वीमेंस वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की जीत के बाद वीमेंस क्रिकेट पर सभी की नजरें हो गई हैं। अब फैंस वीमेंस प्रीमियर लीग के ऑक्शन के लिए भी काफी एक्साइटेड नजर आ रहे हैं। इस बार के ऑक्शन में कई बड़ी प्लेयर्स बिडिंग वॉर में दिखेंगी। इस बार की नीलामी में 277 खिलाड़ी मौजूद हैं जिन पर बोली लगती हुई दिखाई देगी। तो चलिए जानते हैं कि वीमेंस प्रीमियर लीग का ऑक्शन कब होना है और आप इसे कहां पर लाइव देख सकते हैं।
वीमेंस प्रीमियर लीग 2026 ऑक्शन कहाँ होगा?

वीमेंस प्रीमियर लीग के ऑक्शन में अब लगभग 10 दिन बचे हैं। इसके लिए सभी फ्रैंचाइज़ी तैयारी में लगी हुई हैं। जिसके चलते उन्होंने पहले ही रिटेन खिलाड़ियों की लिस्ट जारी कर दी है। यह पहला मौका है जब इस लीग में मेगा ऑक्शन हो रहा होगा। इसे आईपीएल की तर्ज पर ही कराया जा रहा है कि हर तीसरे सीजन के बाद मेगा ऑक्शन होगा। इस बार यह ऑक्शन नई दिल्ली में 27 नवम्बर को होगा।
वीमेंस प्रीमियर लीग 2026 ऑक्शन में कितने खिलाड़ियों की लग सकती हैं बोली?
वीमेंस प्रीमियर लीग के ऑक्शन में 277 खिलाड़ियों ने रजिस्टर किया है। सभी फ्रैंचाइज़ी अपनी टीम में 18 खिलाड़ियों को शामिल कर सकती हैं। इस ऑक्शन में मौजूद खिलाड़ियों में से 73 खिलाड़ियों को खरीदा जा सकता है। यही नहीं, 23 ओवरसीज़ प्लेयर्स को भी ऑक्शन में लिया जा सकता है। सभी फ्रैंचाइज़ी ने इस मेगा ऑक्शन के पहले कुल 17 खिलाड़ियों को रिटेन किया है, जिनमें से 7 विदेशी हैं। सभी टीमें कुल मिलाकर 41.1 करोड़ रुपये की बोली के साथ नीलामी में उतरेंगी।
वीमेंस प्रीमियर लीग 2026 ऑक्शन में टीमों का पर्स कितना हैं?
मेगा ऑक्शन से पहले यूपी वॉरियर्स के पास सबसे ज्यादा पर्स है। उन्होंने केवल अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी श्वेता सेहरावत को 50 लाख में रिटेन किया है। उनके पास अब लगभग 40 करोड़ के करीब पर्स बाकी है। यही नहीं, उनके पास 4 राइट-टू-मैच (RTM) कार्ड भी मौजूद हैं।
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस और तीन बार की उपविजेता दिल्ली कैपिटल्स ने अपने 5 मार्की प्लेयर्स का पूरा कोटा रिटेन किया है और उनके पास कोई भी राइट-टू-मैच कार्ड नहीं बचा है। दिल्ली कैपिटल्स ने स्टार बल्लेबाज़ शैफाली वर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स को रिटेन किया है, जिन्होंने इस महीने भारत की ऐतिहासिक वीमेंस वर्ल्ड कप जीत में अहम भूमिका निभाई थी।
कहां पर खेले जाएंगे वीमेंस प्रीमियर लीग के मुकाबले
मीडिया खबर के अनुसार, महिला प्रीमियर लीग के चौथे सीज़न में भी पिछले सालों की तरह ही अलग-अलग फेज़ में अलग-अलग ग्राउंड पर मैच कराए जाएंगे। नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम और वडोदरा के कोटंबी स्टेडियम को मैचों की मेज़बानी के लिए चुना गया है। 26 नवंबर को दिल्ली में होने वाली WPL गवर्निंग काउंसिल की बैठक में आधिकारिक ऐलान कर दिया जाएगा।
वीमेंस प्रीमियर लीग के नवी मुंबई में शुरू होने की उम्मीद है। आखिरी फेज़ वडोदरा में आयोजित किया जा सकता है, क्योंकि कोटंबी स्टेडियम में 11 जनवरी को भारत बनाम न्यूज़ीलैंड वनडे मैच खेला जाना है और टीम इंडिया 6 से 12 जनवरी तक शहर में रहेगी। इसलिए, WPL सीज़न 4 का उद्घाटन मैच डीवाई पाटिल स्टेडियम में होने की संभावना है, जबकि फाइनल वडोदरा में होने की उम्मीद है। यह टूर्नामेंट 7 जनवरी से 3 फरवरी 2026 तक चलेगा, ताकि अगले साल भारत में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप से तारीखें क्लैश न कर जाएं।
कहां देख सकते हैं लाइव स्ट्रीमिंग?
वीमेंस प्रीमियर लीग का ऑक्शन 27 नवंबर को नई दिल्ली में होना है। इस ऑक्शन को आप टीवी में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। वहीं, अगर आप इसे ऑनलाइन देखना चाहते हैं तो आप इसे जियोहॉटस्टार पर देख सकते हैं। हालांकि इसके लिए आपको सब्सक्रिप्शन लेने की जरूरत होगी।

