Friday, February 20

UP Yoddhas vs Haryana Steelers: प्रो कबड्डी लीग सीजन 12 (PKL 2025) अपने दिलचस्प मोड़ पर पहुंच चुकी है, जहाँ हर मुकाबला प्लेऑफ की रेस को और रोमांचक बना रहा है। यूपी योद्धाज ने दिल्ली लेग की शानदार शुरुआत करते हुए लगातार दो जीत दर्ज की हैं और अब टीम की नजर अपनी तीसरी जीत पर है। बुधवार को त्यागराज इंडोर स्टेडियम में उनका मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन हरियाणा स्टीलर्स से होगा।

लगातार दो जीत से बढ़ा यूपी योद्धाज का आत्मविश्वास

यूपी योद्धाज ने दिल्ली लेग में पहले बंगाल वॉरियर्स को हराया और फिर तमिल थलाइवाज को रोमांचक मुकाबले में 32-31 से मात दी। इन दोनों जीतों से टीम पॉइंट्स टेबल में आठवें स्थान पर पहुंच गई है और अब प्लेऑफ की रेस में मजबूती से बनी हुई है।

टीम के कप्तान सुमित सांगवान ने कहा, “कल की जीत से टीम को बहुत आत्मविश्वास मिला है, और हमने वही जोश आज के मैच में भी दिखाया। आगे भी हमारा लक्ष्य इसी तरह आत्मविश्वास के साथ खेलना है। टीम पर कोई दबाव नहीं है, हम बस अपने खेल को और बेहतर बनाना चाहते हैं।”

उपेंद्र मलिक ने गुमान सिंह के प्रदर्शन को सराहा

टीम के असिस्टेंट कोच उपेंद्र मलिक ने बताया कि हाल के मैचों में गुमान सिंह का प्रदर्शन टीम के लिए बड़ा सकारात्मक पहलू रहा है।

उन्होंने कहा, “गुमान लगातार अच्छा खेल रहे हैं। इससे सिर्फ रेडिंग यूनिट को नहीं बल्कि डिफेंस को भी फायदा मिल रहा है। उम्मीद है कि गुमान इसी लय को बनाए रखेंगे और डिफेंस भी महत्वपूर्ण मौकों पर अच्छा प्रदर्शन करेगा।”

नए फॉर्मेट ने बढ़ाया रोमांच का पारा

इस सीजन में प्रो कबड्डी लीग का फॉर्मेट थोड़ा बदला गया है। अब लीग मैचों में भी टाईब्रेकर रूल लाया गया है और हर जीत पर सिर्फ दो अंक मिलते हैं।

इस पर बात करते हुए असिस्टेंट कोच उपेंद्र मलिक ने कहा, “नए नियमों ने लीग को और दिलचस्प बना दिया है। अब हर टीम को प्लेऑफ तक पहुंचने का मौका है क्योंकि पहले जहां सिर्फ छह टीमें क्वालीफाई करती थीं, वहीं अब आठ टीमों को मौका मिलेगा। इससे हर मैच का महत्व बढ़ गया है।”

हरियाणा स्टीलर्स से मुकाबले में बदला लेने का मौका

यूपी योद्धाज का अगला मुकाबला हरियाणा स्टीलर्स से होगा, जिसके खिलाफ पिछले मैच में टीम को आखिरी पलों में हार झेलनी पड़ी थी।

कप्तान सुमित ने कहा, “हरियाणा के खिलाफ पिछला मैच काफी करीबी था और हम अंत में हार गए थे। इस बार हम उस मैच की गलतियों से सीख लेकर मैदान पर उतरेंगे। हमारी रणनीति पिछले दो मैचों की तरह मजबूत डिफेंस और संतुलित रेडिंग की होगी।”

बता दें कि, यूपी योद्धाज इस समय शानदार फॉर्म में हैं और टीम का आत्मविश्वास अपने चरम पर है। हरियाणा स्टीलर्स के खिलाफ मुकाबला उनके लिए सिर्फ एक और मैच नहीं, बल्कि पिछले मुकाबले की हार का जवाब देने का मौका भी होगा। नए फॉर्मेट में हर मैच दो अंकों की अहमियत रखता है, और ऐसे में दोनों टीमें प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक देंगी।

प्रो कबड्डी लीग 2025 (PKL 2025) से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version