Dabang Delhi vs Puneri Paltan Captains share mindset before the grand finale PKL 12 Final: लगभग दो महीने के रोमांच, कड़े मुकाबलों और रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शनों के बाद अब Pro Kabaddi League Season 12 (PKL 12) अपने फाइनल मुकाम पर पहुंच चुकी है। दिल्ली के Thyagaraj Indoor Stadium में शुक्रवार को Puneri Paltan और Dabang Delhi K.C. आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों ने पूरे सीजन में जबरदस्त प्रदर्शन किया और अब दोनों के पास इतिहास में अपना नाम दर्ज कराने का मौका है।
दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला केवल खिताब का नहीं, बल्कि प्रतिष्ठा और आत्मविश्वास की जंग भी है। दिल्ली अपने घरेलू मैदान पर दूसरा खिताब जीतना चाहेगी, जबकि पुणेरी पलटन पिछले तीन साल में दूसरी बार चैंपियन बनकर अपनी लगातार सफलता की कहानी को आगे बढ़ाना चाहेगी।
लीग स्टेज में बराबरी पर रहीं दोनों टीमें
Dabang Delhi K.C. और Puneri Paltan ने लीग स्टेज में समान 26 अंक हासिल किए थे। हालांकि, पॉइंट डिफरेंस के आधार पर पुणेरी पलटन टॉप पर रही। सीजन में दोनों टीमों की तीन बार भिड़ंत हुई और हर बार मुकाबला टाईब्रेकर तक पहुंचा। दिलचस्प बात यह रही कि दिल्ली ने इनमें से दो मैच अपने नाम किए, जिनमें Qualifier 1 की जीत भी शामिल थी जिससे टीम ने सीधा फाइनल का टिकट पक्का कर लिया।
दिल्ली के कप्तान आशु मलिक ने कहा कि टीम का माहौल पूरे सीजन शानदार रहा है। उन्होंने कहा, “हमने क्वालीफायर 1 जीतकर सीधे फाइनल में जगह बनाई। तीनों बार मुकाबले टाईब्रेकर में गए हैं। दो हमने जीते और एक उन्होंने। दोनों टीमें बराबर मजबूत हैं।”
पुणेरी पलटन का फोकस टीमवर्क और स्थिरता पर
Qualifier 2 में Telugu Titans को हराकर Puneri Paltan ने लगातार तीसरे सीजन में फाइनल में जगह बनाई। कप्तान असलम इनामदार का मानना है कि टीम की निरंतर मेहनत और फ्रेंचाइज़ी की लम्बी सोच ने उन्हें इस मुकाम पर पहुंचाया है।
उन्होंने कहा, “यह टीम गेम है, हमें साथ खेलना और साथ जीतना होता है। हम सालभर साथ में ट्रेनिंग करते हैं ताकि लीग में अच्छा कर सकें। मैंने Yuva Paltan से सफर शुरू किया था और अब फाइनल तक पहुंचा हूं। यह सब फ्रेंचाइज़ी के लगातार प्रयासों का नतीजा है।”
पलटन का यह आत्मविश्वास इस बात को साबित करता है कि उनका फोकस केवल बड़े नामों पर नहीं बल्कि टीम की एकता और तालमेल पर रहा है। पिछले कुछ सीजन से टीम का यह संतुलन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत बना हुआ है।
युवा खिलाड़ी से लेकर दबंग दिल्ली का कप्तान बनने तक आशु मलिक की कहानी
सीजन 8 में जब Dabang Delhi ने अपना पहला खिताब जीता था, तब आशु मलिक टीम के नए युवा खिलाड़ी थे। आज वही खिलाड़ी टीम के कप्तान हैं और फिर से खिताब जीतने की तैयारी कर रहे हैं।
आशु ने कहा, “उस वक्त जोगिंदर सर टीम में सीनियर थे, उन्होंने हमेशा मेरा साथ दिया। उस टीम में नीराज नरवाल जैसे खिलाड़ी भी थे जो आज भी हमारे साथ हैं। टीम का स्ट्रक्चर काफी हद तक वैसा ही है जैसा तब था। उम्मीद है इस बार भी वैसा ही नतीजा मिलेगा।”
दिल्ली की टीम इस बार अनुभव और युवा जोश का सही मेल लेकर मैदान में उतर रही है। फज़ल अत्राचली, सुरजीत सिंह और सौरभ नंदल जैसे डिफेंडर टीम को मजबूती देते हैं, जबकि आशु की लीडरशिप ने टीम को आत्मविश्वास से भर दिया है।
“एक प्रतिशत किस्मत भी बड़ा फर्क ला सकती है”, फाइनल से पहले असलम इनामदार का नजरिया
Puneri Paltan के कप्तान असलम इनामदार जानते हैं कि फाइनल में केवल रणनीति नहीं, थोड़ी सी किस्मत भी मायने रखती है। उन्होंने कहा, “दिल्ली के पास अनुभव है, हमारे पास भी अनुभवी खिलाड़ी और युवा जोश है। अब तक तीनों मैच टाईब्रेकर में गए हैं, इसलिए यह मुकाबला भी बेहद कठिन होगा। फाइनल में कभी-कभी एक प्रतिशत किस्मत भी नतीजा बदल सकती है।”
असलम की यह सोच दिखाती है कि टीम दबाव को समझती है और हर स्थिति के लिए तैयार है। उनकी टीम पिछले कुछ सीजन से लगातार टॉप स्तर पर खेल रही है और अब उनका लक्ष्य इस मेहनत को ट्रॉफी में बदलना है।
कौन बनेगा PKL 12 का चैंपियन?
इस मुकाबले का परिणाम दोनों टीमों की योजना, संयम और अंतिम क्षणों के फैसलों पर निर्भर करेगा। दिल्ली अपने घरेलू मैदान पर खिताब जीतकर इतिहास रच सकती है, जबकि पुणेरी पलटन के पास है तीन साल में दूसरी बार ट्रॉफी जीतकर अपने सुनहरे दौर को जारी रखने का मौका।
प्रो कबड्डी सीजन 12 का फाइनल (PKL 12 Final) मुकाबला शुक्रवार, 31 अक्टूबर को रात 08:00 बजे से शुरू होगा। मैच का सीधा प्रसारण Star Sports Network पर होगा और लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar पर उपलब्ध रहेगी।
प्रो कबड्डी लीग 2025 (PKL 2025) से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

