Oldest Players in PKL 2025: प्रो कबड्डी लीग के 12वें सीजन की शुरुआत 29 अगस्त 2025 से हो चुकी है। इस बार पहला मुकाबला तमिल थलाइवाज और तेलुगु टाइटंस के बीच खेला गया। लीग स्टेज के मुकाबले चार शहरों विशाखापट्टनम, जयपुर, चेन्नई और दिल्ली में आयोजित किए जाएंगे।
हर सीजन की तरह इस बार भी सभी 12 फ्रेंचाइजी ने अपने स्क्वॉड में युवा खिलाड़ियों के साथ-साथ कुछ अनुभवी सितारों को भी शामिल किया है। इनमें से कई खिलाड़ी शुरुआत से ही लीग का हिस्सा रहे हैं और अपने लंबे करियर का अनुभव मैदान पर दिखाएंगे। दिलचस्प बात यह है कि इस बार पांच सबसे उम्रदराज खिलाड़ियों की लिस्ट में तीन विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। आइए जानते हैं PKL 12 के सबसे उम्रदराज पांच खिलाड़ियों के बारे में।
ये हैं प्रो कबड्डी लीग 2025 के 5 सबसे उम्रदराज खिलाड़ी
5. जांग कुन ली – 32 साल
दक्षिण कोरिया के स्टार रेडर जांग कुन ली इस बार बंगाल वॉरियर्ज़ की ओर से खेलते नजर आएंगे। उनका जन्म 6 नवंबर 1992 को हुआ था और वे 32 साल की उम्र में PKL 12 के पांचवें सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं।
जांग कुन ली ने अपना PKL करियर बंगाल वॉरियर्ज़ से ही शुरू किया था और 2014 से 2018 तक लगातार छह सीजन इस टीम के लिए खेले। इसके बाद 2019 में वे पटना पाइरेट्स से जुड़े। पिछले सीजन में भी उन्होंने पटना पाइरेट्स की ओर से खेलते हुए फाइनल तक का सफर तय किया था। अब एक बार फिर वे अपने पुराने फ्रेंचाइजी बंगाल वॉरियर्ज़ का हिस्सा बने हैं।
4. फज़ल अत्राचली – 33 साल
ईरान के दिग्गज डिफेंडर फज़ल अत्राचली PKL 12 के चौथे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं। उनका जन्म 29 मार्च 1992 को हुआ था और वे इस समय 33 साल के हैं। इस बार वे दबंग दिल्ली की जर्सी में खेलते नजर आएंगे।
फज़ल अत्राचली अब तक पांच अलग-अलग टीमों से 10 सीजन खेल चुके हैं। उन्होंने अपने PKL करियर की शुरुआत यू मुम्बा से की थी और बाद में पटना पाइरेट्स, गुजरात जायंट्स, पुणेरी पलटन और बंगाल वॉरियर्ज़ के लिए भी खेले। इस बार दबंग दिल्ली ने उन्हें अपनी टीम में शामिल करके डिफेंस को मजबूत किया है।
3. मोहम्मद इस्माइल नबीबख्श – 33 साल
ईरानी ऑलराउंडर मोहम्मद इस्माइल नबीबख्श भी इस बार PKL 12 में खेलते नजर आएंगे। उनका जन्म 17 सितंबर 1991 को हुआ था और वे इस सीजन के दौरान 34 साल के हो जाएंगे। वे पुनेरी पलटन का हिस्सा हैं और यह टीम के साथ उनका दूसरा कार्यकाल है। इससे पहले वे सीजन 9 में भी पुनेरी पलटन के लिए खेल चुके हैं।
नबीबख्श ने अपने शुरुआती दो सीजन बंगाल वॉरियर्ज़ के साथ बिताए थे। इसके बाद वे गुजरात जायंट्स का हिस्सा बने। इस बार उनका अनुभव पुनेरी पलटन के लिए काफी काम आ सकता है।
2. सुरजीत सिंह – 35 साल
भारत के अनुभवी डिफेंडर सुरजीत सिंह PKL 12 के दूसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं। उनका जन्म 10 अगस्त 1990 को हुआ था और वे इस समय 35 साल के हैं। इस बार वे दबंग दिल्ली की ओर से खेलेंगे।
सुरजीत अब तक सात अलग-अलग फ्रेंचाइजी के लिए खेल चुके हैं। उन्होंने पुनेरी पलटन और बंगाल वॉरियर्ज़ के लिए दो-दो सीजन खेले हैं, जबकि यू मुम्बा, जयपुर पिंक पैंथर्स, तेलुगु टाइटंस, तमिल थलाइवाज और बेंगलुरु बुल्स का भी हिस्सा रह चुके हैं। दबंग दिल्ली उनकी आठवीं टीम होगी।
1. मनींदर सिंह – 35 साल
मनींदर सिंह PKL 12 के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं। उनका जन्म 31 जनवरी 1990 को हुआ था और वे इस समय 35 साल के हैं। इस बार वे पटना पाइरेट्स से खेलते नजर आएंगे।
मनींदर ने अपना PKL सफर पहले सीजन में जयपुर पिंक पैंथर्स के साथ शुरू किया था। इसके बाद वे सीजन 5 में वापसी करते हुए बंगाल वॉरियर्ज़ से जुड़े और लगातार सात सीजन इसी टीम के लिए खेले। हालांकि, PKL 12 से पहले बंगाल ने उन्हें रिलीज कर दिया और फिर पटना पाइरेट्स ने उन्हें ऑक्शन में उनके बेस प्राइस 20 लाख रुपये में खरीद लिया।
कबड्डी से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

