IPL से पहले, डीवाई पाटिल टूर्नामेंट में वैभव सूर्यवंशी दिखाएंगे जलवा
भारत को अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में 175 रनों की ऐतिहासिक और तूफानी पारी खेलकर जीत दिलाने के बाद युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से धमाल मचाने के लिए तैयार हैं। हालांकि वे सीधे आईपीएल में उतरने वाले नहीं हैं। उससे पहले वे मुंबई खेले जाने वाले डीवाई पाटिल टी20 टूर्नामेंट (DY patil T20 Tournament) में खेलते दिखाई दे सकते हैं। नवी मुंबई में हर साल होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में 16 टीमें भाग लेती हैं।
आईपीएल से पहले बड़ा मंच
14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी डीवाई पाटिल की किसी एक टीम की ओर से मैदान पर उतर सकते हैं। क्रिकबज के अनुसार, सूर्यवंशी और टूर्नामेंट आयोजकों ने बताया है कि खिलाड़ी की टीम से बातचीत जारी है। यह टूर्नामेंट आईपीएल सीजन से ठीक पहले आयोजित होता है और इस साल इसकी शुरुआत 23 फरवरी से होगी। आमतौर पर इसमें कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी हिस्सा लेते हैं।
राजस्थान रॉयल्स कैंप में तैयारी
अख़बारों के रिपोर्ट्स के मुताबिक फिलहाल सूर्यवंशी तालेगांव में अभ्यास कर रहे हैं, जहां राजस्थान रॉयल्स का कैंप चल रहा है। यह कैंप 21 फरवरी तक जारी रहेगा। इसके बाद वह पटना अपने घर लौटेंगे। उनके शहर में उनके सम्मान में एक प्रमोशनल कार्यक्रम भी तय है, जहां उन्हें एक कार गिफ्ट की जाएगी। इसके बाद वह डीवाई पाटिल टूर्नामेंट में खेलने के लिए मुंबई पहुंच सकते हैं।
डीवाई पाटिल टूर्नामेंट का इतिहास और महत्व
डीवाई पाटिल टूर्नामेंट हर साल डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जाता है। यह देश के सबसे पुराने टी20 टूर्नामेंट्स में से एक है। इसकी शुरुआत 2003 में हुई थी। पिछले कुछ वर्षों में यह मैदान भारतीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अहम केंद्र बन चुका है। यहां महिला वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला खेला गया था, वहीं मौजूदा वर्ल्ड कप के कुछ प्रैक्टिस मैच भी इसी मैदान पर हुए थे। आने वाले आईपीएल सीजन के कुछ मैच भी यहां आयोजित होने की संभावना जताई जा रही है।
अंडर-19 वर्ल्ड कप के हीरो
वैभव सूर्यवंशी का अंडर-19 वर्ल्ड कप सफर बेहद शानदार रहा। फाइनल मुकाबले में उन्होंने सिर्फ 80 गेंदों पर 175 रन की विस्फोटक पारी खेली और भारत को इंग्लैंड के खिलाफ 100 रन से शानदार जीत दिलाई। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज दोनों खिताब मिले।
दिग्गजों से तुलना, भविष्य पर नजर
इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर मार्क बाउचर ने तो उनकी बल्लेबाजी को सर गैरी सोबर्स जैसे महान खिलाड़ी के लेवल का खिलाडी बताया है। U19 वर्ल्ड कप से लौटने के बाद भी वैभव ने आराम नहीं किया। घर जाने के बजाय वे नागपुर के पास तालेगांव में राजस्थान रॉयल्स के कैंप से जुड़ गए, जहां आईपीएल 2026 की तैयारियां चल रही हैं।

