कनाडा के बल्लेबाजों ने T20I क्रिकेट में कई शानदार पारियां खेली हैं, जिनमें सबसे बड़ा स्कोर आरोन जॉनसन के नाम है।
टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कनाडा की टीम भले ही पारंपरिक ताकत नहीं मानी जाती हो, लेकिन उसके बल्लेबाज समय समय पर बड़े स्कोर बनाकर दुनिया को चौंकाते रहे हैं। पिछले कुछ सालों में टीम के कई खिलाड़ियों ने शतक लगाकर यह साबित किया है कि कनाडा अब इस फॉर्मेट में तेजी से मजबूत हो रहा है।
हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2026 में युवराज सामरा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चेन्नई में शानदार शतक लगाकर इतिहास रच दिया, जिससे यह सूची और भी चर्चा में आ गई। इसी कड़ी में, आइए जानते हैं कनाडा के लिए T20I क्रिकेट में खेली गई पांच सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारियों के बारे में।
ये हैं कनाडा के लिए T20I क्रिकेट में खेली गई 5 सबसे बड़ी पारियाँ
1. आरोन जॉनसन – 121* रन
आरोन जॉनसन के नाम कनाडा के लिए T20I क्रिकेट का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर दर्ज है। उन्होंने 2023 में पनामा के खिलाफ हैमिल्टन में 59 गेंदों पर 9 चौकों और 8 छक्कों की मदद से 121* रन बनाए थे और टीम का स्कोर 230/4 तक पहुँचाया था। इस मुकाबले में उनकी टीम को 163 रनों से बड़ी जीत भी मिली थी।
2. युवराज सामरा – 110 रन
युवराज सामरा ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ चेन्नई में 65 गेंदों पर 110 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। यह किसी कनाडाई बल्लेबाज का किसी फुल मेंबर नेशन टीम के खिलाफ सबसे बड़ी पारी भी रही।
इसके अलावा भी सामरा की यह पारी कई मायनों में ऐतिहासिक रही, क्योंकि उनकी इस पारी की बदौलत कनाडा की टीम 20 ओवरों में 173 रन बना सकी, जो किसी फुल मेंबर टीम के खिलाफ कनाडा का सबसे बड़ा T20I स्कोर भी है।
3. आरोन जॉनसन – 109* रन
आरोन जॉनसन का नाम इस सूची में दो बार शामिल हैं, जो उनकी निरंतरता को दर्शाता है। वह इकलौते ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने कनाडा के लिए टी20 अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट में दो शतक लगाए हैं।
जॉनसन ने 2022 में ओमान के खिलाफ अल अमीरात में 69 गेंदों पर 9 चौके और 8 छक्कों की मदद से 109* रन बनाए थे। इस मुकाबले में उनकी टीम ने 191/2 का स्कोर बनाया था और मात्र एक रन से करीबी जीत हासिल की थी।
4. मैथ्यू स्पूर्स – 108* रन
मैथ्यू स्पूर्स ने 2022 में फिलीपींस के खिलाफ 108* रनों की शानदार पारी खेली थी। उन्होंने उस पारी में 66 गेंदों में 14 चौके और 3 छक्के लगाए और पारी को अंत तक संभाले रखा था।
स्पूर्स की इस पारी ने कनाडा को 216/1 तक के मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी, जिसमें उनकी टीम को 118 रनों से बड़ी जीत भी मिली थी।
5. रेयान पठान – 107* रन
रेयान पठान ने 2021 में पनामा के खिलाफ 107 नाबाद रन बनाकर इस सूची में अपनी जगह बनाई। उन्होंने 62 गेंदों में 9 चौके और 6 छक्के लगाए और पूरे मैच में दबदबा बनाए रखा। यह उस समय कनाडा के लिए टी20 अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी भी थी। पठान की इस पारी की बदौलत उनकी टीम ने 245/1 का स्कोर बनाया था और 208 रनों से बड़ी जीत हासिल की थी।
कुल मिलाकर यह साफ है कि कनाडा के बल्लेबाज अब T20I क्रिकेट में बड़े स्कोर बनाने की क्षमता रखते हैं। भविष्य में अगर टीम को और अंतरराष्ट्रीय मौके मिलते हैं तो इस सूची में और भी बड़े स्कोर जुड़ सकते हैं।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

