Six Wildcards of FIDE World Cup 2025: चेस की दुनिया का सबसे बड़ा और प्रतिष्ठित टूर्नामेंट FIDE वर्ल्ड कप 2025 इस बार भारत के गोवा में खेला जाएगा। यह टूर्नामेंट 30 अक्टूबर से 27 नवंबर तक चलेगा और इसमें दुनिया के 206 टॉप खिलाड़ी नॉकआउट फॉर्मेट में मुकाबला करेंगे। हाल ही में, FIDE ने छह खिलाड़ियों को वाइल्डकार्ड एंट्री देने का ऐलान किया। इन खिलाड़ियों का चयन उनके हालिया प्रदर्शन, भविष्य की संभावनाओं और खेल में योगदान को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
बता दें कि, FIDE वर्ल्ड कप हर दो साल में आयोजित होता है और तीन हफ्तों तक चलता है। इसमें 206 खिलाड़ी नॉकआउट फॉर्मेट में खेलते हैं। इस टूर्नामेंट के टॉप तीन खिलाड़ी 2026 कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करेंगे, जहां अगले वर्ल्ड चैंपियनशिप के चैलेंजर का फैसला होगा।
खास बात यह है कि, वर्ल्ड चैंपियन एवं भारतीय ग्रैंडमास्टर दिव्या देशमुख और एक 11 वर्षीय खिलाड़ी को भी FIDE वर्ल्ड कप के लिए वाइल्डकार्ड मिला है। यहाँ हम आपको उन सभी छह खिलाड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें FIDE वर्ल्ड कप 2025 में वाइल्ड कार्ड एंट्री मिली है।
इन छह खिलाड़ियों को मिली FIDE वर्ल्ड कप 2025 में वाइल्डकार्ड एंट्री
1. दिव्या देशमुख
भारत की युवा ग्रैंडमास्टर दिव्या देशमुख ने इसी साल FIDE वीमेंस वर्ल्ड कप में जीत हासिल करके और ग्रैंड स्विस 2025 में शानदार प्रदर्शन कर सबका ध्यान खींचा था। उनका बेहतर खेल और हालिया टूर्नामेंट में प्रदर्शन उन्हें वाइल्डकार्ड का हकदार बनाता है। भारतीय फैंस के लिए यह बड़ी खुशखबरी है कि उन्हें इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में सीधे खेलने का मौका मिलेगा, जहाँ वह ओपन कैटेगरी में हिस्सा लेंगी।
2. अभिमन्यु मिश्रा
यूएसए के अभिमन्यु मिश्रा इतिहास में सबसे कम उम्र में ग्रैंडमास्टर बनने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने हाल ही में FIDE ग्रैंड स्विस टूर्नामेंट में पांचवां स्थान हासिल किया और शानदार फॉर्म में नजर आए। इसीलिए, उन्हें भी वर्ल्ड कप में वाइल्डकार्ड एंट्री मिली है और उनका प्रदर्शन देखने लायक होगा।
3. एंडी वुडवर्ड
अमेरिका के एंडी वुडवर्ड ने FIDE ग्रैंड स्विस में सातवां स्थान हासिल किया था, जिसके चलते उन्हें भी गोवा में होने वाले FIDE वर्ल्ड कप के लिए वाइल्डकार्ड एंट्री दी गई है। उनकी तेजतर्रार खेल शैली और आत्मविश्वास उन्हें इस बार के वर्ल्ड कप में देखने लायक खिलाड़ी बनाते हैं।
4. वोलोदार मुरजिन
सिर्फ 19 साल के मौजूदा वर्ल्ड रैपिड चैंपियन वोलोदार मुरजिन दुनिया के सबसे प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। उनकी सटीक रणनीतियाँ और आक्रामक खेल शैली उन्हें हर प्रतिद्वंद्वी के लिए चुनौतीपूर्ण बनाती है। इस वर्ल्ड कप में उनका प्रदर्शन देखने लायक रहेगा, जहाँ वह दुनिया के कई बड़े खिलाड़ियों को अपने प्रदर्शन से चौंका सकते हैं।
5. किरिल अलेकसेन्को
अब ऑस्ट्रिया का प्रतिनिधित्व कर रहे 28 वर्षीय किरिल अलेकसेन्को 2020-21 कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में खेल चुके हैं। FIDE वर्ल्ड कप के टॉप तीन खिलाड़ियों को ही कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में एंट्री मिलती है। ऐसे में उनका अनुभव उन्हें इस बार के टूर्नामेंट में एक मजबूत दावेदार बनाता है।
6. फॉस्टिनो ओरो
अर्जेंटीना के चेस प्रोडिजी फॉस्टिनो ओरो सिर्फ 11 साल के हैं, जिन्हें ‘चेस का मैसी’ भी कहा जाता है। उन्हें इस उम्र में वर्ल्ड कप में खेलने का मौका मिलना चेस फैंस के लिए बेहद खास है। इसीलिए, ओरो के प्रदर्शन पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी, क्योंकि वह इस टूर्नामेंट में बड़ा कारनामा करने की क्षमता रखते हैं।
चेस से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

