मेघालय के बल्लेबाज आकाश चौधरी ने रणजी ट्रॉफी ही नहीं बल्कि फर्स्ट क्लास क्रिकेट में इतिहास रच दिया है। उन्होंने फर्स्ट क्लास के इतिहास में सबसे तेज़ पचासा लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ खेले गए मुकाबले में इस युवा खिलाड़ी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाज़ी करते हुए मात्र 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया। हालांकि उनकी पारी की सबसे ख़ास बात यह थी कि उन्होंने 8 गेंदों में लगातार 8 छक्के मारे थे। तो चलिए जानते हैं कि कौन हैं आकाश चौधरी?
कौन हैं आकाश चौधरी?

आकाश चौधरी का जन्म मेघालय में 28 नवंबर 1999 को हुआ था। बचपन से ही उनका सपना क्रिकेट खेलने का था। काफी कठिन परिस्थितियों में होने के बाद भी उन्होंने कभी हार नहीं मानी। मेघालय जैसे राज्य में जहाँ क्रिकेट ज्यादा लोकप्रिय नहीं है, फिर भी वह मेहनत करते रहे और उनकी मेहनत रंग लाई और उनका चयन टी20 स्क्वाड में हुआ।
हालाँकि उनका डेब्यू कुछ ख़ास नहीं रहा था। गुजरात के खिलाफ अपने पहले मैच में गेंदबाज़ी से उन्होंने 3 ओवर में 31 रन देकर 1 विकेट लिया था, जबकि बल्लेबाज़ी में वह खाता भी नहीं खोल पाए थे। उसी साल उनको सिक्किम के खिलाफ लिस्ट ए और नागालैंड के खिलाफ फर्स्ट क्लास डेब्यू करने का मौका मिला था।
डेब्यू में नहीं कर पाए कुछ ख़ास
भले ही उनके डेब्यू मैच अच्छे न गए हों, लेकिन उसके बाद उन्होंने अपने प्रदर्शन में लगातार सुधार किया और टीम में जगह बनाने में सफल रहे। पिछली 10 पारियों में आकाश के बल्ले से 2 अर्धशतक निकले थे और वह एक बार भी 20 रन नहीं बना पाए थे। उनके ऊपर लगातार दबाव बढ़ रहा था। मेघालय की टीम इस मैच में अच्छी स्थिति में थी और 576 रनों पर 6 विकेट गिरे हुए थे।
लगातार 8 छक्के जड़ 11 गेंदों में पूरा किया अर्धशतक
उन्होंने इस पारी में ताबड़तोड़ बल्लेबाज़ी शुरू की और अरुणाचल प्रदेश के गेंदबाज़ लिमार डाबी के एक ओवर में लगातार 6 छक्के जड़ दिए और फिर अगली दो गेंदों पर भी दो छक्के लगाकर लगातार 8 छक्के लगाने वाले फर्स्ट क्लास में पहले बल्लेबाज़ बन गए। यही नहीं, रणजी ट्रॉफी में वह लगातार 6 छक्के लगाने वाले दूसरे खिलाड़ी भी बन गए हैं। उनसे पहले भारत के दिग्गज खिलाड़ी और पूर्व कोच रवि शास्त्री के नाम यह उपलब्धि थी। आकाश चौधरी ने उसके बाद गेंदबाज़ी से भी धार दिखाते हुए 2 विकेट चटकाए।
ऐसा है आकाश चौधरी का प्रदर्शन
आकाश ने फर्स्ट क्लास में 30 मैच खेले हैं, जिसमें 14.37 की औसत से 503 रन बनाए और 2 अर्धशतक लगाए हैं। गेंदबाज़ी में 29.97 की औसत से 87 विकेट लेने में सफल रहे हैं। लिस्ट ए में 28 मैचों में 15.61 की औसत से 203 रन और 29.24 की औसत से 34 विकेट तथा टी20 में उनके नाम 30 मैचों में 107 रन और 28 विकेट दर्ज हैं।
फर्स्ट क्लास में सबसे तेज अर्धशतक
11 गेंद: आकाश कुमार चौधरी, मेघालय बनाम अरुणाच प्रदेश (2025)
12 गेंद: वेन व्हाइट, लीसेस्टरशायर बनाम एसेक्स, लीसेस्टरशायर (2012)
13 गेंद: माइकल वैन वुरेन, पूर्वी प्रांत B बनाम ग्रिक्वालैंड वेस्ट (1984/85)
14 गेंद: नेड एकर्सली, लीसेस्टरशायर बनाम एसेक्स (2012)
15 गेंद: खालिद महमूद, गुजरांवाला बनाम सरगोधा, (2000/01)
15 गेंद: बंदीप सिंह, जम्मू और कश्मीर बनाम त्रिपुरा (2015/16)







