वीमेंस वर्ल्ड कप को शुरू होने में अब सिर्फ चंद घंटों का समय रह गया है और ऐसे में सभी टीमें पूरी तैयारी में लगी हुई हैं ताकि इस बार ख़िताब जीता जा सके। इस टूर्नामेंट की शुरुआत 30 सितम्बर को भारत और श्रीलंका के मुकाबले से होगी। यही नहीं, इस बार इसका आयोजन भी इंडिया और श्रीलंका आपस में मिलकर कर रही हैं।
सभी देशों ने अपने स्क्वाड का ऐलान कर दिया है और वह काफी अच्छा भी दिख रहा है। लेकिन चलिए जानते हैं कि कौन सी टीम सेमीफाइनल तक जा सकती है और किसका पत्ता पहले ही कट सकता है।
4. ऑस्ट्रेलिया (Australia Women)

पिछली बार की डिफेंडिंग चैंपियन और इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम ऑस्ट्रेलिया का स्क्वाड एक बार फिर से काफी मजबूत लग रहा है। टीम के पास एलिसा हेली, बेथ मूनी के रूप में दिग्गज बल्लेबाज हैं, तो वहीं फीबी लिचफील्ड के रूप में युवा खिलाड़ी भी मौजूद हैं।
यही नहीं, गेंदबाजी में भी उनके पास मेगन शूट हैं, तो स्पिन गेंदबाजी की कमान जॉर्जिया वारहम और एनाबेल सदरलैंड संभालेंगी, जबकि एलिस पेरी और ताहिलिया मैक्ग्राथ के रूप में दो विश्व के बेहतरीन ऑलराउंडर हैं जो अपने दम पर मैच को पलटने की क्षमता रखती हैं।
ऑस्ट्रेलिया की हालिया फॉर्म भी काफी शानदार है। साल 2023 से उन्होंने वनडे में 34 मुकाबले खेले हैं, जिनमें से 30 मैचों में जीत मिली है और सिर्फ 4 में ही हार का सामना करना पड़ा है। उनकी टीम और रीसेंट फॉर्म को देखते हुए न सिर्फ उनका सेमीफाइनल में बल्कि वर्ल्ड कप जीतने का प्रबल दावेदार होना तय है।
ये टीमें कर सकती हैं वीमेंस वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई
3. इंग्लैंड (England Women)

इंग्लैंड का प्रदर्शन वर्ल्ड इवेंट्स में अपने आप शानदार हो जाता है। नई कप्तान के आने के बाद से इंग्लिश टीम की हालिया फॉर्म भी ठीक-ठाक है और उन्होंने वॉर्मअप मैच में भी काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को हराकर अपने मंसूबे साफ कर दिए हैं कि उन्हें हल्के में लेने की भूल न की जाए।
इंग्लैंड ने वर्ल्ड कप 2025 के लिए काफी बैलेंस्ड स्क्वाड का ऐलान किया है, जिसमें न सिर्फ युवा खिलाड़ियों को जगह दी गई है बल्कि सीनियर प्लेयर भी टीम में उपस्थित हैं।
2. इंडिया (India Women)

टीम इंडिया का प्रदर्शन वीमेंस क्रिकेट में लगातार सुधर रहा है। भले ही वह फेवरेट के रूप में शुरुआत न करती हो लेकिन सेमीफाइनल की दावेदार रहती है। इस बार के वर्ल्ड कप का आयोजन भारत में ही हो रहा है। ऐसे में वे अपनी होम कंडीशन का फायदा उठाते हुए ट्रॉफी का सूखा खत्म करना चाहेंगी।
टीम के पास न सिर्फ अनुभवी खिलाड़ी हैं बल्कि युवा प्लेयर्स भी लगातार अच्छी फॉर्म में हैं। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुई सीरीज में भले ही टीम को हार का सामना करना पड़ा हो लेकिन उन्होंने काफी कड़ी टक्कर दी थी। हरमनप्रीत कौर अपने आखिरी वर्ल्ड कप को यादगार बनाना चाहेंगी।
1. न्यूज़ीलैंड (New Zealand Women)

भले ही न्यूज़ीलैंड का बाइलेटरल ट्रॉफी में प्रदर्शन कैसा भी हो, वह उनके वर्ल्ड कप के प्रदर्शन पर असर नहीं डालता है। वे हर बार मल्टीनेशनल इवेंट में अच्छा प्रदर्शन ही करती हैं। उनके पास भी काफी एक्सपीरियंस्ड प्लेयर हैं, जिनको न सिर्फ बड़े टूर्नामेंट में खेलने का अनुभव है, बल्कि इंडिया में कैसे खेलना है इसका अंदाजा भी है।
न्यूज़ीलैंड ने पिछले साल सबकॉन्टिनेंट में हुए टी20 वर्ल्ड कप को जीता था और इस बार भी उनका लक्ष्य वर्ल्ड कप को जीतकर दोनों ट्रॉफी अपने नाम करने का होगा। सोफी डिवाइन, सूजी बेट्स और मेल केर के रूप में शानदार बल्लेबाज तो मौजूद ही हैं। इसके अलावा ली ताहुहु, जेस केर जैसे शानदार गेंदबाज हैं जो अपने दम पर मैच पलटने का दम रखते हैं। इसलिए वे सेमीफाइनल में जगह बना सकते हैं।

