Cristiano Ronaldo Records in Champions League: वर्तमान समय में फुटबॉल जगत के सबसे बड़े दिग्गज क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo) ने अपने करियर में ढेर सारे रिकार्ड्स बनाए हैं। उन्होंने लंबे समय तक यूरोपीय लीगों में खेला और कई सारे बड़े-बड़े रिकार्ड्स बनाए, जिनमें चैंपियंस लीग में उनका दबदबा अब तक कायम है। हालाँकि, अब वह यूरोपीय लीग छोड़कर सऊदी क्लब अल नासर के लिए खेलते हैं, इसीलिए अब वह चैंपियंस लीग में रिकार्ड्स बनाते नजर नहीं आएँगे।
रोनाल्डो के नाम चैंपियंस लीग इतिहास में कई रिकॉर्ड दर्ज हैं, जिन्हें तोड़ना आज के समय में काफी मुश्किल है या यह कहना गलत नहीं होगा कि उनमें से कुछ रिकार्ड्स को तोड़ना तो अब नामुमकिन भी है। हालाँकि, कुछ रिकार्ड्स के मामले में वह कई दिग्गजों के साथ पहले स्थान पर भी हैं, लेकिन वो दिग्गज या तो अब संन्यास ले चुके हैं या अब यूरोपीय लीगों से बाहर हैं। यहाँ हम आपको क्रिस्टियानो रोनाल्डो द्वारा चैम्पियंस लीग इतिहास में बनाए गए 5 बड़े रिकार्ड्स के बारे में बताने जा रहे हैं।
क्रिस्टियानो रोनाल्डो द्वारा चैम्पियंस लीग इतिहास में बनाए गए 5 बड़े रिकार्ड्स (Cristiano Ronaldo Records in Champions League)
5. सबसे ज्यादा गोल – 140

चैंपियंस लीग इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने का रिकॉर्ड क्रिस्टियानो रोनाल्डो के नाम दर्ज है। उन्होंने अपने चैंपियंस लीग करियर में रियल मैड्रिड, मैनचेस्टर यूनाइटेड और जुवेंटस की ओर से कुल मिलाकर 180 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने कुल 140 गोल दागे हैं। उनका यह रिकॉर्ड तोड़ना आज के समय में लगभग नामुमकिन है। इस मामले में दूसरे स्थान पर लियोनेल मेसी (129 गोल) का नाम आता है। दोनों ही खिलाड़ी अब यूरोपीय लीगों में खेलना बंद कर चुके हैं।
4. सबसे ज्यादा हैट्रिक – 8 (मेसी के बराबर)

चैंपियंस लीग इतिहास में सबसे ज्यादा हैट्रिक लगाने का रिकॉर्ड संयुक्त रूप से क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनेल मेसी के नाम दर्ज है। दोनों दिग्गजों ने अपने चैंपियंस लीग करियर में 8 हैट्रिक लगाए हैं। रोनाल्डो और मेसी के बाद सबसे ज्यादा हैट्रिक लगाने के मामले में रॉबर्ट लेवानडॉस्की (6) का नाम आता है।
3. एक सीजन में 3 हैट्रिक – 2015-16

चैंपियंस लीग इतिहास में एक सीजन में 3 हैट्रिक लेने का रिकॉर्ड भी क्रिस्टियानो रोनाल्डो के नाम दर्ज है। उन्होंने 2015-16 के सीजन में रियल मैड्रिड के लिए खेलते हुए 3 हैट्रिक लगाए थे। उस सीजन मैड्रिड ने खिताब भी अपने नाम किया था।
2. एक सीजन में सबसे ज्यादा गोल – 17

चैंपियंस लीग में एक सीजन में सबसे ज्यादा गोल करने का रिकॉर्ड भी रोनाल्डो के नाम दर्ज है। रोनाल्डो ने 2013-14 सीजन में रियल मैड्रिड के लिए खेलते हुए कुल 17 गोल लगाए थे। उस सीजन रियल मैड्रिड चैंपियन भी बनी थी। इसके अलावा, इस मामले में 16 गोल के साथ दूसरे स्थान पर भी रोनाल्डो का ही नाम है।
1. सबसे ज्यादा बार गोल्डन बूट – 7

चैंपियंस लीग इतिहास में सबसे ज्यादा बार गोल्डन बूट अवॉर्ड जीतने का रिकॉर्ड भी रोनाल्डो के नाम दर्ज है। उन्होंने अपने करियर में 7 अलग-अलग सीजनों में गोल्डन बूट अवॉर्ड जीते हैं। उन्होंने 2007-08 (8 गोल), 2012-13 (12 गोल), 2013-14 (17 गोल), 2014-15 (मेसी और नेमार के साथ – 10 गोल), 2015-16 (16 गोल), 2016-17 (12 गोल) और 2017-18 (15 गोल) सीजन में सबसे ज्यादा गोल दागने वाले खिलाड़ी थे।
Latest Cricket News in Hindi, Latest Football News in Hindi, Latest Tennis News in Hindi और सभी Latest Sports News in Hindi के लिए हमारी वेबसाइट Sports Digest Hindi पर विजिट करें। इसके अलावा खेल से सम्बंधित सभी ताजा खबरें पाने के लिए हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

