DC Women दुनिया भर में होने वाली फ्रेंचाइजी टी20 क्रिकेट इतिहास में लगातार चार फाइनल हारने वाली पहली टीम बन गई है।
वीमेंस प्रीमियर लीग 2026 (WPL 2026) का फाइनल मुकाबला वही लेकर आया, जिसकी उम्मीद थी। बड़े रन, बड़े खिलाड़ी और आखिरी ओवर तक मैच खिंचा; अंत में एक टीम ने जश्न मनाया, तो दूसरी का फिर से दिल टूटा। वडोदरा में खेले गए इस फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु वीमेन (RCBW) ने दिल्ली कैपिटल्स वीमेन (DCW) को 6 विकेट से हराकर दूसरी बार WPL का खिताब अपने नाम किया।
इस मुकाबले में दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 203/4 का रिकॉर्ड स्कोर बनाया, लेकिन रन चेज में स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वोल की ऐतिहासिक साझेदारी ने फाइनल की कहानी पलट दी और WPL इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज पूरा हुआ।
दिल्ली की बल्लेबाजी रही शानदार, फाइनल में पहली बार बना 200 से ज्यादा रन
इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स वीमेन ने 20 ओवरों में 4 विकेट पर 203 रन बनाए। यह WPL फाइनल इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर रहा और पहली बार किसी फाइनल में 200 रन का आंकड़ा पार हुआ।
शुरुआत में शेफाली वर्मा ने तेजी दिखाई और 13 गेंदों पर 20 रन बनाए, जबकि लिजेल ली ने 30 गेंदों पर 37 रन की उपयोगी पारी खेली। पॉवरप्ले में दिल्ली ने 53 रन बनाए और स्कोर मजबूत आधार पर पहुंच गया।
जेमिमाह रोड्रिग्स की कप्तानी पारी
मिडिल ऑर्डर में कप्तान जेमिमाह रोड्रिग्स ने फाइनल के दबाव को पूरी तरह संभाला। उन्होंने 37 गेंदों पर 57 रन बनाए, जिसमें 8 चौके शामिल थे। यह पारी खास इसलिए भी रही, क्योंकि यह WPL प्लेऑफ इतिहास का दूसरा सबसे तेज अर्धशतक था, जो सिर्फ 32 गेंदों में आया।
जेमिमाह और लौरा वुल्वार्ट की साझेदारी ने दिल्ली को बड़े स्कोर की ओर धकेला। पूरे WPL 2026 सीजन में इस जोड़ी ने 8 पारियों में 354 रन जोड़े हैं, जो दिल्ली की बल्लेबाजी की रीढ़ साबित हुई।
आखिरी ओवरों में सिनेल हेनरी का अटैक
डेथ ओवर्स में चिनेल हेनरी ने RCB की गेंदबाजी पर करारा प्रहार किया। उन्होंने सिर्फ 15 गेंदों पर नाबाद 35 रन बनाए और रन गति को अचानक ऊपर पहुंचा दिया। उनकी पारी की बदौलत दिल्ली 200 के पार पहुंची और फाइनल में दबाव पूरी तरह RCB पर चला गया।
रन चेज में RCB को लगा शुरुआती झटका, फिर आया वोल और मंधाना का तूफान
204 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी RCB को पहले ही ओवर में झटका लगा, जब ग्रेस हैरिस जल्दी आउट हो गईं। इसके बाद मैदान पर जो हुआ, वह WPL इतिहास की सबसे यादगार बल्लेबाजी प्रदर्शन में शामिल हो गया।
स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वोल ने दूसरे विकेट के लिए 165 रन की साझेदारी की, जो WPL इतिहास की किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी बन गई।
स्मृति मंधाना ने खेली 87 रनों की ताबड़तोड़ पारी
RCB की कप्तान स्मृति मंधाना ने फाइनल को अपनी पारी से यादगार बना दिया। उन्होंने 41 गेंदों पर 87 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और 3 छक्के शामिल थे। यह WPL फाइनल इतिहास का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी बना।
इस पारी के साथ स्मृति मंधाना WPL में 1000 से ज्यादा रन बनाने वाली पांचवीं खिलाड़ी भी बन गईं। दिल्ली के गेंदबाजों ने उन्हें रोकने की हर कोशिश की, लेकिन स्मृति पूरी तरह नियंत्रण में नजर आईं।
जॉर्जिया वोल का शांत लेकिन असरदार योगदान
स्मृति के साथ जॉर्जिया वोल ने 54 गेंदों पर 79 रन बनाए। उनकी पारी में 14 चौके शामिल थे और उन्होंने स्ट्राइक रोटेट करते हुए स्मृति को खुलकर खेलने का मौका दिया। जब वोल आउट हुईं, तब भी RCB जीत के बेहद करीब थी।
आखिरी ओवरों का ड्रामा और दिल्ली की चूक
मैच के आखिरी ओवरों में दिल्ली को मौके मिले। 19वें ओवर में सिनेल हेनरी ने स्मृति मंधाना को बोल्ड कर मैच में नया मोड़ ला दिया। इसके बाद इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर मिन्नू मणि से राधा यादव का अहम कैच छूटा, जिसने दिल्ली की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया। यही वह पल था, जहां से मैच लगभग पूरी तरह RCB के पक्ष में चला गया।
राधा यादव ने लगाया विजयी शॉट, RCB ने मनाया जश्न
RCB को आखिरी ओवर में 10 रन चाहिए थे। पहली दो गेंदों पर सिंगल आए, फिर तीसरी और चौथी गेंद पर राधा यादव ने लगातार दो चौकों लगाकर मुकाबला खत्म कर दिया। चौथी गेंद पर जैसे ही राधा के बल्ले से गेंद सीमा रेखा पार गई, RCB कैंप खुशी से मैदान पर दौड़ पड़ा।
हालांकि, जब राधा ने विजयी चौका लगाया, तो उसी समय स्टम्प की बेल नीचे गिर गई थी, जिसके बाद थोड़ी देर तक हिट विकेट को लेकर भ्रम रहा, लेकिन लिजेल ली की गलती से वह बेल गिरी थी और अंत में अंपायर के फैसले के बाद साफ हो गया कि RCB दूसरी बार WPL चैंपियन बन चुकी है।
फिर टूटा दिल्ली कैपिटल्स का सपना
दिल्ली कैपिटल्स वीमेन के लिए यह चौथी बार रहा, जब टीम WPL फाइनल हार गई। चार सीजन, चार फाइनल और चार बार उन्हें हर्टब्रेक मिला। मैच हारने के बाद कप्तान जेमिमाह रोड्रिग्स सहित दिल्ली के खिलाड़ियों की मायूसी साफ दिखी।
एक फाइनल, जो याद रहेगा
WPL 2026 का यह फाइनल सिर्फ एक मैच नहीं था। यह रिकॉर्ड्स, दबाव, गलतियों और शानदार क्रिकेट का पूरा पैकेज था। RCB महिला टीम ने बड़े मंच पर धैर्य और आक्रामकता का सही संतुलन दिखाया, जबकि दिल्ली एक बार फिर ट्रॉफी से एक कदम दूर रह गई। रिकॉर्ड रन चेज के चलते यह फाइनल WPL इतिहास के सबसे रोमांचक और यादगार मुकाबलों में गिना जाएगा।
WPL 2026 से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

