Nepal Kabaddi League Season 2026: नेपाल कबड्डी लीग का दूसरा सीज़न 5 जून से 19 जून तक आयोजित किया जाएगा। NKL Astronics Management के प्रमुख अमित कुमार बेगानी के मुताबिक सभी मुकाबले त्रिपुरेश्वर स्थित एनएससी कवर हॉल में खेले जाएंगे। सीजन 2 के आगाज़ से पहले पूर्व की विजेता टीम , मैच का फॉर्मेट और इसमें भाग लेने वाली सभी टीमों के बारे में बताएँगे।
नेपाल कबड्डी लीग भाग लेने वाली टीमें
पहले संस्करण में भाग लेने वाली छह टीमें ही इस बार भी मैदान में उतरेंगी
- बिराटनगर बैंडिट्स
- जनकपुर नाइट्स
- काठमांडू मैवरिक्स
- पोखरा लेकर्स
- हिमालयन रेडर्स
- धनगढी वाइल्डकैट्स
सीज़न 2 के लिए 512 से ज्यादा नेपाली खिलाड़ियों और 15 देशों के 100 से अधिक विदेशी खिलाड़ियों ने नामांकन कराया है। इनमें भारत, ईरान, कोरिया और पोलैंड जैसे देश शामिल हैं। साथ ही प्रो कबड्डी लीग के अनुभवी खिलाड़ियों के भी भाग लेने की संभावना है।
ड्राफ्ट प्रक्रिया में टीमों को कुछ खिलाड़ियों को रिटेन और कुछ को रिलीज़ करने का विकल्प मिलेगा, जबकि बाकी खिलाड़ियों का चयन ड्राफ्ट के जरिए किया जाएगा। हर फ्रेंचाइज़ी अधिकतम तीन विदेशी खिलाड़ियों को अनुबंधित कर सकेगी। Astronics Management के CEO विकास अग्रवाल ने बताया कि लीग का संचालन 10 करोड़ रुपये के बजट में होगा।
प्रतियोगिता का फॉर्मेट
लीग स्टेज में सभी टीमें राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में पाँच-पाँच मैच खेलेंगी। पॉइंट्स टेबल की टॉप चार टीमें प्लेऑफ में प्रवेश करेंगी। प्लेऑफ स्टेज में क्वालिफायर 1, एलिमिनेटर, क्वालिफायर 2 और फाइनल मुकाबला शामिल होगा।
पिछले सीज़न की झलक
पहले सीज़न में अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली जनकपुर नाइट्स ने फाइनल में काठमांडू मैवरिक्स को 43-41 से हराकर खिताब अपने नाम किया था। घनश्याम रोका मगर 174 अंकों के साथ सबसे मूल्यवान खिलाड़ी रहे। उन्होंने 125 रेड अंकों के साथ सर्वश्रेष्ठ रेडर का खिताब भी जीता, जबकि तनॉन्गसाक श्रीहेरा ने 35 टैकल अंकों के साथ सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर का पुरस्कार हासिल किया। पिछले संस्करण में बांग्लादेश, केन्या, श्रीलंका और थाईलैंड के खिलाड़ी भी शामिल हुए थे।
इस लीग के बाद नेपाल के बहुत से स्थानीय खिलाडियों को बड़ा मंच मिला है, जो आगे चलाकर इन्हें इंटरनेशनल लेवल के गेम में अहम कड़ी साबित हो सकता है।

