विराट कोहली घरेलू वनडे टूर्नामेंट में लगातार तीसरा मैच खेलकर न्यूजीलैंड सीरीज से पहले अपनी तैयारी को और मजबूत करने जा रहे हैं।
विराट कोहली विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में दिल्ली के लिए अपना तीसरा मैच खेलेंगे और यह मुकाबला रेलवे के खिलाफ 6 जनवरी को होगा। मैच बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस मैदान में खेला जाएगा। दिल्ली और जिला क्रिकेट संघ (DDCA) के अध्यक्ष रोहन जेटली ने इस बात की पुष्टि की और बताया कि कोहली ने उपलब्धता देकर तीन मैच खेलने का फैसला किया है।
बता दें कि, बीसीसीआई ने सेन्ट्रल कॉन्ट्रैक्ट वाले खिलाड़ियों को दो मैच खेलने के लिए कहा है, लेकिन कोहली ने अपनी तैयारी को और बेहतर करने के लिए एक मैच अतिरिक्त खेलने का फैसला किया है।
इससे पहले कोहली ने दिल्ली के लिए दो मैच खेले और दोनों में शानदार प्रदर्शन किया। पहले मैच में उन्होंने 131 रन बनाए और दूसरे में 77 रन की पारी खेली। दूसरे मैच के दौरान उन्होंने लिस्ट ए क्रिकेट में बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। वह सबसे तेजी से 16 हजार लिस्ट ए रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए।
उन्होंने यह उपलब्धि अपने 330वें मैच में हासिल की और सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ा, जिन्होंने यह आंकड़ा छूने में 391 पारियां ली थीं। लगातार रन बनाकर कोहली ने यह साफ कर दिया है कि उनका फॉर्म अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी से पहले भी पूरा बरकरार है।
न्यूजीलैंड सीरीज की तैयारी, टीम में जल्द जुड़ सकते हैं कोहली
भारत की एकदिवसीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए आठ जनवरी को वडोदरा में इकट्ठा होगी। बीसीसीआई सूत्रों के अनुसार कोहली टीम से एक दिन पहले जुड़ सकते हैं, ताकि वह प्रशिक्षण शुरू कर सकें।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 11 जनवरी को वडोदरा में खेला जाएगा। यह सीरीज भारत के लिए इसलिए भी अहम है क्योंकि इसी के बाद टी20 वर्ल्ड कप के लिए तैयारियां तेज होंगी।
हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह को मिलेगा आराम
हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में नहीं खेलेंगे। यह फैसला उनके वर्कलोड मैनेजमेंट को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। दोनों खिलाड़ी टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारत के लिए बड़ी भूमिका निभाएंगे और इसी वजह से उन्हें आराम दिया गया है।
बता दें कि, टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत सात फरवरी से भारत में होगी और टीम मैनेजमेंट चाहता है कि हार्दिक और बुमराह जैसे दो अहम खिलाड़ी पूरी तरह फिट रहें।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

