Dabang Delhi K.C. vs Bengaluru Bulls PKL 2025 Match 9 Result: प्रो कबड्डी लीग 2025 के नौवें मुकाबले में दबंग दिल्ली ने शानदार खेल दिखाते हुए बेंगलुरु बुल्स को 41-34 से मात दी। यह मुकाबला विशाखापट्टनम के विश्वनाध स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया, जहां दिल्ली ने शुरू से ही बढ़त बनाई और आखिर तक अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी। टीम के कप्तान आशु मलिक ने 15 अंक हासिल कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उनके साथ नीरज नरवाल ने 7 अंक जुटाए, जबकि रक्षा में सुरजीत सिंह, फज़ल अत्राचली और सौरभ नंदल ने बेहतरीन तालमेल दिखाया।
पहले हाफ में रहा दबंग दिल्ली का दबदबा
दिल्ली ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। आशु मलिक ने शुरुआती रेड्स में तेजी से अंक बटोरे और एक शानदार सुपर रेड लगाई, जिसमें उन्होंने योगेश, आशीष मलिक और अंकुश राठी को एक साथ आउट किया। इस रेड के बाद मैच का रुख पूरी तरह दिल्ली की ओर मुड़ गया।
बेंगलुरु के लिए अलीरेजा मिर्जाईन ने कुछ पल राहत दिए, लेकिन सुरजीत सिंह ने उन पर बेहतरीन टैकल करते हुए पहला ऑल आउट पूरा कराया। 10वें मिनट तक दिल्ली 13-5 से आगे निकल चुकी थी। पहले हाफ के अंत तक दिल्ली 21-11 से मजबूत बढ़त बनाए हुए थी।
दूसरे हाफ में दिल्ली की पकड़ और मजबूत
सीजन 8 की चैंपियन दिल्ली ने दूसरे हाफ में भी अपना दबदबा बनाए रखा। तीसरे क्वार्टर के बाद स्कोर 34-17 हो गया था और दिल्ली 17 अंकों से आगे थी। आशु मलिक लगातार अंक बटोरते रहे, वहीं नीरज नरवाल और नवीन ने भी टीम के लिए रेड्स से योगदान दिया। रक्षा में फज़ल अत्राचली और सुरजीत सिंह ने कई बार बेंगलुरु के रेडर्स को रोका।
बेंगलुरु की टीम इस दौरान पूरी तरह दबाव में दिखी। आशीष और अलीरेजा ने कुछ अंक जुटाए लेकिन बाकी खिलाड़ी खास प्रदर्शन नहीं कर पाए। दिल्ली ने इस बीच दूसरा ऑल आउट भी कराया और अपनी बढ़त को और बड़ा कर लिया।
आखिरी मिनटों में बेंगलुरु की वापसी की कोशिश
मैच के अंतिम चरण में बेंगलुरु बुल्स ने वापसी की कोशिश की। आकाश शिंदे ने आशु मलिक पर शानदार सुपर टैकल किया और फिर गनेशा हनमंतागोल ने एक रेड में नवीन और संदीप को आउट किया। इस दौरान अंतर घटकर 13 अंकों तक आ गया।
हालांकि नीरज नरवाल ने महत्वपूर्ण रेड प्वॉइंट्स लेकर टीम को वापस संभाला। आखिरी समय में जितेंद्र यादव ने दो-या-मरो रेड में आशु मलिक को सुपर टैकल किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मैच खत्म होने पर स्कोर 41-34 रहा और दबंग दिल्ली ने सात अंकों से मुकाबला जीत लिया।
आशु मलिक रहे मैच के हीरो
इस जीत में सबसे बड़ा योगदान आशु मलिक का रहा, जिन्होंने 15 अंक जुटाए। नीरज नरवाल और दिल्ली की अनुभवी डिफेंस ने भी अहम भूमिका निभाई। वहीं, बेंगलुरु के लिए अलीरेजा मिर्जाईन का सुपर 10 ही एकमात्र बड़ी उपलब्धि रही।
कबड्डी से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

