भारत के पैरा-बैडमिंटन टीम ने इंडोनेशिया पैरा-बैडमिंटन इंटरनेशनल में शानदार प्रदर्शन किया। प्रमोद भगत और सुकांत कदम की जोड़ी ने पुरुष युगल एसएल3-एसएल4 में गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने इंडोनेशिया के द्वियोको और सेतियावान को सीधे दो गेमों में 21-16, 21-12 से हराया। इसके अलावा, चार और भारतीय खिलाड़ियों ने विभिन्न श्रेणियों में गोल्ड मेडल जीतकर टीम की जीत में योगदान दिया।
जीत के बाद सुकांत कदम ने बताया कि “पूरे हफ्ते कोर्ट पर दोनों के बीच अच्छा तालमेल रहा। स्थानीय खिलाड़ियों को हराकर स्वर्ण जीतना इस बात का प्रमाण है कि वे उच्च स्तर पर खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह जीत आने वाले सीज़न के लिए उन्हें नई ऊर्जा और आत्मविश्वास देगी।”
प्रमोद भगत ने कहा “कि इतने कठिन टूर्नामेंट में सुकांत के साथ स्वर्ण पदक जीतना बेहद खास एहसास है। हर पदक उनकी मेहनत और भारत के लिए खेलने के गर्व को दिखाता है।” इसके अलावा, भारत का दबदबा पुरुष एकल वर्गों में भी जारी रहा, जहाँ नितेश कुमार और शिवकुमार ने शानदार खेल दिखाते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
महिला एकल एसयू5 वर्ग में मनीषा रामदास ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, एसएच6 वर्ग में सुमति सिवान ने शानदार और आत्मविश्वास से भरा प्रदर्शन करते हुए भारत को एक और गोल्ड मेडल दिलाया।
प्रमोद भगत ने मिश्रित युगल वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। वहीं, टोक्यो पैरालंपिक चैंपियन कृष्णा नागर ने पुरुष एकल एसएच6 वर्ग में ब्रोंज मेडल और मिश्रित युगल एसएच6 वर्ग में सिल्वर मेडल जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।
कृष्णा नागर और उनकी जोड़ीदार सुमति सिवान ने फाइनल में शानदार संघर्ष किया, लेकिन वे इंडोनेशिया के सुभान और मार्लिना की जोड़ी से 13-21, 9-21 के अंतर से हार गईं।
अन्य खिलाड़ियों में सोलाईमलाई ने पुरुष एसएच6 वर्ग में सिल्वर मेडल जीता। एस कुमार ने पुरुष डब्ल्यूएच1 वर्ग में सिल्वर मेडल हासिल किया। वहीं, प्रेम कुमार और अल्फिना जेम्स की जोड़ी ने मिश्रित युगल डब्ल्यूएच1-डब्ल्यूएच2 वर्ग में रजत पदक जीता, जबकि अबू हुबैदा और प्रेम कुमार ने पुरुष युगल डब्ल्यूएच1-डब्ल्यूएच2 वर्ग में रजत पदक जीतकर भारत का नाम रोशन किया।

