टीम इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। दो मैचों की इस सीरीज में भारतीय टीम 1-0 से पीछे चल रही है और दूसरे मैच में हार की तरफ अग्रसर है। इस हार के साथ ही भारतीय टीम की वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की रैंकिंग में गिरावट देखने को मिलेगी। तो चलिए जानते हैं कि अगर टीम इंडिया दूसरे मैच में हार जाती है तो क्या वह अब भी फाइनल में पहुँच सकती है या फिर पत्ता कट सकता है।
टीम इंडिया को अभी और खेलनी हैं 3 सीरीज

टीम इंडिया वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इस साइकिल में 3 सीरीज खेल चुकी है और अभी 3 ही बाकी हैं। जिसमें दो बार उन्हें बाहर टेस्ट सीरीज खेलनी हैं और एक सीरीज घर में खेलनी है। भारतीय टीम को अब इस साइकिल में अगली सीरीज श्रीलंका के खिलाफ उनके घर में खेलनी है और उसके बाद अक्टूबर-नवंबर में न्यूज़ीलैंड का दौरा करना है।
2027 में ऑस्ट्रेलिया की टीम 5 मैचों के लिए भारत आएगी। टीम इंडिया के लिए अब सफर आसान नहीं है, क्योंकि इन सभी सीरीज को मिलाकर 9 मुकाबले बचे हुए हैं।
फाइनल में पहुँचने के लिए 8 मुकाबलों में दर्ज करनी पड़ेगी जीत
भारतीय टीम अब बचे हुए 9 मैचों में से 8 जीतती है तो उनका परसेंटेज 70 के पास पहुँच जाएगा और अगर 7 मुकाबले जीतने में सफल होती है तो वह 60 प्रतिशत के आसपास पहुँचेगा। हालाँकि इस परिस्थिति में टीम इंडिया को अन्य टीमों पर निर्भर रहना पड़ेगा कि उनके नतीजे उलटे आएँ ताकि भारतीय टीम को फायदा मिले। अभी तक वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में 3 फाइनल खेले गए हैं और उसमें अगर टॉप 2 टीमों का पॉइंट परसेंटेज देखें, तो वह 64-68 के बीच रहा है।
टीम इंडिया फिलहाल नंबर 4 पर मौजूद है
टीम इंडिया इस समय पॉइंट्स टेबल में नंबर 4 पर मौजूद है। उन्होंने अब तक 8 मैचों में 4 जीते हैं और 4 में हार का सामना करना पड़ा है, जिससे उनका पॉइंट परसेंटेज 54.170 है। वहीं अगर इस मुकाबले में टीम इंडिया हारती है तो वह पांचवें स्थान पर चली जाएगी और उनके परसेंटेज में भी गिरावट देखने को मिलेगी। पाकिस्तान की टीम को इस हार से फायदा होगा और वह नंबर 4 पर पहुँच जाएगी।
ऑस्ट्रेलियाई टीम है टॉप पर
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में ऑस्ट्रेलियाई टीम फिलहाल नंबर 1 पर मौजूद है। उन्होंने अब तक चार मुकाबले खेले हैं और सभी में जीत दर्ज करते हुए 100 परसेंट के साथ टॉप पर बनी हुई है। जबकि दूसरे नंबर पर साउथ अफ्रीका है, जिसने 3 में से 2 मुकाबले जीतकर 67 परसेंट हासिल किए हैं। जबकि श्रीलंका की टीम नंबर 3 पर है और उनके 67 प्रतिशत पॉइंट्स हैं।







