La Liga 2024-25, Real Madrid vs Real Betis: Kylian Mbappe scored his first goal in La Liga
Real Madrid vs Real Betis: फ्रांसीसी दिग्गज किलियन एमबाप्पे (Kylian Mbappe) ने ला लीगा इतिहास में अपना पहला गोल करके अपने आलोचकों को शानदार अंदाज में जवाब दिया। रविवार को सैंटियागो बर्नब्यू में खेले गए मुकाबले में उनके इस गोल की मदद से रियल मेड्रिड ने रियल बेटिस पर 2-0 से जीत हासिल की, जिससे वे अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गए।
बता दें कि, UEFA सुपर कप में गोल करने के बाद से एमबाप्पे ने इस मुकाबले में पहला गोल दागा था। वह ला लीगा 2024-25 सीजन में रियल मेड्रिड के लिए शुरूआती तीन मैचों में एक भी गोल नहीं कर सके थे, जिसके चलते स्पेनिश मीडिया में उनकी काफी आलोचना हुई थी, लेकिन स्टार फुटबॉलर ने रविवार को उन्होंने शानदार वापसी की।
किलियन एमबाप्पे ने अकेले दम पर दिलाई रियल मेड्रिड को जीत

किलियन एमबाप्पे को इस मुकाबले में अपने गोल के लिए काफी समय इंतजार करना पड़ा, क्योंकि उन्होंने शुरुआत में कई मौके गंवाए। हालाँकि, 67वें मिनट में फेडे वाल्वरडे के बैक-हील के बाद वह अपने बाएं पैर से बेटिस के गोलकीपर के पास से गेंद को स्वीप करते हुए गोल करने में सफल रहे। इसके ठीक आठ मिनट बाद यानी 75वें मिनट में फ्रांसीसी स्टार ने पेनल्टी स्पॉट से दूसरा गोल किया।
एमबाप्पे के दो शानदार गोल की बदौलत मेड्रिड ने 2-0 से बड़ी बढ़त बना ली। इसके बाद, जब 84वें मिनट में उनकी जगह लुका मोड्रिक को मैदान पर उतारा गया, तो सभी ने बाहर आते समय उनका जोरदार स्वागत किया। इस मुकाबले में मेड्रिड को 2-0 से जीत भी हासिल हुई, क्योंकि बेटिस का कोई भी खिलाड़ी एक भी गोल नहीं लगा सका।
कार्लो एंसेलोटी ने शनिवार को किलियन एमबाप्पे के आलोचकों को दिया था करारा जवाब

रियल बेटिस के खिलाफ खेले जाने वाले मुकाबले से एक दिन पहले यानी शनिवार को कोच कार्लो एंसेलोटी ने एमबाप्पे के आलोचकों को करारा जवाब दिया था। शुरूआती तीन मैचों में एमबाप्पे के गोल ना करने के बावजूद मेड्रिड के कोच ने आलोचनाओं पर पलटवार करते हुए कहा था कि उनका स्टार खिलाड़ी अच्छी तरह से स्थापित हो रहा है।
कार्लो एंसेलोटी ने कहा था:
यह सच है कि उन्होंने गोल नहीं किया है, लेकिन वह बहुत अच्छा खेल रहे हैं और हर बार बहुत खतरनाक रहे हैं। मुझे नहीं लगता कि उन्हें अनुकूलन में कोई समस्या है।

हालाँकि, एंसेलोटी ने उस प्रेस कॉन्फ्रेंस में एमबाप्पे का समर्थन करते हुए अपनी टीम के संतुलन में हो रही कमियों की ओर इशारा किया। फ्रांसीसी स्टार ने भी रविवार को खेले गए मुकाबले में कोच की उमीदों पर खरे उतरे। मैड्रिड की 2-0 की जीत ने उन्हें आठ अंकों के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर भी पहुंचा दिया है।

