गौतमी नाइक की शानदार अर्धशतकीय पारी और गेंदबाजों को सधी हुई गेंदबाजी के दम पर RCB Women ने WPL 2026 में प्लेऑफ का टिकट पक्का कर लिया।
वीमेंस प्रीमियर लीग 2026 (WPL 2026) का 12वां मुकाबला वड़ोदरा के कोटांबी स्टेडियम में खेला गया, जहां Royal Challengers Bengaluru Women (RCBW) ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए Gujarat Giants Women (GGW) को 61 रंक से मात दी। इस जीत के साथ RCB Women ने लगातार पांचवां मैच जीतते हुए प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली।
इस मैच में गुजरात जायंट्स वीमेन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी, लेकिन यह फैसला उनके लिए सही साबित नहीं हुआ। RCB Women ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 178 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया और बड़ी जीत दर्ज की। वह अब WPL इतिहास में लगातार छह जीत दर्ज करने वाली पहली टीम भी बन चुकी है। स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली टीम ने पिछले सीजन अपने अंतिम मुकाबले में जीत हासिल की थी और इस सीजन लगातार पांच मुकाबले जीतकर यह उपलब्धि हासिल की।
RCB Women की पारी में रहा गौतमी नाइक का दबदबा
RCB Women की शुरुआत तेज नहीं रही और शुरुआती ओवरों में विकेट गिरे। इसके बाद गौतमी नाइक ने पारी को संभाला और शानदार बल्लेबाजी करते हुए 55 गेंदों पर 73 रन बनाए। उनकी इस पारी में सात चौके और एक छक्का शामिल रहा। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने भी 27 रन बनाकर अंत में तेजी दी, जबकि राधा यादव और श्रेयंका पाटिल ने आखिरी ओवरों में उपयोगी रन जोड़े।
गुजरात जायंट्स की ओर से एश्ले गार्डनर और काश्वी गौतम को दो-दो विकेट मिले, लेकिन वे रन गति पर पूरी तरह से लगाम नहीं लगा सकीं।
गुजरात जायंट्स वीमेन की पारी में शुरुआत से ही रहा दबाव
179 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात जायंट्स वीमेन की शुरुआत बेहद खराब रही। पॉवरप्ले के भीतर टीम ने तीन अहम विकेट गंवा दिए। हालांकि, एक छोर से एश्ले गार्डनर ने संघर्ष किया और 43 गेंदों पर 54 रन की पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई खास सहयोग नहीं मिला।
RCB Women की गेंदबाजी ने पूरे मैच में दबदबा बनाए रखा। सयाली सतघरे ने शानदार लाइन और लेंथ के साथ चार ओवरों में तीन विकेट झटके। नादिन डी क्लर्क ने भी किफायती गेंदबाजी करते हुए दो विकेट लिए। नतीजतन गुजरात जायंट्स की टीम 20 ओवरों में सिर्फ 117 रन ही बना सकी।
गौतमी नाइक 55 गेंदों पर 73 रनों की पारी खेलकर बनीं प्लेयर ऑफ द मैच
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु वीमेन टीम की युवा बल्लेबाज गौतमी नाइक ने इस मैच में 54 गेंदों पर 7 चौकों और एक छक्के के साथ 73 रनों की अहम पारी खेली, जिसके लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने मुश्किल समय में टीम को संभालते हुए बड़े स्कोर की नींव रखी।
अंक तालिका पर असर
इस जीत के साथ RCB Women टीम 10 अंकों और 1.882 के नेट रन रेट के साथ अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई है। वहीं गुजरात जायंट्स वीमेन की यह लगातार तीसरी हार रही और टीम पांच मैचों में दो जीत और तीन हार के साथ चौथे स्थान पर खिसक गई है। उनके खाते में फिलहाल चार अंक हैं और नेट रन रेट -0.864 है।
गुजरात जायंट्स वीमेन अपना अगला मुकाबला 22 जनवरी को यूपी वॉरियर्स के खिलाफ खेलेगी। वहीं, RCB Women 23 जनवरी को दिल्ली कैपिटल्स वीमेन टीम से इसी मैदान, कोटांबी स्टेडियम वड़ोदरा में भिड़ेगी।
WPL 2026 से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

