PKL MVP Winners List Season-wise: प्रो कबड्डी लीग (PKL) का सफर 2014 में शुरू हुआ और उसके बाद से यह भारत के सबसे पॉपुलर स्पोर्ट्स इवेंट्स में लगातार शामिल रहा है। हर सीजन ने कबड्डी प्रेमियों को रोमांचक मुकाबले, शानदार प्रदर्शन और नए स्टार खिलाड़ियों से परिचित करवाया है।
हर सीजन में कुछ ऐसे खिलाड़ी उभरकर सामने आते हैं, जो न सिर्फ अपनी टीम के लिए लगातार शानदार खेल दिखाते हैं, बल्कि अपने दमदार प्रदर्शन से मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं। इन्हीं खिलाड़ियों को सम्मान देने के लिए हर सीजन के अंत में Most Valuable Player यानी MVP Award दिया जाता है।
आइए अब PKL Season 1 से Season 12 तक उन खिलाड़ियों पर नजर डालते हैं, जिन्होंने PKL इतिहास में अपनी क्षमता और कौशल से MVP Award अपने नाम किया।
PKL में MVP क्या होता है और यह अवॉर्ड क्यों दिया जाता है?
MVP यानी Most Valuable Player वह खिलाड़ी होता है, जिसने पूरे टूर्नामेंट में अपनी टीम के लिए सबसे प्रभावी और लगातार बेहतर प्रदर्शन किया हो। यह अवॉर्ड सिर्फ रेड या टैकल पॉइंट्स के आधार पर नहीं, बल्कि खिलाड़ी द्वारा मैच पर डाले गए प्रभाव, निर्णायक पलों में खेल दिखाने और टीम की जीत में योगदान को देखकर दिया जाता है।
PKL में MVP Award जीतना खिलाड़ी की क्लास, कप्तानी क्षमता, फिटनेस और कठिन परिस्थितियों में खुद को साबित करने का प्रमाण माना जाता है।
प्रो कबड्डी लीग में हर सीजन मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर अवार्ड जीतने वाले खिलाड़ी (PKL Season wise MVP Winners)
PKL Season 1 MVP: अनूप कुमार
पहले सीजन में भले ही यू मुम्बा खिताब नहीं जीत सकी, लेकिन अनूप कुमार ने अपने शांत स्वभाव और संयमित खेल से सभी को प्रभावित किया। उन्होंने पूरे सीजन में 16 मैच खेले और 155 पॉइंट्स हासिल किए।
उनकी कप्तानी और रेडिंग दोनों में कमाल देखने को मिला और उनकी कोशिशों ने यू मुम्बा को फाइनल तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई। शांत दिमाग और मैच को नियंत्रण में रखने की खूबी के कारण उन्हें कैप्टन कूल भी कहा जाने लगा।
PKL Season 2 MVP: मंजीत छिल्लर
दूसरे सीजन में मंजीत छिल्लर का ऑलराउंड प्रदर्शन सबसे खास रहा। उन्होंने रेड और डिफेंस दोनों में मजबूत खेल दिखाते हुए बेंगलुरु बुल्स को फाइनल तक पहुंचाया। हालांकि, फाइनल में टीम खिताब नहीं जीत सकी, लेकिन मंजीत के प्रदर्शन में कोई कमी नहीं दिखी। उन्होंने 67 रेड पॉइंट्स और 40 टैकल पॉइंट्स अर्जित किए। यह संतुलित खेल ही उनकी खासियत थी, जिसने साबित किया कि वह लीग के सबसे प्रभावशाली ऑलराउंडर हैं।
PKL Season 3 MVP: रोहित कुमार
तीसरे सीजन में रोहित कुमार अपनी आक्रामक रेडिंग के लिए चर्चा में रहे। पटना पाइरेट्स के लिए खेलते हुए उन्होंने पर्डीप नरवाल के साथ मिलकर शानदार साझेदारी बनाई और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उनकी रेडिंग ने कई मैच में अंतर पैदा किया और उन्होंने 12 मैचों में 102 रेड पॉइंट्स हासिल किए। रोहित ने अपने खेल से यह साबित किया कि दबाव वाले मैचों में भी वह लगातार पॉइंट निकाल सकते हैं।
PKL Season 4 MVP: प्रदीप नरवाल
सीजन 4 में प्रदीप नरवाल का प्रदर्शन पूरी तरह से उनके नाम रहा। इस सीजन में वह बेंगलुरु बुल्स की ओर से खेले और 133 पॉइंट्स जुटाए। उनकी रेडिंग ने उन्हें लीग के सबसे खतरनाक रेडर्स में शामिल किया।
प्रदीप की खासियत यह रही कि उन्होंने हर मैच में टीम के लिए जरूरी पॉइंट्स जुटाए और अपनी टीम को जीत तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उनकी निरंतरता के चलते वह MVP Award के सबसे मजबूत दावेदार बने और यह सम्मान अपने नाम किया।
PKL Season 5 MVP: प्रदीप नरवाल
पांचवें सीजन में प्रदीप नरवाल ने इतिहास रच दिया और इस सीजन को PKL के सबसे यादगार सीजनों में शामिल कर दिया। उन्होंने 369 रेड पॉइंट्स अर्जित किए और उनकी औसत 14 पॉइंट्स प्रति मैच रही। यह लगातार रेड्स में सफलता का ऐसा सिलसिला था, जिसने हर टीम को परेशान कर दिया।
प्रदीप के प्रदर्शन ने पटना पाइरेट्स को जीत दिलाई और उन्हें बैक टू बैक MVP Award जीतने का गौरव मिला। इस सीजन के बाद उन्हें डुबकी किंग के नाम से भी पहचान मिली।
PKL Season 6 MVP: पवन सेहरावत
छठे सीजन में पवन सेहरावत का खेल पूरी तरह से शानदार रहा। उनकी तेज रेडिंग और लगातार पॉइंट्स लेने की क्षमता ने बेंगलुरु बुल्स की राह आसान की। फाइनल मैच में उनके 22 पॉइंट्स ने टीम को चैंपियन बनाने में सीधा योगदान दिया। पूरे सीजन में उन्होंने 271 रेड पॉइंट्स और 12 सुपर रेड्स किए। उनका प्रदर्शन यह बताता है कि कबड्डी में अकेला खिलाड़ी भी पूरे मैच का रुख बदल सकता है।
PKL Season 7 MVP: नवीन कुमार
सातवें सीजन में नवीन कुमार ने अपनी लगातार स्कोरिंग क्षमता से सभी का ध्यान आकर्षित किया। दाबंग दिल्ली के लिए खेलते हुए उन्होंने पूरे सीजन में शानदार रेडिंग की और 17 मैचों में 207 रेड पॉइंट्स अर्जित किए। इस युवा खिलाड़ी ने अपने प्रदर्शन से यह साबित कर दिया कि वह लंबे समय तक PKL में अपना प्रभाव छोड़ने वाले खिलाड़ी हैं।
फाइनल तक पहुंचने की यात्रा में उनकी रेडिंग ने दिल्ली को मजबूती दी और टीम को जीत के बहुत करीब ले आई। नवीन की फिटनेस, स्पीड और लगातार सुपर 10 लगाने की क्षमता ने उन्हें इस सीजन का MVP बनाया।
PKL Season 8 MVP: नवीन कुमार
आठवें सीजन में नवीन कुमार ने एक बार फिर अपने टैलेंट की छाप छोड़ी। उनकी रेडिंग ने दाबंग दिल्ली को पहली बार खिताब जीतने में मदद की। उन्होंने 207 रेड पॉइंट्स हासिल किए और कई कठिन मैचों में निर्णायक रेड्स लेकर टीम को संकट से बाहर निकाला।
इस सीजन में उनका अनुभव और आत्मविश्वास और भी बढ़ा और उन्होंने एक ऐसी स्थिरता दिखाई जिसने उन्हें लगातार दूसरे साल MVP Award जिताया। फाइनल में विजय मलिक के साथ उनकी जोड़ी ने टीम को चैंपियन बनाने में बड़ी भूमिका निभाई।
PKL Season 9 MVP: अर्जुन देशवाल
नौवें सीजन में अर्जुन देशवाल सबसे ज्यादा चर्चा में रहे। जयपुर पिंक पैंथर्स के मुख्य रेडर के रूप में उन्होंने 296 पॉइंट्स हासिल किए और पूरे सीजन में अपने प्रदर्शन से विरोधी टीमों के डिफेंस को दबाव में रखा। उन्होंने17 सुपर 10 लगाकर अपनी निरंतरता का प्रमाण दिया।
फाइनल मैच में भी अर्जुन ने वही फॉर्म जारी रखा और टीम को खिताब जीतने में अहम योगदान दिया। उनकी रेडिंग ने जयपुर को पूरे सीजन में मजबूती दी और उन्होंने यह साबित कर दिया कि वह बड़े मौकों के खिलाड़ी हैं।
PKL Season 10 MVP: असलम इनामदार
दसवें सीजन में असलम इनामदार का खेल बेहद प्रभावी रहा। पुनेरी पलटन की कप्तानी करते हुए उन्होंने न सिर्फ अपनी टीम को जीत दिलाई, बल्कि खेल के हर विभाग में योगदान दिया। 23 मैचों में उन्होंने 142 रेड पॉइंट्स और 26 टैकल पॉइंट्स हासिल किए।
उनकी कप्तानी ने टीम को आत्मविश्वास दिया और खिलाड़ियों के प्रदर्शन में निखार लाया। सबसे खास बात यह रही कि असलम ने महत्वपूर्ण मौकों पर रेडर्स और डिफेंडर्स दोनों की जिम्मेदारी निभाई। उनकी इस बहुमुखी भूमिका और जीत में अहम योगदान ने उन्हें MVP Award दिया।
PKL Season 11 MVP: मोहम्मदरेजा शादलू
11वें सीजन में ईरानी स्टार मोहम्मदरेजा शादलू का खेल बेहद शानदार रहा। हरियाणा स्टीलर्स के लिए खेलते हुए उन्होंने 82 टैकल पॉइंट्स के साथ डिफेंस में दम दिखाया और साथ ही रेडिंग में भी 57 पॉइंट्स का योगदान किया। उनका ऑलराउंड प्रदर्शन इस सीजन की सबसे बड़ी खासियत रहा।
शादलू ने कई मैचों में ऐसे समीकरण बदले जहां जीत की उम्मीद कम थी और वहीं से उन्होंने टीम के लिए महत्वपूर्ण पॉइंट्स जुटाए। उनके खेल ने हरियाणा को पहली बार खिताब जीतने में मदद की और उन्हें MVP Award दिलाया।
PKL Season 12 MVP: फजल अत्राचली
बारहवें सीजन में फजल अत्राचली ने अपने अनुभव और क्लास से दुनिया को फिर यह याद दिलाया कि उम्र केवल एक संख्या है। दाबंग दिल्ली की ओर से खेलते हुए उन्होंने 52 टैकल पॉइंट्स हासिल किए और टीम के सबसे सफल डिफेंडर साबित हुए।
इस सीजन में फजल की खासियत यह रही कि उन्होंने जरूरी मौकों पर रेडिंग में भी योगदान दिया और टीम के लिए महत्वपूर्ण पॉइंट्स जुटाए। फाइनल में उनकी वह टैकल जिसने आदित्य शिंदे को आउट किया, सीजन के सबसे अहम पलों में से एक रहा और उसी से दिल्ली को खिताब मिला। फजल का आत्मविश्वास, अनुभव और नेतृत्व इस MVP Award का बड़ा कारण रहा।
FAQs
1. PKL में MVP Award किस आधार पर दिया जाता है?
PKL में MVP Award उस खिलाड़ी को दिया जाता है जिसने पूरे सीजन में अपनी टीम के लिए सबसे अधिक प्रभाव छोड़ा हो। यह केवल रेड या टैकल पॉइंट्स पर निर्भर नहीं होता, बल्कि टीम की जीत में खिलाड़ी की भूमिका, निर्णायक पलों में योगदान और मैच पर नियंत्रण की क्षमता को भी ध्यान में रखा जाता है।
2. PKL में सबसे ज्यादा बार MVP Award किस खिलाड़ी ने जीता है?
PKL में सबसे ज्यादा बार MVP Award प्रदीप नरवाल और नवीन कुमार ने जीता है। प्रदीप ने लगातार दो सीजन यानी सीजन 4 और 5 में यह अवॉर्ड जीता, जबकि नवीन कुमार ने सीजन 7 और 8 में लगातार यह सम्मान हासिल किया।
3. क्या MVP Award जीतने वाली टीम हर बार चैंपियन बनती है?
ऐसा जरूरी नहीं है कि MVP Award जीतने वाली टीम चैंपियन ही बने। कुछ सीजन में MVP खिलाड़ी की टीम फाइनल में पहुंचकर हार भी गई, लेकिन खिलाड़ी के व्यक्तिगत प्रदर्शन को देखते हुए उसे यह अवॉर्ड दिया गया। हालांकि, कई बार MVP खिलाड़ी ने अपनी टीम को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई है।
4. क्या PKL में डिफेंडर्स को भी MVP Award मिला है?
हां, डिफेंडर्स को भी PKL में MVP Award मिला है। फजल अत्राचली और मोहम्मदरेजा शादलू ऐसे डिफेंडर्स रहे हैं, जिन्होंने डिफेंस के साथ रेडिंग में भी योगदान देकर अपनी टीम को मजबूत किया और MVP Award जीतने में सफलता पाई।
प्रो कबड्डी लीग (PKL) से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

