Monday, February 16

भारतीय महिला कबड्डी टीम ने ढाका में आयोजित हुए महिला कबड्डी वर्ल्ड कप 2025 फाइनल में चीनी ताइपे को 35-28 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने बांग्लादेश की राजधानी ढाका में खेले गए महिला कबड्डी वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल मुकाबले में चीनी ताइपे को 35-28 से हराकर लगातार दूसरा खिताब अपने नाम किया।

टीम ने शुरुआत से ही रेडिंग और डिफेंस में बेहतरीन तालमेल दिखाया और पूरे मैच में अपना दबदबा बनाए रखा। पहले हाफ में मिली बढ़त ने भारत को आत्मविश्वास दिया और दूसरे हाफ में खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का स्तर बढ़ाकर चाइनीज ताइपे को वापसी का कोई अवसर नहीं दिया।

पूरे टूर्नामेंट में भारत ने दिखाया संतुलित खेल

भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासन, आक्रामकता और टीमवर्क का शानदार संतुलन दिखाया। टीम का मार्गदर्शन मुख्य कोच तेजस्वी और सहायक कोच प्रियंका ने बखूबी किया। रणनीति, फिटनेस, संयम और पलटवार की क्षमता भारत की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी, जिसने विपक्षी टीमों को दबाव में रखा।

फाइनल में चमकीं हिमाचल की पांच बेटियां

इस ऐतिहासिक जीत में हिमाचल प्रदेश की पांच खिलाड़ी टीम की रीढ़ साबित हुईं। कप्तान रितु नेगी और उपकप्तान पुष्पा राणा ने अपने अनुभव, नेतृत्व और दमदार प्रदर्शन से टीम को महत्वपूर्ण मोड़ों पर संभाला। इनके साथ चंपा ठाकुर, भावना ठाकुर और साक्षी शर्मा ने पूरे टूर्नामेंट में रेडिंग और डिफेंस में अहम योगदान दिया। इन पांचों खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने भारत की ताकत को कई गुना बढ़ाया और फाइनल में जीत की राह आसान की।

सेमीफाइनल में भी भारत ने ईरान पर बनाया था दबदबा

रविवार को खेले गए सेमीफाइनल में भी भारतीय टीम शुरू से ही ईरान पर हावी रही। रेडिंग में तेज शुरुआत, डिफेंस में मजबूत पकड़ और ऑलआउट की रणनीति ने विपक्षी टीम को संभलने का कोई मौका नहीं दिया। भारत ने इस मैच में अपने इरादे साफ कर दिए थे कि वह खिताब जीतने के लिए पूरी तरह तैयार है।

हिमाचल में जश्न, संघ ने दी बधाई

भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हिमाचल प्रदेश कबड्डी संघ के महासचिव कुलदीप राणा ने खिलाड़ियों और टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हिमाचल की बेटियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। कप्तान ऋतु नेगी और उपकप्तान पुष्पा राणा की नेतृत्व क्षमता ने टीम को अनुशासित और मजबूत दिशा दी, जबकि पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों का संतुलित प्रदर्शन भारत की जीत का प्रमुख कारण रहा।

भारतीय महिला कबड्डी का नया युग

महिला कबड्डी वर्ल्ड कप का फाइनल जीतने तक की भारतीय टीम की यात्रा इस बात की गवाही देती है कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय कबड्डी अब पहले से अधिक मजबूत, संगठित और आत्मविश्वासी हो चुकी है। लगातार दूसरा विश्व कप जीतकर भारतीय महिला टीम ने विश्व कबड्डी में अपनी बादशाहत स्थापित कर दी है।

प्रो कबड्डी लीग (PKL) से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है। नीतिश कुमार मिश्र अपने पेशेवर लेखन के जरिए पाठकों को न सिर्फ सटीक खबरें, बल्कि गहन विश्लेषण के माध्यम से खेलों को और करीब से समझने का मौका भी देते हैं।

Leave A Reply

Exit mobile version