Bengaluru Bulls vs Telugu Titans PKL 2025 Match Preview: प्रो कबड्डी लीग 2025 का 34वां मुकाबला आज जयपुर के एसएमएस इंडोर स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां बेंगलुरु बुल्स का सामना तेलुगू टाइटंस से होगा। बुल्स इस वक्त बेहतरीन लय में हैं और लगातार तीन जीत दर्ज करने के बाद चौथी जीत की तलाश में मैदान पर उतरेंगे। वहीं, टाइटंस पिछला मैच हार चुके हैं और अपने अभियान को पटरी पर लाने के लिए उन्हें इस मैच में वापसी करनी होगी।
बेंगलुरु बुल्स का सीजन खराब शुरुआत के बाद अब पूरी तरह पलट चुका है। शुरुआती तीन हार के बाद कप्तानी की जिम्मेदारी योगेश को दी गई और टीम के कॉम्बिनेशन में बदलाव के बाद से टीम में एक नई ऊर्जा देखने को मिली है। दूसरी ओर, तेलुगू टाइटंस के पास बेहतरीन रेडिंग डुओ है, लेकिन उनका डिफेंस अभी भी उम्मीद के मुताबिक निरंतरता नहीं दिखा पा रहा है।
मैच डिटेल्स
मैच: बेंगलुरु बुल्स बनाम तेलुगू टाइटंस, मैच 34, PKL 2025
तारीख: सोमवार, 15 सितंबर 2025
समय: रात 9 बजे
स्थान: एसएमएस इंडोर स्टेडियम, जयपुर
लाइव स्ट्रीमिंग: स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार
लाइव स्कोर और अपडेट: prokabaddi.com या प्रो कबड्डी ऑफिशियल ऐप
योगेश और दीपक की जोड़ी से मजबूत हुआ बुल्स का डिफेंस
बेंगलुरु बुल्स के लिए सबसे बड़ी ताकत इस समय उनका डिफेंस है। कप्तान बनने के बाद योगेश ने शानदार प्रदर्शन किया है और अपने पहले हाई-5 से टीम को जीत दिलाई। पिछले तीन मैचों में उन्होंने 13 में से 9 टैकल प्वॉइंट हासिल किए हैं। दीपक शंकर भी अपने स्थान पर मजबूती से टिके हुए हैं और 63% टैकल सक्सेस रेट के साथ दो हाई-5 लगा चुके हैं।
कवर डिफेंडर्स संजय और सत्यप्पा मट्टी भी लगातार टैकल असिस्ट देते हुए टीम को मजबूती दे रहे हैं। इस डिफेंस ने ही टीम को लगातार तीन जीत दिलाई हैं और यही उनकी सबसे बड़ी ताकत होगी।
अलीरेजा मिर्ज़ाइयन बने बुल्स के नए स्टार रेडर
बेंगलुरु बुल्स के लिए रेडिंग में अलीरेजा मिर्ज़ाइयन ने बड़ा बदलाव लाया है। उन्हें मुख्य रेडर बनाए जाने के बाद से उन्होंने हर मैच में 5+ पॉइंट्स हासिल किए हैं और पिछले 3 मैचों में 2 सुपर-10 लगाए हैं। वह खास तौर पर डू-या-डाई रेड में असरदार साबित हो रहे हैं। आशिष मलिक के साथ उनकी जोड़ी बुल्स के लिए अहम साबित हो रही है।
भरत और विजय मलिक – टाइटंस के भरोसेमंद रेडर
तेलुगू टाइटंस के पास लीग की सबसे खतरनाक रेडिंग जोड़ी है। भरत लगातार तीन सुपर-10 लगा चुके हैं और शानदार फॉर्म में हैं। कप्तान विजय मलिक बोनस प्वॉइंट्स में माहिर हैं और निर्णायक पलों में टीम को आगे ले जाते हैं। चेतन साहू भी डू-या-डाई रेड्स में बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं।
टाइटंस के डिफेंस पर दारोमदार
हालांकि, इस सीजन में टाइटंस का डिफेंस पिछले साल से बेहतर है और औसतन 11 टैकल प्वॉइंट्स ले रहा है, लेकिन इसमें अभी भी निरंतरता की कमी है। शुभम शिंदे बुल्स के खिलाफ अच्छा रिकॉर्ड रखते हैं और उन पर जिम्मेदारी होगी कि वह बुल्स के रेडर्स को रोकें।
संभावित प्लेइंग सेवन
बेंगलुरु बुल्स:
राइट कॉर्नर – योगेश (कप्तान)
राइट इन – आशीष मलिक
राइट कवर – संजय
सेंटर – जितेंद्र यादव
लेफ्ट कवर – सत्यप्पा मट्टी
लेफ्ट इन – अलीरेजा मिर्ज़ाइयन
लेफ्ट कॉर्नर – दीपक शंकर
तेलुगू टाइटंस:
राइट कॉर्नर – शुभम शिंदे
राइट इन – भरत
राइट कवर – अवि दुहान
सेंटर – चेतन साहू
लेफ्ट कवर – अजीत पवार
लेफ्ट इन – विजय मलिक (कप्तान)
लेफ्ट कॉर्नर – अंकित
बेंगलुरु बुल्स बनाम तेलुगू टाइटंस हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
दोनों टीमों के बीच अब तक 25 मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिसमें बेंगलुरु बुल्स ने 16 और तेलुगू टाइटंस ने 5 मैच जीते हैं, जबकि 4 मुकाबले टाई रहे हैं। पिछला सीजन टाइटंस के नाम रहा था, जब उन्होंने बुल्स को दोनों मैचों में हराया था।
क्या उम्मीद करें?
यह मुकाबला बुल्स के मजबूत डिफेंस और टाइटंस की शानदार रेडिंग के बीच का संघर्ष होगा। यदि योगेश और दीपक के नेतृत्व में बुल्स का डिफेंस वैसा ही प्रदर्शन करता रहा तो टीम अपनी चौथी जीत दर्ज कर सकती है। लेकिन अगर भरत और विजय मलिक जल्दी लय पकड़ लेते हैं, तो टाइटंस इस जीत की दौड़ में बुल्स को रोक सकते हैं।
प्रो कबड्डी लीग 2025 (PKL 2025) से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

