ऐडन मार्करम की विस्फोटक पारी ने साउथ अफ्रीका को जीत दिलाई और सुपर 8 का रास्ता लगभग तय कर दिया।
आईसीसी T20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप D मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हरा दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में 176 रन का लक्ष्य साउथ अफ्रीका ने 17.1 ओवरों में हासिल कर लिया और मैच को पूरी तरह अपने नाम कर लिया।
न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बनाए थे 175 रन
पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 175 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज फिन ऐलन ने तेज गति से 31 रन बनाए, लेकिन फिर टीम ने जल्दी ही 4 विकेट खो दिए। लेकिन बीच में मार्क चैपमैन ने 48 रनों की अहम पारी खेली। उनके अलावा, डेरिल मिशेल ने 32 रन जोड़े और अंत में जेम्स नीशम ने 23 रन की नाबाद पारी खेली जिससे टीम प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंच सकी।
हालांकि, साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में विकेट लेकर रन गति को रोक दिया। मार्को यांसिन ने 4 विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया और न्यूजीलैंड को 180 के पार जाने से रोक दिया।
मार्करम ने पॉपवरप्ले में ही तय कर दी दिशा
176 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका ने शुरुआत से आक्रामक अंदाज दिखाया। कप्तान ऐडन मार्करम ने सिर्फ 19 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और पॉवरप्ले के छह ओवरों में टीम 83 रन तक पहुंच गई। यह शुरुआत न्यूजीलैंड के लिए बड़ा झटका साबित हुई।
मार्करम ने 44 गेंदों पर 86 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 4 छक्के शामिल थे। क्विंटन डी कॉक ने 20 रन जोड़े, जबकि रयान रिकेल्टन और डेवाल्ड ब्रेविस ने भी तेज रन बनाए। अंत में डेविड मिलर ने 24 रन बनाकर टीम की जीत पक्की कर दी।
ग्रुप D की इस समय क्या है स्थिति
इस जीत के बाद साउथ अफ्रीका ने तीन मैचों में तीन जीत दर्ज कर ली हैं और उसके 6 अंक हो गए हैं। टीम का नेट रन रेट 1.477 है, जो काफी मजबूत है, जिसके चलते वह ग्रुप D में टॉप पर है। गणितीय रूप से भले ही बाहर होने की संभावना बची हो, लेकिन उसके लिए साउथ अफ्रीका को अपने बाकी दोनों मैच हारने होंगे और दूसरी टीमों को बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी।
साउथ अफ्रीका का आखिरी ग्रुप मैच यूएई के खिलाफ है और मौजूदा फॉर्म को देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि टीम ने लगभग सुपर 8 में अपनी जगह पक्की कर ली है। दूसरी ओर, न्यूजीलैंड के 3 मैचों में 2 जीत और 1 हार के साथ 4 अंक हैं और वह दूसरे स्थान पर है। यूएई के 2 अंक हैं, जबकि अफगानिस्तान और कनाडा अभी अंक तालिका में पीछे हैं।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







