Forbes की Highest Paid Athletes 2026 लिस्ट में क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने 300 मिलियन डॉलर की कमाई के साथ पहला स्थान हासिल किया।
हाल ही में Forbes ने दुनिया के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले खिलाड़ियों की नई लिस्ट जारी की है। यह लिस्ट मई 2025 से मई 2026 के बीच खिलाड़ियों की कुल कमाई के आधार पर तैयार की गई है। इसमें ऑन-फील्ड इनकम के साथ-साथ ब्रांड एंडोर्समेंट, बिजनेस डील्स और स्पॉन्सरशिप से हुई कमाई को भी शामिल किया गया है। इस बार की लिस्ट में फुटबॉल, NBA, बॉक्सिंग, गोल्फ, बेसबॉल और Formula 1 के कई बड़े सुपरस्टार शामिल हैं।
क्रिस्टियानो रोनाल्डो लगातार चौथे साल इस सूची में पहले स्थान पर रहे, जबकि लियोनेल मेसी, लेब्रोन जेम्स, स्टीफन करी और शोहेई ओहतानी जैसे दिग्गज खिलाड़ियों ने भी अपनी जगह बरकरार रखी। अब आइए जानते हैं Forbes की Highest Paid Athletes 2026 लिस्ट में शामिल दुनिया के टॉप 10 सबसे ज्यादा कमाई करने वाले खिलाड़ियों के बारे में।
ये हैं दुनिया के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले टॉप 10 खिलाड़ी (01 मई 2025 – 01 मई 2026 तक)
10. लुईस हैमिल्टन (Lewis Hamilton) – 100 मिलियन डॉलर
ब्रिटेन के दिग्गज Formula 1 ड्राइवर और वर्ल्ड चैंपियन लुईस हैमिल्टन सबसे ज्यादा कमाई करने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में दसवें स्थान पर रहे। 41 साल के हैमिल्टन ने पिछले 12 महीनों में कुल 100 मिलियन डॉलर की कमाई की। इसमें 70 मिलियन डॉलर ऑन-फील्ड और 30 मिलियन डॉलर ऑफ-फील्ड इनकम शामिल रही।
हैमिल्टन ने 2025 में Ferrari टीम के साथ अपना पहला Formula 1 सीजन खेला था। हालांकि, वह चैंपियनशिप स्टैंडिंग में छठे स्थान पर रहे, जो सात बार के वर्ल्ड चैंपियन के स्तर के हिसाब से ज्यादा अच्छा नहीं माना गया। इसके बावजूद उनकी कमाई और ब्रांड वैल्यू लगातार बढ़ती रही।
Formula 1 में ज्यादातर ड्राइवर अपनी टीमों की स्पॉन्सरशिप सीमाओं की वजह से ज्यादा व्यक्तिगत ब्रांड डील नहीं कर पाते, लेकिन हैमिल्टन इस मामले में बाकी खिलाड़ियों से काफी आगे हैं। उनके पास Dior, Lululemon और Rimowa जैसे बड़े ब्रांड्स की पार्टनरशिप है।
इसके अलावा हैमिल्टन ने 2025 की बड़ी हॉलीवुड फिल्म F1 में प्रोड्यूसर की भूमिका भी निभाई थी। वह Dawn Apollo Films नाम की प्रोडक्शन कंपनी, +44 क्लोदिंग ब्रांड और Almave नाम के नॉन-एल्कोहॉलिक ड्रिंक ब्रांड से भी जुड़े हुए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक जून 2026 से हैमिल्टन North America के बाहर ट्रेडिंग कार्ड स्टोर शुरू करने की तैयारी में हैं। इसके लिए उन्होंने Dave & Adam’s Card World के साथ पार्टनरशिप की है।
9. केविन ड्यूरेंट (Kevin Durant) – 103.8 मिलियन डॉलर
अमेरिका के स्टार बास्केटबॉल खिलाड़ी केविन ड्यूरेंट इस सूची में नौवें स्थान पर रहे। 37 साल के ड्यूरेंट ने पिछले 12 महीनों में कुल 103.8 मिलियन डॉलर की कमाई की। इसमें 54.8 मिलियन डॉलर ऑन-फील्ड और 49 मिलियन डॉलर ऑफ-फील्ड इनकम शामिल रही।
Forbes की रिपोर्ट के मुताबिक ड्यूरेंट अब अपने करियर में 1 बिलियन डॉलर से ज्यादा कमाई करने वाले दुनिया के सिर्फ आठवें एक्टिव खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने जुलाई 2026 में Houston Rockets जॉइन किया था और बाद में अक्टूबर में टीम के साथ 90 मिलियन डॉलर का नया कॉन्ट्रैक्ट एक्सटेंशन भी साइन किया।
रिपोर्ट के अनुसार ड्यूरेंट ने इस डील में लगभग 30 मिलियन डॉलर कम लिए, ताकि भविष्य में उनके पास टीम बदलने और नए विकल्प चुनने की आजादी बनी रहे। मार्च 2026 में उन्होंने NBA की ऑल टाइम स्कोरिंग लिस्ट में Michael Jordan को पीछे छोड़ते हुए पांचवां स्थान हासिल किया था।
ऑफ-फील्ड कमाई की बात करें तो ड्यूरेंट अपनी मीडिया कंपनी Boardroom और इनवेस्टमेंट फर्म 35V से भी बड़ी कमाई करते हैं। इसके अलावा उनके पास CeraVe, Dick’s Sporting Goods और FanDuel जैसे बड़े ब्रांड्स की एंडोर्समेंट डील हैं।
ड्यूरेंट Netflix की सीरीज Starting 5 के दूसरे सीजन में भी नजर आए थे। इसके अलावा उनके जीवन पर एक नई डॉक्यूमेंट्री सीरीज भी आने वाली है, जिसे Netflix और OBB Pictures मिलकर बना रहे हैं।
8. करीम बेंजेमा (Karim Benzema) – 104 मिलियन डॉलर
फ्रांस के दिग्गज फुटबॉलर करीम बेंजेमा इस सूची में आठवें स्थान पर रहे। 38 साल के बेंजेमा ने पिछले 12 महीनों में कुल 104 मिलियन डॉलर की कमाई की। इसमें 100 मिलियन डॉलर ऑन-फील्ड और 4 मिलियन डॉलर ऑफ-फील्ड इनकम शामिल रही।
करीम बेंजेमा पिछले तीन सीजन से Saudi Pro League में खेल रहे हैं, लेकिन 2026 में उन्होंने बड़ा क्लब बदलाव किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक कॉन्ट्रैक्ट विवाद के कारण उन्होंने Al-Ittihad के लिए खेलने से मना कर दिया था, जिसके बाद उन्होंने Al-Hilal जॉइन कर लिया।
बेंजेमा ने फरवरी 2026 में अपने डेब्यू मैच में ही हैट्रिक लगाकर शानदार शुरुआत की। इसके बाद उनकी टीम Al-Hilal ने Saudi King’s Cup भी जीता। हालांकि लीग टाइटल की रेस में उनकी टीम Cristiano Ronaldo की Al-Nassr से थोड़ा पीछे रह गई।
ऑफ-फील्ड कमाई की बात करें तो बेंजेमा Adidas और Saudi Arabia के फ्रेगरेंस ब्रांड Assaf और Reef Perfumes के विज्ञापनों में नजर आए। इसके अलावा रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया कि रिटायरमेंट के बाद वह अपने पुराने क्लब Real Madrid के एम्बेसडर बन सकते हैं।
7. जॉन रहम (Jon Rahm) – 107 मिलियन डॉलर
स्पेन के स्टार गोल्फर जॉन रहम इस सूची में सातवें स्थान पर रहे। 31 साल के रहम ने पिछले 12 महीनों में कुल 107 मिलियन डॉलर की कमाई की। इसमें 97 मिलियन डॉलर ऑन-फील्ड और 10 मिलियन डॉलर ऑफ-फील्ड इनकम शामिल रही।
जॉन रहम ने साल 2023 में PGA Tour छोड़कर LIV Golf जॉइन किया था। हालांकि अब LIV Golf की फंडिंग को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक सऊदी फंडिंग में कटौती की चर्चा के बीच रहम का भविष्य भी चर्चा में बना हुआ है। खुद रहम ने भी हाल ही में कहा था कि उनके पास अभी कॉन्ट्रैक्ट के कई साल बाकी हैं और बाहर निकलने के ज्यादा रास्ते नजर नहीं आते।
हालांकि अगर LIV Golf को भविष्य में नुकसान होता है, तो रहम के पास DP World Tour में वापसी का विकल्प खुला रह सकता है। उन्होंने हाल ही में यूरोपियन टूर के साथ अपना वित्तीय विवाद भी सुलझा लिया है।
ऑफ-फील्ड कमाई की बात करें तो रहम के पास Callaway, Rolex और Santander Bank जैसे बड़े ब्रांड्स की एंडोर्समेंट डील हैं। इसके अलावा मार्च 2026 में अमेरिका और ईरान के तनाव के दौरान उन्होंने अपने साथी LIV Golf खिलाड़ियों और एक कैडी को मिडिल ईस्ट से निकालने के लिए प्राइवेट जेट का इंतजाम भी किया था।
6. स्टीफन करी (Stephen Curry) – 124.7 मिलियन डॉलर
अमेरिका के स्टार बास्केटबॉल खिलाड़ी स्टीफन करी इस सूची में छठे स्थान पर रहे। 38 साल के करी ने पिछले 12 महीनों में कुल 124.7 मिलियन डॉलर की कमाई की। इसमें 59.7 मिलियन डॉलर ऑन-फील्ड और 65 मिलियन डॉलर ऑफ-फील्ड इनकम शामिल रही।
Golden State Warriors के लिए खेलने वाले करी 2026-27 सीजन में NBA इतिहास के पहले ऐसे खिलाड़ी बन सकते हैं, जिनकी सालाना सैलरी 60 मिलियन डॉलर से ज्यादा होगी। रिपोर्ट के मुताबिक अगले सीजन में उन्हें 62.6 मिलियन डॉलर मिलने वाले हैं।
हालांकि, इस दौरान सबसे ज्यादा चर्चा उनके Under Armour से अलग होने की रही। नवंबर 2025 में उनका यह लंबे समय पुराना पार्टनरशिप खत्म हो गया था। इसके बाद करी अलग-अलग ब्रांड्स के शूज पहनते नजर आए। उन्होंने कई जूतों की नीलामी भी की, जिससे चैरिटी के लिए फंड जुटाया गया।
करी के पास अभी भी Chase, Google और Rakuten जैसे बड़े ब्रांड्स की डील मौजूद है। पिछले सीजन उनकी जर्सी NBA में सबसे ज्यादा बिकने वाली जर्सी रही थी। इसके अलावा उन्होंने Shot Ready नाम की किताब भी लॉन्च की और Clarence B. Jones पर बनी डॉक्यूमेंट्री The Baddest Speechwriter of All को को-डायरेक्ट किया, जिसे Sundance Film Festival में अवॉर्ड भी मिला।
5. शोहेई ओहतानी (Shohei Ohtani) – 127.6 मिलियन डॉलर
जापान के स्टार बेसबॉल खिलाड़ी शोहेई ओहतानी इस लिस्ट में पांचवें स्थान पर रहे। 31 साल के ओहतानी ने पिछले 12 महीनों में कुल 127.6 मिलियन डॉलर की कमाई की। इसमें सिर्फ 2.6 मिलियन डॉलर मैदान से, जबकि 125 मिलियन डॉलर मैदान के बाहर से आए।
ओहतानी ने दिसंबर 2023 में Los Angeles Dodgers के साथ 10 साल का 700 मिलियन डॉलर का ऐतिहासिक कॉन्ट्रैक्ट साइन किया था। हालांकि इस डील का बड़ा हिस्सा उन्हें 2034 के बाद मिलना शुरू होगा। पिछले सीजन में उन्होंने All-Star Game और World Series बोनस से भी अतिरिक्त कमाई की।
रिपोर्ट के मुताबिक ओहतानी इस समय दुनिया के सबसे बड़े मार्केटेबल एथलीट्स में शामिल हैं। उनके पास 20 से ज्यादा बड़े ब्रांड्स के साथ स्पॉन्सरशिप डील है। Grand Seiko, Japan Post Bank, Kirin और Wacoal जैसे ब्रांड्स उनके पार्टनर हैं।
तीन बार MVP जीत चुके ओहतानी लगातार तीसरे सीजन MLB की सबसे ज्यादा बिकने वाली जर्सी वाले खिलाड़ी भी बने। मैदान के बाहर उनकी पॉपुलैरिटी इतनी ज्यादा है कि उनकी कमाई का सबसे बड़ा हिस्सा एंडोर्समेंट और विज्ञापनों से आता है।
4. लेब्रोन जेम्स (LeBron James) – 137.8 मिलियन डॉलर
अमेरिका के दिग्गज बास्केटबॉल खिलाड़ी लेब्रोन जेम्स इस लिस्ट में चौथे स्थान पर रहे। 41 साल के लेब्रोन ने पिछले 12 महीनों में कुल 137.8 मिलियन डॉलर की कमाई की। इसमें 52.8 मिलियन डॉलर मैदान से, जबकि 85 मिलियन डॉलर मैदान के बाहर से आए।
Los Angeles Lakers के स्टार खिलाड़ी लेब्रोन जेम्स NBA इतिहास के सबसे सफल खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक वह जल्द ही फ्री एजेंट बनने वाले हैं और लगातार उनके रिटायरमेंट को लेकर चर्चा भी चल रही है। हालांकि अभी तक उन्होंने अपने भविष्य को लेकर कोई बड़ा फैसला नहीं लिया है।
लेब्रोन सिर्फ बास्केटबॉल तक सीमित नहीं हैं। वह Fenway Sports Group के पार्टनर हैं, जिसके पास Liverpool फुटबॉल क्लब और Boston Red Sox जैसी बड़ी टीमें हैं। इसके अलावा उन्होंने कई कंपनियों में निवेश किया हुआ है।
DraftKings, Hennessy और Richard Mille जैसे बड़े ब्रांड्स के साथ उनकी डील्स भी हैं। हाल ही में उन्होंने Whoop कंपनी में निवेश किया, जिसकी वैल्यू 10 बिलियन डॉलर से ज्यादा बताई गई। इसके अलावा वह NBA दिग्गज स्टीव नैश के साथ Mind The Game पॉडकास्ट भी होस्ट करते हैं, जिसकी Amazon के साथ बड़ी डील हुई है।
3. लियोनेल मेसी (Lionel Messi) – 140 मिलियन डॉलर
अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर रहे। 38 साल के मेसी ने पिछले 12 महीनों में कुल 140 मिलियन डॉलर की कमाई की। खास बात यह रही कि उनकी ऑन-फील्ड और ऑफ-फील्ड कमाई बराबर रही। उन्होंने मैदान से 70 मिलियन डॉलर और मैदान के बाहर से भी 70 मिलियन डॉलर कमाए।
इंटर मियामी के लिए खेलने वाले मेसी ने MLS में नया रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने सिर्फ 64 मैचों में 100 गोल और असिस्ट पूरे कर लिए, जो लीग इतिहास में सबसे तेज आंकड़ा माना जा रहा है।
Forbes की रिपोर्ट के मुताबिक मेसी को इस सीजन 28.3 मिलियन डॉलर की गारंटीड सैलरी मिली, जो MLS की 28 टीमों के पूरे स्क्वॉड बजट से भी ज्यादा बताई गई। इसके अलावा Adidas, Apple TV, Mastercard और Duracell जैसे बड़े ब्रांड्स के साथ उनकी बड़ी डील्स भी हैं।
मेसी ने हाल ही में इंटर मियामी के साथ 2028 तक नया कॉन्ट्रैक्ट साइन किया है। वहीं स्पेन में भी उन्होंने अपना निवेश बढ़ाया है। रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने स्पेन के फुटबॉल क्लब कॉर्नेला को खरीदा है और बार्सिलोना में करीब 13 मिलियन डॉलर की प्रॉपर्टी भी खरीदी है।
2. कैनेलो अल्वारेज (Canelo Álvarez) – 170 मिलियन डॉलर
मैक्सिको के स्टार बॉक्सर कैनेलो अल्वारेज इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर रहे। 35 साल के अल्वारेज ने पिछले 12 महीनों में कुल 170 मिलियन डॉलर की कमाई की। इसमें 160 मिलियन डॉलर मैदान से, जबकि 10 मिलियन डॉलर मैदान के बाहर से आए।
Forbes की रिपोर्ट के मुताबिक कैनेलो ने सऊदी अरब के साथ अपनी बड़ी डील की शुरुआत रियाद में विलियम स्कल के खिलाफ जीत के साथ की थी। हालांकि इसके बाद लास वेगास में उन्हें टेरेंस क्रॉफर्ड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद उनकी लोकप्रियता और कमाई में कोई कमी नहीं आई।
उस मुकाबले को देखने के लिए 70 हजार से ज्यादा दर्शक स्टेडियम पहुंचे थे, जो नेवादा में बॉक्सिंग मैच के लिए नया रिकॉर्ड बना। वहीं Netflix पर इस फाइट को 41 मिलियन से ज्यादा लोगों ने देखा।
कैनेलो अब सिर्फ बॉक्सिंग तक सीमित नहीं हैं। रिपोर्ट के अनुसार उनका गैस स्टेशन, कन्वीनियंस स्टोर और VMC नाम का ड्रिंक ब्रांड भी है। इसके अलावा वह जल्द ही Netflix की एक डॉक्यूमेंट्री में भी नजर आने वाले हैं।
1. क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo) – 300 मिलियन डॉलर
पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो इस लिस्ट में पहले स्थान पर रहे। 41 साल के रोनाल्डो ने पिछले 12 महीनों में कुल 300 मिलियन डॉलर की कमाई की। इसमें 235 मिलियन डॉलर मैदान से, जबकि 65 मिलियन डॉलर मैदान के बाहर से आए।
अल नासर के लिए खेलने वाले रोनाल्डो अभी भी दुनिया के सबसे बड़े स्पोर्ट्स स्टार्स में शामिल हैं। Forbes की रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने हाल ही में स्पेन के फुटबॉल क्लब यूडी अल्मेरिया में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी है। इससे साफ है कि रोनाल्डो अब फुटबॉल के साथ-साथ बिजनेस में भी तेजी से अपनी पकड़ मजबूत कर रहे हैं।
रोनाल्डो के पास Nike, Binance और Perplexity जैसे कई बड़े ब्रांड्स के कॉन्ट्रैक्ट हैं। सोशल मीडिया पर भी उनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग है और उनके फॉलोअर्स की संख्या 1 बिलियन से ज्यादा बताई गई है। इसके अलावा उन्होंने Herbalife की हेल्थ टेक कंपनी में 7.5 मिलियन डॉलर का निवेश भी किया।
हालांकि, रोनाल्डो ने अपने करियर में लगभग हर बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है, लेकिन वर्ल्ड कप जीतना अभी भी उनका सबसे बड़ा सपना माना जा रहा है। यही वजह है कि 41 साल की उम्र में भी वह लगातार प्रोफेशनल फुटबॉल खेल रहे हैं।
फुटबॉल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







