WPL इतिहास में 40 मैचों के बाद पहली बार टॉस जीतने वाली टीम ने पहले गेंदबाजी नहीं बल्कि बल्लेबाजी चुनी।
वीमेंस प्रीमियर लीग 2026 (WPL 2026) के 19वें मुकाबले में गुजरात जायंट्स वीमेन (GG-W) और मुंबई इंडियंस वीमेन (WI-W) आमने-सामने हैं। यह मुकाबला एलिमिनेटर में पहुंचने की रेस के लिहाज से बेहद अहम है। इस मैच को जीतने वाली टीम एलिमिनेटर के लिए क्वालीफाई करेगी।
इस मुकाबले में गुजरात जायंट्स वीमेन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। यह फैसला इसलिए खास है, क्योंकि WPL में लगातार 40 मैचों तक टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी ही चुन रही थी। 2024 के फाइनल के बाद यह पहली बार हुआ है जब किसी टीम ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग चुनी।
बता दें कि, मुंबई इंडियंस वीमेन का रिकॉर्ड गुजरात जायंट्स वीमेन के खिलाफ अब तक पूरी तरह एकतरफा रहा है। मुंबई ने दोनों टीमों के बीच खेले गए सभी 8 मुकाबले जीते हैं। इसके बावजूद यह मुकाबला नॉकआउट जैसा माना जा रहा है और गुजरात की टीम इस रिकॉर्ड को तोड़ने के इरादे से उतरी है।
कप्तानों के बयान
मुंबई इंडियंस वीमेन की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि टीम गेंदबाजी करना चाहती थी और पावरप्ले में विकेट निकालना उनका मुख्य लक्ष्य रहेगा। उन्होंने साफ कहा कि हर मैच नया होता है और पुराने रिकॉर्ड से ज्यादा जरूरी है कि आज अच्छा क्रिकेट खेला जाए। मुंबई की टीम इस मैच में बिना बदलाव के उतरी है।
गुजरात जायंट्स वीमेन की कप्तान एश्ले गार्डनर ने कहा कि उनकी टीम बल्लेबाजी से मैच को सेट करना चाहती है। उन्होंने माना कि यह मुकाबला क्वार्टर फाइनल जैसा है और दोनों विभागों में अच्छा प्रदर्शन जरूरी होगा। उन्होंने कहा कि पिछली बार 190 रन बनाने के बाद भी टीम मैच नहीं जीत पाई थी, लेकिन उस मैच से कई पॉजिटिव चीजें मिली हैं। उनका मानना है कि आज का दिन उस रिकॉर्ड को बदलने का मौका है।
जॉर्जिया वेयरहैम का नजरिया
जॉर्जिया वेयरहैम ने कहा कि टीम को हर विभाग में सुधार की जरूरत है। उन्होंने बताया कि पावरप्ले में बल्लेबाजी अच्छी रही है, लेकिन अंत के ओवरों में टीम सही फिनिश नहीं कर पाई है। गेंदबाजी में भी डेथ ओवर्स में कुछ मौके हाथ से निकले हैं। उन्होंने कहा कि स्टंप्स पर ज्यादा गेंदबाजी करना इस पिच पर सबसे कारगर तरीका रहा है क्योंकि यहां बाउंस कम और लो है।
कोटांबी स्टेडियम की पिच रिपोर्ट और हालात
यह मैच पिच नंबर 4 पर खेला जा रहा है और यह इस सतह पर चौथी बार उपयोग हो रहा है। समय के साथ यह पिच बेहतर होती गई है। कल इसे पानी दिया गया था और अब यह अच्छी तरह से सेट नजर आ रही है।
यहां की मिट्टी काली है, जो पानी को ज्यादा देर तक रोकती है। इसी वजह से बाउंस थोड़ा कम और विकेट धीमा रहता है। बल्लेबाजों के लिए सीधे शॉट खेलना ज्यादा फायदेमंद माना जा रहा है। कट और पुल जैसे शॉट जोखिम भरे हो सकते हैं। गेंदबाजों को सलाह दी गई है कि ज्यादा चौड़ाई न दें और स्टंप्स पर अटैक करें। इस मैदान पर 174 और 178 जैसे स्कोर डिफेंड किए जा चुके हैं और आज भी इसी रेंज को जीत का स्कोर माना जा रहा है।
दोनों टीमों की प्लेइंग XI
मुंबई इंडियंस वीमेन (MI-W): हेले मैथ्यूज, सजीवन साजना, नैट सिवर-ब्रंट, हरमनप्रीत कौर, अमनजोत कौर, अमेलिया केर, राहिला फिरदौस, संस्कृति गुप्ता, वैष्णवी शर्मा, शबनिम इस्माइल, पूनम खेमनार
गुजरात जायंट्स वीमेन (GG-W): बेथ मूनी, सोफी डिवाइन, अनुष्का शर्मा, एश्ले गार्डनर, जॉर्जिया वेयरहैम, भारती फुलमाली, कनिका आहूजा, काश्वी गौतम, तनुजा कंवर, रेणुका सिंह ठाकुर, राजेश्वरी गायकवाड़
मैच से उम्मीदें
गुजरात जायंट्स वीमेन ने टॉस जीतकर बड़ा और साहसी फैसला लिया है। अब यह देखना होगा कि उनकी बल्लेबाजी इस पिच पर कितना मजबूत स्कोर खड़ा कर पाती है। वहीं मुंबई इंडियंस वीमेन अपने शानदार रिकॉर्ड को बनाए रखने के इरादे से गेंद के साथ मजबूत शुरुआत करना चाहेगी।
WPL 2026 से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

