Friday, March 20

प्रो कबड्डी लीग 2025 का जयपुर लेग शुक्रवार (12 सितंबर) से शुरू हो रहा है और तमिल थलाइवाज अपनी इस लेग की शुरुआत बंगाल वॉरियर्ज के खिलाफ मुकाबले से करेंगे। लेकिन टीम के लिए एक बड़ी चिंता सामने आई है। कप्तान और स्टार रेडर पवन सहरावत टीम के साथ जयपुर एयरपोर्ट पर नजर नहीं आए। टीम के आधिकारिक ट्रैवल वीडियो में भी पवन की गैरमौजूदगी ने यह सवाल खड़े कर दिए हैं कि कहीं टीम और कप्तान के बीच सबकुछ ठीक तो है।

पवन सहरावत का फीका प्रदर्शन

पवन सहरावत पिछले सीजन में भी तमिल थलाइवाज का हिस्सा थे और शानदार प्रदर्शन किया था। लेकिन इस सीजन में उनका खेल वैसा नहीं दिखा है। अब तक खेले गए मुकाबलों में पवन केवल 22 रेड प्वाइंट ही जुटा पाए हैं, जो उनके करियर के हिसाब से बेहद कम है। टीम की हालत भी अच्छी नहीं है। थलाइवाज अंक तालिका में दसवें स्थान पर हैं और तीन मैचों में केवल दो अंक हासिल कर पाए हैं। टीम ने सीजन की शुरुआत तेलुगू टाइटंस को हराकर की थी लेकिन इसके बाद अगले दो मुकाबलों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

कप्तान की रणनीति पर बयान

हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में पवन सहरावत ने टीम की रणनीति पर बात की थी। उन्होंने कहा था, “इस बार टीम में कोई एक मुख्य रेडर नहीं है। लेकिन कप्तान के तौर पर मेरी जिम्मेदारी है कि मैं देखूं कि किस खिलाड़ी को किस डिफेंस के खिलाफ भेजना है। अगर मुझे लगता है कि अर्जुन देशवाल किसी डिफेंस के खिलाफ अच्छा स्कोर कर सकते हैं, तो मेरा काम है कि उन्हें रेड करने भेजूं।”

पवन ने साफ किया था कि इस सीजन में उनकी भूमिका सिर्फ रेडिंग तक सीमित नहीं है बल्कि वह टीम की जरूरत के हिसाब से फैसले ले रहे हैं।

गैरमौजूदगी से बढ़ी चिंता

पवन सहरावत का जयपुर न पहुंचना तमिल थलाइवाज के लिए बड़ी समस्या बन सकता है। टीम को इस समय अपने कप्तान की जरूरत है क्योंकि आगे उनके पास लगातार कड़े मुकाबले हैं। शुक्रवार को उन्हें बंगाल वॉरियर्ज का सामना करना है और फिर 27 सितंबर को उनका मुकाबला जयपुर पिंक पैंथर्स से होगा। ऐसे में अगर पवन टीम के साथ नहीं होते हैं तो टीम की उम्मीदों को झटका लग सकता है।

टीम मैनेजमेंट पर दबाव

अगर वाकई में टीम और कप्तान के बीच मतभेद की खबरें सच निकलती हैं तो कोच संजीव बालयान और मैनेजमेंट पर टीम को संभालने का बड़ा दबाव होगा। तमिल थलाइवाज अपनी फाइटिंग स्पिरिट के लिए जानी जाती है और ऐसे वक्त में टीम को एकजुट रहना बेहद जरूरी है।

अब सबकी नजर इस बात पर होगी कि क्या पवन सहरावत बंगाल वॉरियर्ज के खिलाफ मैदान पर उतरेंगे या उनकी गैरमौजूदगी टीम के भीतर किसी बड़े विवाद की ओर इशारा करती है।

प्रो कबड्डी लीग 2025 (PKL 2025) से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version