Saturday, February 14

प्रो कबड्डी लीग 2025 के 12वें मैच में राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम, विशाखापट्टनम के दर्शकों ने रोमांच से भरी जंग देखी। हरियाणा स्टीलर्स और यू मुम्बा का यह मुकाबला निर्धारित समय में 36-36 से बराबरी पर समाप्त हुआ। लेकिन असली रोमांच उसके बाद शुरू हुआ, जब टाईब्रेकर में हरियाणा स्टीलर्स ने 7-6 से जीत दर्ज कर ली। यह मुकाबला न केवल स्कोरलाइन के लिहाज से खास रहा, बल्कि इसमें खिलाड़ियों के साहस और आखिरी क्षण तक की जद्दोजहद ने दर्शकों को सांसें थामने पर मजबूर कर दिया।

मैच की शुरुआत और यू मुम्बा का दबदबा

मैच की शुरुआत यू मुम्बा ने धमाकेदार अंदाज़ में की। अजित चौहान ने बोनस और टच प्वॉइंट से टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। वहीं शिवम पाटरे और नवीन कुमार शुरुआती दौर में गलती से लॉबी में चले गए, जिससे स्टीलर्स को झटका लगा। यू मुम्बा ने सिर्फ छह मिनट में हरियाणा को ऑल आउट कर दिया और स्कोर 13-2 तक पहुंच गया। शुरुआती आधे समय तक यू मुम्बा का दबदबा साफ नजर आ रहा था और हाफ टाइम तक वह 23-20 से आगे था।

स्टीलर्स की वापसी

दूसरे हाफ में हरियाणा स्टीलर्स ने रणनीति बदली। शिवम पाटरे और विनय को लगातार रेडिंग की जिम्मेदारी दी गई। इस बदलाव का फायदा मिला और स्टीलर्स धीरे-धीरे मैच में वापसी करने लगे। शिवम ने शानदार एथलेटिक मूव्स से अंक जुटाए, वहीं विनय ने लगातार हैंड टच और स्कॉर्पियन किक जैसी कोशिशों से यू मुम्बा को परेशान किया। इसी दौरान नवीन कुमार, जो चोट से जूझ रहे थे, मैदान पर डटे रहे और अपनी टीम को लगातार अंक दिलाते रहे।

निर्णायक पल और ऑल आउट

अंतिम दस मिनट में मुकाबला और दिलचस्प हो गया। अजित चौहान और संदीप ने यू मुम्बा को बढ़त दिलाई, लेकिन नवीन कुमार ने डुबकी और दमदार मूव्स से लगातार अंक बटोरे। 22वें मिनट में उन्होंने शानदार सुपर रेड किया और यू मुम्बा को ऑल आउट कर बढ़त दिलाई। इसके बावजूद अजित और लोकश के सुपर टैकल्स ने मैच को आखिरी पलों तक जीवंत बनाए रखा। अंततः स्कोर 36-36 पर बराबरी पर रुका और टाईब्रेकर की नौबत आई।

टाईब्रेकर का रोमांच

टाईब्रेकर में हरियाणा स्टीलर्स ने अपने पांच रेडरों शिवम पाटरे, विनय, एन.एस. जयसूर्या नागराजन, राहुल सेठपाल और नवीन कुमार को उतारा। दूसरी ओर यू मुम्बा ने रोहित राघव, अजित चौहान, अमीर मोहम्मद जफरदानेश, संदीप और सुनील को मैदान पर भेजा। शुरुआत में शिवम पाटरे ने कमाल का सुपर रेड किया और मैच का रुख स्टीलर्स की ओर मोड़ दिया। इसके बाद दोनों टीमों ने एक-एक अंक बटोरे, लेकिन आखिरी रेड में नवीन कुमार ने बोनस अंक लेकर हरियाणा को 7-6 से जीत दिलाई।

खिलाड़ियों का प्रदर्शन

इस मुकाबले में हरियाणा स्टीलर्स के लिए नवीन कुमार ने 9 अंक जुटाए और टीम के सबसे सफल रेडर रहे। विनय ने 8 अंक और शिवम पाटरे ने 6 अंक का योगदान दिया। डिफेंस में राहुल सेठपाल, जयदीप और राहुल कलीरावना ने 2-2 अंक लेकर मजबूती दिखाई। दूसरी ओर यू मुम्बा की तरफ से अजित चौहान ने 12 अंक हासिल किए, जिनमें 8 रेड और 4 बोनस शामिल थे। संदीप ने 4 अंक जुटाए, जबकि सुनील, रोहित और लोकश ने 3-3 अंक लेकर डिफेंस संभाला।

आंकड़ों की कहानी

यदि आंकड़ों की बात करें तो हरियाणा स्टीलर्स ने रेडिंग में 23 अंक जुटाए, जबकि यू मुम्बा को 17 अंक मिले। टैकलिंग में यू मुम्बा बेहतर रहा और उसने 12 अंक हासिल किए, वहीं स्टीलर्स ने 8 अंक लिए। ऑल आउट के मामले में स्टीलर्स ने 4 और यू मुम्बा ने 2 अंक कमाए। अतिरिक्त अंकों में यू मुम्बा आगे रहा और उसने 5 अंक जुटाए, जबकि हरियाणा को सिर्फ 1 अंक मिला।

कुल मिलाकर यह मुकाबला कबड्डी प्रेमियों के लिए यादगार रहा। यू मुम्बा ने शुरुआती बढ़त के बावजूद मैच अपने नाम नहीं कर पाया, जबकि हरियाणा स्टीलर्स ने आखिरी पलों में जबरदस्त वापसी की। नवीन कुमार का साहस और शिवम पाटरे का टाईब्रेकर में सुपर रेड इस जीत की सबसे बड़ी कहानी रहे। निर्धारित समय में 36-36 की बराबरी के बाद स्टीलर्स ने टाईब्रेकर 7-6 से जीतकर न केवल मैच बल्कि दर्शकों का दिल भी जीत लिया।

प्रो कबड्डी लीग 2025 (PKL 2025) से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है। नीतिश कुमार मिश्र अपने पेशेवर लेखन के जरिए पाठकों को न सिर्फ सटीक खबरें, बल्कि गहन विश्लेषण के माध्यम से खेलों को और करीब से समझने का मौका भी देते हैं।

Leave A Reply

Exit mobile version