Top 5 Match Winner Players of Telugu Titans in PKL 2025: पिछले सीजन में तेलुगू टाइटंस ने प्रो कबड्डी लीग इतिहास में सीजन 4 के बाद अपना सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया। टीम भले ही प्लेऑफ में जगह बनाने से चूक गई, लेकिन पूरे सीजन में इस टीम ने शानदार मुकाबले खेले और मजबूत दावेदारी पेश की।
यह पहला मौका था जब सीजन 4 के बाद टाइटंस प्लेऑफ की इतनी करीब पहुंची थी। इस शानदार प्रदर्शन के बाद अब टीम मैनेजमेंट और फैंस को आगामी सीजन में इससे भी बेहतर नतीजों की उम्मीद है।
टीम ने एक बार फिर हेड कोच के तौर पर कृष्ण कुमार हुड्डा को जिम्मेदारी सौंपी है। हुड्डा ने PKL 12 के लिए अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं और फ्रेंचाइजी को पहली ट्रॉफी दिलाने के इरादे से नई टीम बनाई है। बीते दो सीजन से पवन कुमार सहरावत को रिटेन करने वाली टाइटंस ने इस बार अपने पूर्व कप्तान को रिलीज कर दिया है। ऐसे में टीम एक नए कप्तान और नए रेडर्स के साथ मैदान में उतरने जा रही है।
इस बार की टीम में कुछ ऐसे खिलाड़ी भी शामिल किए गए हैं जो मैच विनर साबित हो सकते हैं। तो चलिए जानते हैं PKL 12 में तेलुगू टाइटंस के लिए खेल रहे टॉप 5 खिलाड़ियों के बारे में, जो टीम को चैंपियन बना सकते हैं।
ये 5 बेहतरीन खिलाड़ी तेलुगू टाइटंस को PKL 2025 बना सकते हैं चैंपियन
5. अमन अंटिल (Aman Antil)
लेफ्ट कॉर्नर डिफेंडर अमन अंटिल पहली बार तेलुगू टाइटंस के लिए खेलते नजर आएंगे। अमन ने प्रो कबड्डी में अपना डेब्यू सीजन 7 में बेंगलुरु बुल्स के लिए किया था और अपनी मजबूत डिफेंस से सभी का ध्यान खींचा था।
अब तक खेले 78 मैचों में अमन ने कुल 188 टैकल पॉइंट्स हासिल किए हैं। इसमें उनके नाम 9 हाई-5 और 12 सुपर टैकल भी हैं। पिछले सीजन यानी PKL 11 में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 16 मैचों में 52 टैकल पॉइंट्स लिए थे, जिसमें 5 हाई-5 भी शामिल थे। अमन के आने से टाइटंस की डिफेंस को काफी मजबूती मिलेगी।
4. शुभम शिंदे (Shubham Shinde)
राइट कॉर्नर डिफेंडर शुभम शिंदे को भी तेलुगू टाइटंस ने इस सीजन के लिए अपनी टीम में शामिल किया है। शुभम प्रो कबड्डी के अनुभवी डिफेंडर हैं, जो अब तक 106 मुकाबले खेल चुके हैं। उनके नाम 207 टैकल पॉइंट्स, 9 हाई-5 और 18 सुपर टैकल दर्ज हैं।
शुभम पिछली बार पटना पाइरेट्स का हिस्सा थे और टीम को उपविजेता बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने पिछले सीजन में 22 मैचों में 56 टैकल पॉइंट्स लिए थे। उनकी मौजूदगी से टाइटंस के डिफेंस डिपार्टमेंट को मजबूती मिलेगी।
3. आशीष नरवाल (Ashish Narwal)
पिछले सीजन में जब टीम को सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब आशीष नरवाल ने अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई थी। चाहे टीम के स्टार रेडर पवन सहरावत की गैरमौजूदगी हो या ऑल आउट से बचाने की स्थिति, आशीष हर बार आगे आए।
PKL 11 में आशीष ने 120 रेड पॉइंट्स और 18 टैकल पॉइंट्स हासिल किए। उनके प्रदर्शन से प्रभावित होकर टीम ने इस बार FBM कार्ड का इस्तेमाल करते हुए उन्हें 15.70 लाख रुपये में रिटेन किया है। इस बार भी टाइटंस को उनसे शानदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
2. भरत हुड्डा (Bharat Hooda)
PKL 12 के ऑक्शन में तेलुगू टाइटंस ने भरत हुड्डा पर सबसे ज्यादा भरोसा दिखाया। ऑलराउंडर भरत लंबे समय से प्रो कबड्डी में खेल रहे हैं और विपक्षी टीमों पर अपना प्रभाव छोड़ते आए हैं।
हालांकि, पिछला सीजन उनके लिए खास नहीं रहा, जिसमें उन्होंने 102 रेड पॉइंट्स और 14 टैकल पॉइंट्स जुटाए। लेकिन अब तक के PKL करियर में उनके नाम 599 रेड पॉइंट्स, 28 सुपर 10 और 37 टैकल पॉइंट्स हैं। PKL 9 में भारत का प्रदर्शन जबरदस्त रहा था, जब उन्होंने 279 रेड पॉइंट्स जुटाए थे। इस बार भी टाइटंस को उनसे उसी फॉर्म की उम्मीद है।
1. विजय मलिक (Vijay Malik)
विजय मलिक PKL 12 में तेलुगू टाइटंस के सबसे बड़े खिलाड़ी होंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि इस बार टीम की कमान उनके हाथों में सौंपी जा सकती है। पिछले सीजन में पवन सहरावत की गैरमौजूदगी में विजय ने कप्तानी संभाली थी और टीम को शानदार तरीके से लीड किया था।
विजय मलिक ने PKL 11 में 172 रेड पॉइंट्स, जिसमें 7 सुपर 10 शामिल हैं, और 11 टैकल पॉइंट्स हासिल किए थे। उनके करियर की बात करें तो अब तक वह 581 रेड पॉइंट्स, 18 सुपर 10 और 92 टैकल पॉइंट्स जुटा चुके हैं। विजय इस बार टीम के ऑलराउंड परफॉर्मर के तौर पर सबसे बड़ी उम्मीद होंगे।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







