गुजरात जायंट्स वीमेन ने WPL इतिहास में पहली बार मुंबई इंडियंस वीमेन को हराकर WPL 2026 के एलिमिनेटर में जगह पक्की की।
वीमेंस प्रीमियर लीग 2026 (WPL 2026) के 19वें मुकाबले में गुजरात जायंट्स वीमेन (GG-W) ने मुंबई इंडियंस वीमेन (MI-W) को 11 रनों से हरा दिया। यह मुकाबला वडोदरा के कोटाम्बी स्टेडियम में खेला गया और इस जीत के साथ गुजरात ने WPL इतिहास में पहली बार मुंबई को मात दी। इससे पहले खेले गए लगातार 8 मुकाबलों में गुजरात को हार का सामना करना पड़ा था।
इस मैच की अहमियत और भी ज्यादा इसलिए भी थी, क्योंकि जीतने वाली टीम को एलिमिनेटर में जगह मिलनी थी। दबाव वाले इस मुकाबले में गुजरात जायंट्स ने हर विभाग में संयम दिखाया और अंत तक मैच पर पकड़ बनाए रखी।
गुजरात जायंट्स की शुरूआत रही धीमी, लेकिन अंत रही शानदार
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात जायंट्स वीमेन ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 167 रन बनाए। हालांकि, उनकी शुरुआत थोड़ी धीमी रही और बेथ मूनी जल्दी आउट हो गईं। इसके बाद सोफी डिवाइन और अनुष्का शर्मा ने पारी को संभाला और स्कोर को आगे बढ़ाया।
बीच में अनुष्का शर्मा ने 31 गेंदों पर 33 रन बनाए और टीम को स्थिरता दी। सोफी डिवाइन 25 रन बनाकर आउट हुईं, लेकिन इसके बाद कप्तान एश्ले गार्डनर और जॉर्जिया वेयरहैम ने पारी की दिशा बदल दी।
एश्ले गार्डनर ने 28 गेंदों पर 46 रन बनाए और तेज रन गति बनाए रखी। जॉर्जिया वेयरहैम ने आखिरी ओवरों में शानदार बल्लेबाजी की और 26 गेंदों पर नाबाद 44 रन बनाए। इन दोनों की साझेदारी के दम पर गुजरात ने आखिरी पांच ओवरों में तेजी से रन जोड़े और 167 के मजबूत स्कोर तक पहुंची।
मुंबई की लड़खड़ाती शुरुआत
168 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस वीमेन की शुरुआत बेहद खराब रही। हेली मैथ्यूज, नैट सिवर-ब्रंट और सजीवन सजना जल्दी आउट हो गईं। पॉवरप्ले के अंदर ही मुंबई ने अहम विकेट गंवा दिए और रन गति भी धीमी रही।
शुरुआती झटकों के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने एक छोर संभाल लिया और मैच को अंत तक ले जाने की कोशिश की। उन्होंने 48 गेंदों पर 82 रनों की नाबाद पारी खेली और बीच के ओवरों में थोड़ी उम्मीद बनाए रखी।
गुजरात के गेंदबाजों ने की कसी हुई गेंदबाजी
इस मैच में गुजरात जायंट्स वीमेन की गेंदबाजी काफी अनुशासित रही। सोफी डिवाइन ने दो अहम विकेट लिए और रन फ्लो को रोके रखा। जॉर्जिया वेयरहैम ने भी दो विकेट झटके और मिडिल ऑर्डर को दबाव में डाला।
राजेश्वरी गायकवाड़ और काश्वी गौतम ने सही समय पर विकेट निकालकर मुंबई की वापसी की हर कोशिश को नाकाम किया। आखिरी ओवरों में हरमनप्रीत के बावजूद जरूरी रन नहीं बन पाए।
गुजरात जायंट्स वीमेन ने दर्ज की ऐतिहासिक जीत
मुंबई इंडियंस वीमेन की टीम 20 ओवरों में 7 विकेट पर 156 रन ही बना सकी और गुजरात जायंट्स वीमेन ने 11 रनों से जीत हासिल की। यह जीत गुजरात के लिए ऐतिहासिक रही, क्योंकि WPL में यह पहली बार था जब इस टीम ने मुंबई को हराया। इस जीत के साथ गुजरात जायंट्स वीमेन ने WPL 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले के लिए क्वालीफाई कर लिया।
WPL 2026 से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

