लेकिन दूसरे मैच में पाकिस्तान ने जीत दर्ज की, जिसने इस टीम के टेस्ट सफर को आगे बढ़ाया।

पाकिस्तान ने अब तक 467 टेस्ट खेले हैं जिनमें 152 जीत, 149 हार और 166 ड्रॉ शामिल हैं। उपमहाद्वीप की परिस्थितियों में पाकिस्तान की गेंदबाजी हमेशा उनकी सबसे बड़ी ताकत रही है।

5. वेस्टइंडीज – 185 जीत

वेस्टइंडीज ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बाद टेस्ट खेलने वाली चौथी टीम बनी। 1928 में इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में इन्होंने अपना पहला टेस्ट खेला। एक समय था जब वेस्टइंडीज ने दुनिया भर पर अपना दबदबा बनाया और लगातार कई सालों तक कोई टीम उन्हें टेस्ट में हरा नहीं सकी। अब तक यह टीम 589 टेस्ट खेल चुकी है जिनमें 185 जीत, 221 हार, एक मैच टाई और 182 ड्रॉ रहे हैं।

4. भारत – 185 जीत

भारत 1926 में टेस्ट खेलने वाली पहली एशियाई टीम बना और 1932 में इंग्लैंड के खिलाफ अपना पहला मैच खेला। आधुनिक दौर में भारतीय टीम टेस्ट क्रिकेट की सबसे मजबूत टीमों में गिनी जाती है और दो WTC फाइनल तक पहुंचने का सफर भी उनकी काबिलियत को दर्शाता है।

भारत ने कुल 598 टेस्ट खेले हैं जिनमें 185 जीत, 188 हार, एक टाई और 224 ड्रॉ शामिल हैं। घरेलू पिचों पर भारत का दबदबा लगभग अपराजेय माना जाता है।

3. दक्षिण अफ्रीका – 191 जीत

दक्षिण अफ्रीका 1909 में टेस्ट टीम बना और इंग्लैंड के खिलाफ अपना पहला मैच सेंट जॉर्ज में खेला। 1970 से 1991 तक लगे 21 साल के बैन के बावजूद इस टीम ने शानदार वापसी की और टेस्ट क्रिकेट में तीसरी सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने वाली टीम बन गई।

दक्षिण अफ्रीका टीम ने अब तक 479 टेस्ट खेले हैं जिनमें 191 जीत, 162 हार और 126 ड्रॉ शामिल हैं। बता दें कि, 2025 में WTC जीतकर दक्षिण अफ्रीका ने इतिहास रच दिया था, जो उनका सीनियर लेवल पर पहला आईसीसी खिताब था।

2. इंग्लैंड – 403 जीत

इंग्लैंड टेस्ट क्रिकेट का जनक माना जाता है। 1877 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला टेस्ट खेलते हुए इस टीम ने क्रिकेट की सबसे पुरानी और प्रतिष्ठित प्रतिद्वंद्विता की शुरुआत की। इंग्लैंड अब तक 1090 टेस्ट खेल चुकी है और यही टीम है, जिसने 1000 से ज्यादा टेस्ट में हिस्सा लिया है। इनमें 403 जीत, 331 हार और 356 मैच ड्रॉ रहे हैं।

1. ऑस्ट्रेलिया – 423 जीत

ऑस्ट्रेलिया टेस्ट क्रिकेट इतिहास की सबसे सफल टीम है। ना सिर्फ इनके जीत के आंकड़े सबसे ज्यादा हैं, बल्कि इनकी जीत का प्रतिशत भी सबसे बेहतर है। यह टीम हर परिस्थिति में जीत दर्ज करने का दम रखती है और दुनिया की किसी भी टीम के लिए सबसे बड़ी चुनौती मानी जाती है।

ऑस्ट्रेलिया ने अब तक 878 टेस्ट खेले हैं, जिनमें 423 जीत, 234 हार, 2 टाई और 219 ड्रॉ रहे हैं। लगातार प्रदर्शन ने ऑस्ट्रेलिया को क्रिकेट इतिहास की नंबर वन टेस्ट टीम बना दिया है।

[यहाँ दिए गए सभी आंकड़े 30 नवंबर 2025 तक अपडेटेड हैं]

क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version