Puneri Paltan vs Gujarat Giants PKL 2025 Match 8 Preview: प्रो कबड्डी लीग सीजन 12 का कारवां विशाखापट्टनम (वाइजैग) शुरू हो चुका है और सोमवार, 1 सितंबर की रात वहां का विश्वनाथ स्पोर्ट्स क्लब एक धमाकेदार मुकाबले का गवाह बनेगा। इस मुकाबले में पुणेरी पल्टन और गुजरात जायंट्स आमने-सामने होंगे। यह मैच इसलिए भी खास है क्योंकि इसमें दो पुराने साथी असलम इनामदार और मोहम्मदरेज़ा शादलूई एक-दूसरे से भिड़ेंगे।
पुणेरी पल्टन अपने पहले मैच में बेंगलुरु बुल्स को रोमांचक टाई-ब्रेक में हराकर आत्मविश्वास से भरी हुई है। दूसरी ओर गुजरात जायंट्स को अपने शुरुआती मैच में यू मुंबा से टाई-ब्रेक में हार झेलनी पड़ी थी। ऐसे में यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए अहम साबित होगा।
पुणेरी पल्टन बनाम गुजरात जायंट्स मैच डिटेल्स
मैच: पुणेरी पल्टन बनाम गुजरात जायंट्स
टूर्नामेंट: प्रो कबड्डी लीग 2025, मैच 8
तारीख: सोमवार, 1 सितंबर 2025
समय: रात 9 बजे
स्थान: विश्वनाथ स्पोर्ट्स क्लब, विशाखापट्टनम (वाइजैग)
लाइव टेलीकास्ट और ऑनलाइन स्ट्रीमिंग: स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार
लाइव स्कोर और अपडेट्स: prokabaddi.com या प्रो कबड्डी ऐप
पुणेरी पल्टन
पुणेरी पल्टन का सफर शुरुआती सीज़नों में ज्यादा खास नहीं रहा था, लेकिन धीरे-धीरे यह टीम लीग की सबसे मजबूत टीमों में शामिल हो गई। PKL 10 में पल्टन ने खिताब जीतकर अपना सपना पूरा किया था। हालांकि, PKL 11 में टीम का प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा और वह प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाई।
टीम ने इस बार अपने पुराने स्टार खिलाड़ियों को बरकरार रखा है और कोच अजय ठाकुर के नेतृत्व में एक दमदार छाप छोड़ने के इरादे से मैदान पर उतरी है। पहला मैच ही टीम की जुझारू मानसिकता का सबूत था, जिसमें असलम इनामदार की कप्तानी और आदित्य शिंदे का सुपर 10 पल्टन के आत्मविश्वास की बड़ी वजह बने।
गुजरात जायंट्स
गुजरात जायंट्स की कहानी बिल्कुल अलग है। शुरुआती दो सीजन (PKL 5 और 6) में लगातार फाइनल खेलने वाली इस टीम ने अपनी पहचान मजबूत बनाई थी। लेकिन इसके बाद से उनका ग्राफ लगातार गिरता चला गया। पिछले पांच सीजन में टीम सिर्फ दो बार ही प्लेऑफ तक पहुंच पाई और PKL 11 में तो वह प्वॉइंट्स टेबल पर दूसरे आखिरी स्थान पर रही।
इस बार टीम ने ईरानी डिफेंडर मोहम्मदरेज़ा शादलूई को 2.23 करोड़ रुपये खर्च कर अपने साथ जोड़ा है। यह कदम टीम की महत्वाकांक्षा और बदलाव की कोशिश को दिखाता है। शादलूई ने PKL 11 में हरियाणा स्टीलर्स को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी और 82 टैकल पॉइंट्स लेकर डिफेंस में सबसे आगे रहे थे। अब वह गुजरात की डिफेंस को मजबूती देने के लिए तैयार हैं।
पुणेरी पल्टन बनाम गुजरात जायंट्स हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
PKL में पुणेरी पल्टन और गुजरात जायंट्स अब तक 16 बार भिड़ चुके हैं। इनमें से 8 बार गुजरात ने जीत दर्ज की है, जबकि पुणेरी पल्टन 7 बार सफल रही है और एक मुकाबला टाई पर खत्म हुआ है। हालांकि, हालिया सीजनों में पल्टन ने बढ़त बनाई है और पिछले दो सालों में जायंट्स को सभी चार मैचों में हराया है। यह मानसिक बढ़त पल्टन के लिए बड़े काम की साबित हो सकती है।
पुणेरी पल्टन बनाम गुजरात जायंट्स मुकाबले में क्या होगा खास?
यह मुकाबला सिर्फ अंक तालिका के लिए नहीं, बल्कि प्रतिष्ठा की जंग भी होगा। एक ओर पुणेरी पल्टन है, जो चैम्पियन का दमखम दिखाना चाहती है, वहीं दूसरी ओर गुजरात जायंट्स अपनी पुरानी ताकत फिर से पाना चाहते हैं।
शादलूई और असलम के बीच की टक्कर डिफेंस और रेडिंग की असली परख होगी। इसके अलावा, पल्टन की रेडिंग में गहराई और गुजरात की डिफेंस इस मैच का निर्णायक पहलू साबित हो सकता है।
पुणेरी पल्टन बनाम गुजरात जायंट्स: ताकत और कमजोरियां
पुणेरी पल्टन की ताकत
पल्टन की सबसे बड़ी ताकत उनकी रेडिंग यूनिट है। असलम इनामदार कप्तान होने के साथ-साथ टीम के सबसे भरोसेमंद रेडर हैं। पंकज मोहिते और आदित्य शिंदे भी लगातार अंक जुटाने की क्षमता रखते हैं। सचिन का अनुभव टीम को अतिरिक्त बढ़त देता है। डिफेंस में गौरव खत्री और अबीनेश नडाराजन अच्छे तालमेल के साथ खेल रहे हैं।
पुणेरी पल्टन की कमजोरियां
टीम की कमजोर कड़ी पिछले सीजन में डिफेंस की अस्थिरता रही थी। कई बार डिफेंडर्स दबाव की घड़ी में अंक लुटा देते हैं। इसके अलावा, रेडिंग यूनिट पर अत्यधिक निर्भरता भी टीम के लिए खतरा साबित हो सकती है।
गुजरात जायंट्स की ताकत
गुजरात की सबसे बड़ी ताकत मोहम्मदरेज़ा शादलूई की मौजूदगी है। वह अकेले डिफेंस को मजबूती देने में सक्षम हैं और विपक्षी टीम पर दबाव बना सकते हैं। राकेश और हिमांशु सिंह जैसे रेडर्स अगर लय में आ जाएं तो किसी भी डिफेंस को तोड़ सकते हैं।
गुजरात जायंट्स की कमजोरियां
टीम की सबसे बड़ी समस्या निरंतरता की कमी है। रेडर्स अच्छे शुरू करते हैं लेकिन पूरे मैच में उसी लय को बरकरार नहीं रख पाते। साथ ही डिफेंस में शादलूई के अलावा बाकी खिलाड़ियों का अनुभव और संयम सवालों के घेरे में है।
कौन जीत सकता है यह मुकाबला?
कागज पर देखें तो पुणेरी पल्टन इस मुकाबले में ज्यादा मजबूत नज़र आती है। टीम के पास बेहतरीन रेडिंग विकल्प हैं और पिछले दो सीजन से उन्होंने गुजरात पर मनोवैज्ञानिक बढ़त भी बनाई है। पल्टन की रेडिंग गहराई जायंट्स की डिफेंस को बड़ी चुनौती दे सकती है।
हालांकि, गुजरात जायंट्स को हल्के में लेना बड़ी भूल होगी। शादलूई का डिफेंसिव खेल किसी भी रेडर को रोक सकता है और अगर राकेश व हिमांशु सिंह शुरुआत में बढ़िया लय पकड़ लेते हैं तो मैच पलट सकता है।
कुल मिलाकर, मौजूदा फॉर्म और टीम कॉम्बिनेशन को देखें तो पुणेरी पल्टन का पलड़ा भारी लगता है। लेकिन अगर गुजरात ने शुरुआती रेड्स में बढ़त बना ली और शादलूई ने अपने पुराने साथियों को रोक दिया, तो यह मुकाबला बेहद रोमांचक हो सकता है।
पुणेरी पल्टन बनाम गुजरात जायंट्स संभावित प्लेइंग 7
पुणेरी पल्टन: गौरव खत्री (राइट कॉर्नर), आदित्य शिंदे (राइट इन), अबीनेश नडाराजन (राइट कवर), पंकज मोहिते (सेंटर), गुरदीप (लेफ्ट कवर), असलम इनामदार (कप्तान, लेफ्ट इन), मोहम्मद अमान (लेफ्ट कॉर्नर)।
गुजरात जायंट्स: हिमांशु (राइट कॉर्नर), हिमांशु सिंह (राइट इन), नितिन पंवार (राइट कवर), राकेश (सेंटर), शुभम कुमार (लेफ्ट कवर), वी अजित कुमार (लेफ्ट इन), मोहम्मदरेज़ा शादलूई (कप्तान, लेफ्ट कॉर्नर)।
कबड्डी से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

