WPL 2026 के छठे मैच में गुजरात जायंट्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस की जीत की उम्मीदें इन तीन अनुभवी खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर टिकी रहेंगी।
वीमेंस प्रीमियर लीग 2026 (WPL 2026) का छठा मुकाबला मुंबई इंडियंस और गुजरात जायंट्स के बीच (MIW vs GGW) डी वाई पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा। मुंबई इंडियंस ने टूर्नामेंट की शुरुआत एक करीबी हार के साथ की थी, लेकिन इसके बाद टीम ने शानदार वापसी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को हराया। उस मैच में मुंबई की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ने संतुलित प्रदर्शन किया, जिससे टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा हुआ नजर आ रहा है।
दिल्ली के खिलाफ मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने सिर्फ 145 रन पर विपक्षी टीम को समेट दिया। इस जीत में गेंदबाजों की भूमिका अहम रही, जबकि बल्लेबाजी में अनुभवी खिलाड़ियों ने जिम्मेदारी संभाली। अब गुजरात जायंट्स जैसी मजबूत टीम के खिलाफ मुंबई इंडियंस अपने इन फॉर्म में चल रहे खिलाड़ियों पर एक बार फिर भरोसा करेगी। यहाँ जानिए मुंबई इंडियंस के उन 3 खिलाड़ियों के बारे में, जिन पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी।
MIW vs GGW मुकाबले में मुंबई इंडियंस की इन टॉप 3 खिलाड़ियों पर रहेंगी सभी की नजरें
3. शबनिम इस्माइल (Shabnim Ismail)
शबनिम इस्माइल मुंबई इंडियंस की तेज गेंदबाजी अटैक की सबसे अहम कड़ी हैं। वह अपनी रफ्तार और सटीक लाइन लेंथ के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने अब तक अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 112 मैचों में 123 विकेट लिए हैं और उनकी इकॉनमी 5 के आसपास रही है।
WPL में भी शबनिम इस्माइल ने अपनी छाप छोड़ी है। उन्होंने अब तक 22 मैचों में 22 विकेट लिए हैं और उनकी इकॉनमी करीब 6 की रही है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पिछले मैच में उन्होंने चार ओवरों में सिर्फ 14 रन देकर एक विकेट लिया था, जिससे विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बना रहा। गुजरात जायंट्स की मजबूत बल्लेबाजी के खिलाफ उनकी भूमिका बेहद अहम साबित हो सकती है।
2. हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur)
हरमनप्रीत कौर मुंबई इंडियंस की कप्तान और टीम की सबसे बड़ी ताकत मानी जाती हैं। पिछले कुछ महीनों में उनका फॉर्म शानदार रहा है और वह लगातार रन भी बना रही हैं। उन्होंने अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 167 पारियों में 3784 रन बनाए हैं और इसके साथ 32 विकेट भी लिए हैं।
WPL की बात करें तो हरमनप्रीत कौर शुरुआत से ही मुंबई इंडियंस की रीढ़ रही हैं। उन्होंने 29 पारियों में 945 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट करीब 145 के आसपास रहा है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पिछले मैच में उन्होंने 42 गेंदों पर नाबाद 74 रन बनाए और प्लेयर ऑफ द मैच भी बनीं थीं। मौजूदा फॉर्म को देखते हुए गुजरात जायंट्स के लिए उन्हें रोकना आसान नहीं होगा।
1. नैट सिवर-ब्रंट (Nat Sciver-Brunt)
नैट सिवर-ब्रंट आधुनिक दौर की सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर्स में गिनी जाती हैं। पिछले कुछ सालों में उन्होंने कई बार अपनी टीम को मुश्किल हालात से बाहर निकाला है। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने 2960 रन बनाए हैं और 137 मैचों में 90 विकेट भी झटके हैं।
WPL में नैट सिवर-ब्रंट का रिकॉर्ड और भी प्रभावशाली रहा है। उन्होंने 31 पारियों में 1101 रन बनाए हैं और 35 विकेट भी लिए हैं। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हालिया मुकाबले में उन्होंने 46 गेंदों पर 70 रनों की अहम पारी खेली थी, जिससे मुंबई की पारी मजबूत हुई। गुजरात जायंट्स के खिलाफ भी उनसे इसी तरह के ऑलराउंड योगदान की उम्मीद होगी।
गुजरात जायंट्स के खिलाफ मुकाबले में मुंबई इंडियंस की रणनीति इन तीन खिलाड़ियों के इर्द-गिर्द घूमेगी। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी और बल्लेबाजी, नैट सिवर-ब्रंट का ऑलराउंड प्रदर्शन और शबनिम इस्माइल की तेज गेंदबाजी मुंबई को जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभा सकती है। ऐसे में यह मुकाबला फैंस के लिए एक और रोमांचक मैच साबित होने की पूरी उम्मीद है।
WPL 2026 से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

