Jaipur Leg of Pro Kabaddi League 2025 Begins from 12th September: प्रो कबड्डी लीग 2025 अब अपने दूसरे लेग के साथ पिंक सिटी जयपुर पहुंचने जा रही है। यहाँ एसएमएस इंडोर स्टेडियम में 12 सितंबर से 27 सितंबर तक कई रोमांचक मुकाबलों का सिलसिला देखने को मिलेगा। इससे पहले लीग का पहला लेग वाइजैग में खेला गया, जहां दबंग दिल्ली, पुणेरी पलटन, तेलुगू टाइटंस और यू मुम्बा ने शानदार प्रदर्शन करके शुरुआती दौर में ही अपनी ताकत का एहसास कराया।
बता दें कि, जयपुर में आखिरी बार इस लीग का मैच जनवरी 2024 में खेला गया था। यानी करीब डेढ़ साल बाद यहां कबड्डी का बड़ा मेला लगने जा रहा है। इसी के साथ, फैंस को एक बार फिर अपनी पसंदीदा टीम जयपुर पिंक पैंथर्स को घरेलू मैदान पर खेलते देखने का मौका मिलेगा। यह टीम प्रो कबड्डी लीग के पहले सीजन की चैंपियन रह चुकी है और सीजन 9 में उसने अपना दूसरा खिताब जीता था। ऐसे में घरेलू मैदान और फैंस का सपोर्ट पिंक पैंथर्स के लिए बड़ी ताकत साबित हो सकता है।
नया फॉर्मेट और टाई-ब्रेकर से बढ़ा रोमांच
मशाल स्पोर्ट्स के बिजनेस हेड और लीग चेयरमैन अनुपम गोस्वामी ने जयपुर चरण की लॉन्चिंग के मौके पर कहा कि भारत का स्पोर्ट्स इकोसिस्टम तेजी से बदल रहा है और इसी वजह से PKL ने अपने फॉर्मेट में बदलाव किए हैं। इस बार टाई-ब्रेकर रूल लाया गया है, ताकि हर मैच का नतीजा निकल सके। इस सीजन अब तक पांच मैच टाई-ब्रेकर में गए हैं, जिनमें दो गोल्डन रेड भी शामिल रही हैं। यह बदलाव दर्शाता है कि लीग कितनी रोमांचक और प्रतिस्पर्धी हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि इस सीजन में करीब 30 प्रतिशत अंक उन खिलाड़ियों ने बनाए हैं, जो अपना पहला या दूसरा सीजन में खेल रहे हैं। इसका मतलब है कि युवा खिलाड़ियों का योगदान लगातार बढ़ रहा है और वही लीग का भविष्य तय कर रहे हैं।
इसके अलावा, एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया (AKFI) के प्रेसिडेंट विभोर जैन ने कहा कि जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों को तैयार करने का काम लगातार हो रहा है और प्रो कबड्डी लीग ने उन्हें बड़ा मंच दिया है। यह साझेदारी खिलाड़ियों और खेल दोनों के लिए शानदार साबित हुई है।
पिंक सिटी में दिखेगा कबड्डी का खास रंग
जयपुर हमेशा से अपनी सांस्कृतिक और खेल परंपरा के लिए मशहूर रहा है। एसएमएस इंडोर स्टेडियम में पहले भी कई यादगार मैच हो चुके हैं और इस बार भी फैंस वही जुनून और रोमांच महसूस कर पाएंगे। जयपुर पिंक पैंथर्स के कप्तान और कोचिंग स्टाफ ने भी शहर की खूबसूरती को नजदीक से महसूस किया और हवाई महल का दौरा किया।
जयपुर पिंक पैंथर्स के कप्तान नितिन रावल ने कहा कि टीम ने सीजन की अच्छी शुरुआत की है। अब तक दो जीत और दो बेहद करीबी मुकाबले खेले हैं। उनका मानना है कि घरेलू मैदान पर खेलने से टीम को अतिरिक्त ऊर्जा मिलेगी और फैंस के सपोर्ट से उनका आत्मविश्वास और बढ़ेगा।
वहीं, बेंगलुरु बुल्स के कप्तान योगेश दहिया ने कहा कि इस सीजन का हर मुकाबला अप्रत्याशित रहा है और यही खिलाड़ियों को और मेहनत करने के लिए प्रेरित करता है। उनकी टीम का लक्ष्य दबाव को मौके में बदलकर शानदार प्रदर्शन करना है।
दूसरे लेग के धमाकेदार ओपनर में भिड़ेंगी जयपुर पिंक पैंथर्स और बेंगलुरु बुल्स
जयपुर में खेले जाने वाले लेग का आगाज घरेलू टीम जयपुर पिंक पैंथर्स और बेंगलुरु बुल्स के बीच रोमांचक मुकाबले से होगा। वहीं, रात का दूसरा मैच तमिल थलाइवाज और बंगाल वॉरियर्स के बीच खेला जाएगा। दोनों ही मैच फैंस के लिए भरपूर एक्शन और रोमांच लेकर आएंगे।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

