लियोनेल मेसी फुटबॉल इतिहास के सबसे महान खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। 875 गोल, 389 असिस्ट, 12 लीग, एक वर्ल्ड कप, दो कोपा अमेरिका खिताब और चार चैंपियंस लीग ट्रॉफी, ऐसी उपलब्धियों के करीब भी बहुत कम खिलाड़ी पहुंचे हैं। उनकी उपलब्धियां और लगातार 15 साल तक का दबदबा किसी भी फुटबॉलर के लिए लगभग असंभव है।
इसके बावजूद, समय-समय पर कई बार कोच और विशेषज्ञों ने कुछ खिलाड़ियों की तुलना लियोनेल मेसी से जरुर कर दी है, लेकिन उनके जैसे खिलाड़ी सदियों में एक बार पैदा होते हैं। अब, आइए जानते हैं उन सात खिलाड़ियों के बारे में, जिनकी तुलना मेसी से करना हैरान कर देने वाला फैसला था।
ये हैं वो 7 खिलाड़ी जिनकी तुलना लियोनेल मेसी से की गई
1. एश्ले यंग
2008 में एस्टन विला के लिए शानदार प्रदर्शन करने के बाद कोच मार्टिन ओ’नील ने एश्ले यंग की तुलना रोनाल्डो और मेसी से कर दी थी। यंग ने इंग्लैंड के लिए 39 मैच खेले, मैनचेस्टर यूनाइटेड के साथ प्रीमियर लीग जीती और इंटर मिलान के साथ सीरी-ए खिताब भी जीता। लेकिन मेसी के स्तर तक पहुंचना तो दूर, वह कभी बैलन डी’ओर की शॉर्टलिस्ट में भी शामिल नहीं हो पाए।
2. बोजन क्रकिक
बार्सिलोना की एकेडमी ‘ला मासिया’ से निकले बोजन को बचपन से ही ‘अगला मेसी’ कहा जाने लगा था। शुरुआती दौर में उन्होंने उम्मीदें भी जगाईं, लेकिन उनका करियर कभी उस ऊंचाई तक नहीं पहुंचा। खुद बोजन ने बाद में कहा कि हर खिलाड़ी को ‘नया मेसी’ बताना गलत है और इससे असली टैलेंट दब जाता है।
3. जेरार्ड डेलोफेउ
ला मासिया के एक और युवा स्टार जेरार्ड डेलोफेउ की भी मेसी से तुलना की गई थी, लेकिन उन्होंने खुद माना कि इन उम्मीदों ने उनके करियर पर दबाव डाला। बाद में वह एवर्टन और वॉटफोर्ड जैसी टीमों में अच्छे खिलाड़ी साबित हुए, लेकिन उनके अंदर मेसी जैसी प्रतिभा विकसित नहीं हो सकी।
4. मार्कस एडवर्ड्स
टोटेनहम की एकेडमी से निकले मार्कस एडवर्ड्स के खेल को देखकर कोच मौरिसियो पोचेटिनो ने उन्हें मेसी जैसा बताया था। हालांकि, एडवर्ड्स का करियर स्थिर जरूर रहा, लेकिन इंग्लैंड के लिए वह आज तक इंटरनेशनल फुटबॉल नहीं खेल सके हैं और कभी बड़े मंच पर खास छाप भी नहीं छोड़ पाए।
5. टीमो वर्नर
2017 में जर्मनी के दिग्गज कोच बर्टी वोग्ट्स ने टीमो वर्नर को ‘यंग मेसी’ जैसा करार दिया था। वर्नर ने आरबी लेपज़िग और फिर चेल्सी के साथ कुछ अच्छे साल जरूर बिताए, लेकिन उनका करियर उस स्तर पर नहीं पहुंच सका, जिसकी उनसे उम्मीद की गई थी। इसीलिए, आज यह तुलना अजीब लगती है।
6. फकुंडो बुनानोते
आर्जेंटीना के युवा खिलाड़ी फकुंडो बुनानोते की तेज़ी और एक्सीलरेशन देखकर कार्लोस तेवेज़ ने उन्हें मेसी जैसा बताया था। हालांकि, बुनानोते खुद मानते हैं कि मेसी जैसा होना नामुमकिन है। उन्होंने एक जगह पर यह साफ कहा था कि यह तुलना सिर्फ उनके खेलने के एक पहलू पर आधारित थी।
7. केंड्री पायेज़
इक्वाडोर के 18 वर्षीय स्टार केंड्री पायेज़ को लेकर पूर्व खिलाड़ी कार्लोस टेनोरियो ने दावा किया था कि उनमें मेसी और नेमार से भी बेहतर बनने की क्षमता है। हालाँकि, पायेज़ का करियर अभी शुरुआत में है और वह इस समय चेल्सी से जुड़े हुए हैं, लेकिन किसी भी युवा खिलाड़ी को मेसी से ऊपर बताना जल्दबाज़ी है।
फुटबॉल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

