Argentina’s Football Team India Tour in Doubt: केरल सरकार के कॉमर्शियल पार्टनर ने साफ कर दिया है कि अगर लियोनेल मेसी की अगुवाई वाली अर्जेंटीना फुटबॉल टीम इस साल अक्टूबर या नवंबर में भारत नहीं आती, तो उन्हें कानूनी रास्ता अपनाना पड़ सकता है।
बता दें कि, इस हाई-प्रोफाइल दौरे की आयोजक रिपोर्टर ब्रॉडकास्टिंग कंपनी ने अर्जेंटीना फुटबॉल संघ (AFA) को 130 करोड़ रुपये का भुगतान पहले ही कर दिया है। यह भुगतान जून 2025 में उस एग्रीमेंट के तहत किया गया था, जो दिसंबर 2024 में साइन हुआ था। लेकिन अब AFA की ओर से टीम के दौरे को सितंबर 2026 तक टालने की बात कही जा रही है, जिस पर आयोजकों ने नाराज़गी जताई है।
क्या समझौते की शर्तों का उल्लंघन कर रहा AFA?
रिपोर्टर ब्रॉडकास्टिंग कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर ऐंटो ऑगस्टीन ने मीडिया को बताया कि, “हमने समझौते के मुताबिक पूरी रकम भेज दी थी और उन्होंने इसे स्वीकार भी किया। लेकिन पांच दिन बाद हमें एक ईमेल आया, जिसमें पूछा गया कि क्या हम 2026 में मैच करवाने के लिए तैयार हैं।”
ऑगस्टीन ने इस प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया है और कहा है कि यह सीधे तौर पर समझौते की शर्तों का उल्लंघन है। उनके अनुसार, यह तय हुआ था कि मैच अक्टूबर या नवंबर 2025 में ही होगा और उन्होंने उसी के अनुसार सभी जिम्मेदारियां पूरी कर दी थीं।
भारी वित्तीय नुकसान की आशंका
रिपोर्टर ब्रॉडकास्टिंग कंपनी के अनुसार, अगर मैच को दो साल आगे बढ़ाया जाता है तो इससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान होगा। ऑगस्टीन ने साफ कहा कि वे इस साल ही मैच करवाना चाहते हैं और अगर एग्रीमेंट का पालन नहीं किया गया, तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उनका यह भी मानना है कि अगर यह मैच 2026 में होता है, तो अर्जेंटीना की टीम तब तक वर्ल्ड चैंपियन नहीं रह सकती, क्योंकि जून 2026 में अगला फीफा वर्ल्ड कप होना है। इससे मैच की ब्रांड वैल्यू पर भी असर पड़ेगा।
राज्य सरकार की स्थिति और इंतज़ार
केरल के खेल मंत्री वी. अब्दुरहिमान ने सोमवार को जानकारी देते हुए कहा कि अर्जेंटीना की टीम इस साल राज्य में नहीं आएगी। हालांकि, रिपोर्टर कंपनी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है और वे AFA के अंतिम फैसले का इंतज़ार कर रहे हैं।
ऐंटो ऑगस्टीन ने फिलहाल संयम बरतते हुए कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया है और उम्मीद जताई है कि AFA अपने फैसले को पलटेगा।
क्या भारत में मेसी को देखने का सपना रहेगा अधूरा?
भारत में लियोनेल मेसी और अर्जेंटीना टीम के फैंस लंबे समय से इस मैच का इंतज़ार कर रहे थे। अगर यह दौरा रद्द होता है, तो करोड़ों फुटबॉल प्रेमियों का सपना अधूरा रह सकता है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि AFA अपने फैसले पर पुनर्विचार करता है या नहीं।
फुटबॉल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







