INDW vs SAW Women’s World Cup 2025 Final Rain Rules: महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का फाइनल भारतीय महिला टीम और दक्षिण अफ्रीका महिला टीम के बीच (INDW vs SAW) नवी मुंबई के डी.वाई. पाटिल स्टेडियम में खेला जाना है। दोनों टीमें पहली बार इस बड़ी स्टेज पर आमने सामने हैं, ऐसे में फैंस इस ऐतिहासिक मुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। भारत अपने घरेलू मैदान पर पहला आईसीसी खिताब जीतने के इरादे से उतरेगा, जबकि दक्षिण अफ्रीका भी अपनी पहली ट्रॉफी उठाने के विश्वास के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रहा है।
लेकिन इस रोमांचक मैच पर मौसम का साया गहराता दिख रहा है। फैंस को सबसे बड़ा सवाल यही परेशान कर रहा है कि यदि बारिश खेल में बाधा बनती है या मैच रद्द हो जाता है, तो ट्रॉफी का मालिक कौन बनेगा। इसी को स्पष्ट करने के लिए आईसीसी के नियम समझना बहुत जरूरी है ताकि फाइनल के परिणाम को लेकर किसी तरह की उलझन न रहे।
फाइनल से पहले नवी मुंबई में कैसा है मौसम का हाल?
नवी मुंबई में इस समय मौसम काफी उमस भरा है और बारिश की हल्की संभावना भी बनी हुई है। तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास है और हवा की गति लगभग 18 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई है। नमी करीब 74 प्रतिशत है जो मौसम को और भी भारी बना रही है। मौसम विभाग के अनुसार लगभग 30 प्रतिशत संभावना है कि फाइनल के दौरान हल्की बारिश रुकावट पैदा कर सकती है। यही कारण है कि दर्शकों, खिलाड़ियों और आयोजकों की निगाहें आसमान की ओर टिकी होंगी, क्योंकि यह मैच करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों की भावनाओं से जुड़ा है।
महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 20245 फाइनल के लिए रिजर्व डे की व्यवस्था
आईसीसी ने फाइनल के लिए रिजर्व डे की व्यवस्था की है ताकि मैच बिना परिणाम के समाप्त न हो। मुख्य प्रयास यह रहेगा कि मुकाबला निर्धारित दिन पर ही पूरा हो जाए। इसके लिए ओवरों की संख्या कम करने का विकल्प भी इस्तेमाल किया जा सकता है। यानी यदि परिस्थितियाँ खराब रहती हैं तो पूरा 50 ओवर का मैच कराने की जगह ओवर घटाकर भी परिणाम निकालने की कोशिश की जाएगी।
अगर तय दिन मैच पूरा नहीं हो पाता है तो मुकाबला रिजर्व डे पर खेला जाएगा। यह व्यवस्था इसलिए रखी जाती है ताकि इतने अहम मैच में विजेता तय हो सके और टूर्नामेंट बिना नतीजे के समाप्त न हो।
ओवर कम होने की स्थिति में मैच कैसे आगे बढ़ेगा?
कई बार ऐसा होता है कि मैच शुरू तो हो जाता है लेकिन बारिश आने पर खेल रुक जाता है। मान लीजिए फाइनल 50 ओवर प्रति पारी के हिसाब से शुरू हुआ और 19 ओवर के बाद बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा। बाद में स्थिति सुधारने पर ओवर कम करके खेल को प्रति साइड 46 ओवर कर दिया गया। लेकिन यदि उसी दिन फिर से मैच आगे नहीं बढ़ पाता है तो रिजर्व डे पर मुकाबला फिर से नए सिरे से 50 ओवर प्रति साइड के फॉर्मेट में शुरू होगा।
अब दूसरी स्थिति समझिए। अगर कम किए गए ओवर वाले नियम लागू हो चुके थे और खेल दोबारा शुरू भी हो गया था लेकिन बारिश फिर से लौट आई और मैच स्थगित हो गया तो रिजर्व डे पर मुकाबला वहीं से शुरू होगा जहां खेल रुका था। यानी यह इस बात पर निर्भर करेगा कि ओवर कम करने वाला चरण लागू हुआ था या नहीं। यदि वह चरण शुरू हो चुका है तो मैच नया नहीं माना जाएगा, बल्कि उसी स्कोर से आगे बढ़ेगा।
अगर महिला वर्ल्ड कप 2025 फाइनल मैच बारिश से मैच धुला तो कौन होगा चैंपियन?
फैंस को सबसे बड़ा सवाल यही परेशान करता है कि अगर लगातार बारिश के चलते दोनों दिन खेल संभव ही न हो पाया तो क्या होगा। इस स्थिति में नियम बिल्कुल स्पष्ट हैं। यदि निर्धारित दिन और रिजर्व डे दोनों दिन मुकाबला बिना किसी नतीजे के समाप्त होता है तो ट्रॉफी भारत और दक्षिण अफ्रीका को साझा रूप से दी जाएगी। यानी दोनों टीमें संयुक्त विजेता घोषित की जाएंगी।
इस नियम का मकसद यह है कि किसी टीम को मौसम की वजह से अकेले विजेता घोषित न किया जाए। वर्ल्ड कप फाइनल जैसे मैच में निष्पक्षता सबसे अहम है और आईसीसी की यही कोशिश रहती है कि परिणाम मैदान पर खेले गए खेल के आधार पर निकले, न कि मौसम के चलते किसी एक टीम को फायदा मिले।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

