WPL 2026 के पहले मुकाबले में मुंबई इंडियंस की पारी लड़खड़ाने के बाद सजना सजीवन ने 25 गेंदों पर तेज गति से 45 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
वीमेंस प्रीमियर लीग 2026 (WPL 2026) का पहला मुकाबला नवी मुंबई के डी वाई पाटिल स्टेडियम में खेला जा रहा है, जहां Mumbai Indians Women (MIW) और Royal Challengers Bengaluru Women (RCBW) आमने सामने हैं। इस मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और मुंबई को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही और शुरुआती ओवरों में टीम पर दबाव साफ दिखा। हालांकि, बीच और अंतिम ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी देखने को मिली, जिसकी बदौलत मुंबई इंडियंस 20 ओवर में 6 विकेट पर 154 रन बनाने में सफल रही।
मुंबई इंडियंस की शुरुआत रही खराब
मुंबई इंडियंस को पहला झटका 21 रन के स्कोर पर लगा, जब अमेलिया केर केवल 4 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद नैट सिवर-ब्रंट भी सिर्फ 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। पॉवरप्ले के छह ओवरों में टीम केवल 34 रन ही बना सकी और एक विकेट गंवा चुकी थी, जिससे रन गति पर असर पड़ा।
इसके बाद जी कमलिनी ने कुछ आकर्षक शॉट लगाए और 32 रन की पारी खेली, लेकिन वह भी बड़ा स्कोर नहीं बना सकीं। कप्तान हरमनप्रीत कौर से बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन वह 20 रन बनाकर आउट हो गईं और मुंबई का स्कोर 67 पर 4 विकेट हो गया।
सजना सजीवन और निकोला केरी ने संभाली पारी
मुश्किल हालात में सजना सजीवन और निकोला केरी ने जिम्मेदारी संभाली। दोनों ने मिलकर पारी को आगे बढ़ाया और रन गति को बेहतर किया। निकोला केरी ने 29 गेंदों पर 40 रन बनाए और टीम को स्थिरता दी।
इसके बाद सजना सजीवन ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और सिर्फ 25 गेंदों पर 45 रनों ठोक दिए। उनकी पारी में 7 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। सजना की इस तेज पारी ने मुंबई इंडियंस को 150 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
अंतिम ओवरों में रन गति में तेजी
आखिरी पांच ओवरों में मुंबई इंडियंस ने 54 रन बनाए और रन रेट 10 से ऊपर रहा। इस दौरान सजना सजीवन का विकेट जरूर गिरा, लेकिन तब तक वह अपना काम कर चुकी थीं। अंतिम ओवरों में अमनजोत कौर और पूनम खेमनार नाबाद रहीं और टीम को 154 के स्कोर तक ले गईं।
RCBW की गेंदबाजी में डी क्लर्क और लॉरेन बेल रहीं शानदार
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से नादिन डी क्लर्क सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने 4 ओवर में 26 रन देकर 4 विकेट झटके और मुंबई की पारी को बीच में रोकने का काम किया। लॉरेन बेल ने भी किफायती गेंदबाजी करते हुए 1 विकेट लिया और केवल 14 रन खर्च किए। उन्होंने पहला ओवर मेडन भी फेंका, जबकि अपने दूसरे ओवर में मात्र 1 रन खर्च किए, जिससे मुंबई बड़ी शुरुआत करने में कामयाब नहीं हो सकी।
154 रन का स्कोर इस मैदान पर चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन ओस को देखते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए लक्ष्य हासिल करना आसान भी हो सकता है। अब सबकी नजरें RCBW की बल्लेबाजी पर होंगी और यह देखना दिलचस्प रहेगा कि मुंबई की गेंदबाज इस स्कोर को कैसे डिफेंड करती हैं।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

