WPL 2026 के अहम मुकाबले में RCB Women ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है।
वीमेंस प्रीमियर लीग 2026 (WPL 2026) का 18वां मुकाबला Royal Challengers Bengaluru Women (RCB-W) और UP Warriorz Women (UPW) के बीच वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में RCB Women ने टॉस जीता और बिना ज्यादा सोच के पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
यह WPL का लगातार 40वां मैच है, जिसमें टॉस जीतने वाली टीम ने पहले फील्डिंग चुनी। इससे पहले आखिरी बार 2024 के फाइनल में दिल्ली ने बल्लेबाजी चुनी थी। इस ट्रेंड ने एक बार फिर दिखा दिया कि कप्तान पिच और ओस को ध्यान में रखकर फैसले ले रहे हैं।
कप्तानों के बयान
मेग लैनिंग ने कहा कि उनकी टीम को हर मैच जीतना जरूरी है और दबाव जैसा कुछ नहीं है। ब्रेक के दौरान टीम ने अपनी कमजोरियों पर काम किया और तरोताजा होकर मैदान में उतरी है। उन्होंने बताया कि टीम में दो बदलाव किए गए हैं और उनके लिए एक नया ओपनिंग पार्टनर भी है।
स्मृति मंधाना ने टॉस के बाद कहा कि विकेट बल्लेबाजी के लिए अच्छा है, लेकिन शुरुआत में गेंदबाजों को मदद मिल सकती है। उन्होंने टीम से भावनाओं से नहीं बल्कि रणनीति से खेलने की बात कही। उन्होंने यह भी बताया कि पूजा वस्त्राकर की टीम में वापसी हुई है और उनकी गेंदबाजी पर धीरे धीरे काम किया जाएगा।
RCB-W vs UPW: दोनों टीमों की Playing XI
UP Warriorz Women Playing XI: मेग लैनिंग, सिमरन शेख, एमी जोन्स, हरलीन देओल, क्लोई ट्रायन, दीप्ति शर्मा, श्वेता सहरावत, सोफी एक्लेस्टोन, आशा शोभना जॉय, शिखा पांडे, क्रांति गौड़
Royal Challengers Bengaluru Women Playing XI: ग्रेेस हैरिस, स्मृति मंधाना, जॉर्जिया वोल, राधा यादव, ऋचा घोष, नादिन डी क्लर्क, पूजा वस्त्राकर, अरुंधति रेड्डी, सयाली सतघरे, श्रेयंका पाटिल, लॉरेन बेल
कोटांबी स्टेडियम की पिच और हालात का हाल
मैच पिच नंबर 7 पर खेला जा रहा है। यह वही पिच है जिसे RCB Women अच्छी तरह जानती हैं, हालांकि यहां उन्हें अभी तक जीत नहीं मिली है। इसी पिच पर दिल्ली के खिलाफ RCB की टीम सिर्फ 100 के आसपास सिमटी थी, जबकि मुंबई ने इसी मैदान पर लगभग 200 रन बना दिए थे।
पिच सख्त है और दरारों में हल्की घास भी नजर आती है। शुरुआत में नमी ज्यादा है, इसी वजह से सुपर सॉपर का इस्तेमाल किया गया। तेज गेंदबाजों के लिए स्लोअर बॉल और बैक ऑफ लेंथ गेंदें काफी कारगर रही हैं। अगर गेंद ज्यादा फुल होगी तो विकेट मिलने के चांस बढ़ जाते हैं, जबकि छोटी गेंद पर बल्लेबाजों को शॉट खेलने का पूरा समय मिलता है।
मैच से क्या उम्मीद करें?
पिच को देखते हुए पहले कुछ ओवर गेंदबाजों के लिए अहम होंगे। अगर UP Warriorz की ओपनिंग जोड़ी टिक गई तो बड़ा स्कोर बन सकता है। वहीं RCB Women की नजरें शुरुआती विकेट पर होंगी, ताकि मैच पर पकड़ बनाई जा सके।
WPL 2026 से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

