गुजरात जायंट्स वीमेन (GGW) की मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज भारती फुलमाली देर से मिली पहचान को WPL में अपने दमदार खेल से सही ठहरा रही हैं।
भारती फुलमाली (Bharti Fulmali) भारतीय महिला क्रिकेट की उन खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने लंबे समय तक घरेलू क्रिकेट में मेहनत की और आखिरकार बड़े मंच पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। महाराष्ट्र के अमरावती से आने वाली यह दाएं हाथ की बल्लेबाज अपनी आक्रामक मिडिल ऑर्डर बल्लेबाजी के लिए जानी जाती हैं। भले ही उनका अंतरराष्ट्रीय करियर छोटा रहा हो, लेकिन घरेलू क्रिकेट और वीमेंस प्रीमियर लीग में उनके हालिया प्रदर्शन ने उन्हें फिर से चर्चा में ला दिया है।
व्यक्तिगत जानकारी (Bharti Fulmali Personal Information)
पूरा नाम: भारती श्रीकृष्ण फुलमाली
जन्म: 11 अक्टूबर 1994
जन्म स्थान: अमरावती, महाराष्ट्र
उम्र: 31 वर्ष
बैटिंग स्टाइल: राइट हैंड बैट
बॉलिंग स्टाइल: राइट आर्म मीडियम फास्ट
भूमिका: मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज
टीमें: विदर्भ वीमेन, ट्रेलब्लेज़र्स, गुजरात जायंट्स वीमेन, भारत वीमेन
बेहद कम उम्र में घरेलू क्रिकेट में शुरुआत
भारती फुलमाली ने महज 13 साल की उम्र में जूनियर लेवल पर घरेलू क्रिकेट में कदम रख दिया था। उन्होंने विदर्भ अंडर- 19 टीम के लिए खेलते हुए अपनी प्रतिभा का शुरुआती परिचय दिया। कम उम्र में ही बड़े शॉट खेलने की क्षमता ने उन्हें अलग पहचान दिलाई। 17 साल की उम्र में, 2011-12 सीजन के दौरान, उन्होंने सीनियर वीमेंस टी20 क्रिकेट में डेब्यू किया। इसके बाद उनका करियर लगातार आगे बढ़ता गया और 2015-16 सीजन में उन्हें विदर्भ अंडर- 23 टीम की कप्तानी भी सौंपी गई।
घरेलू क्रिकेट में निरंतर प्रदर्शन
भारती फुलमाली ने भारत अंडर- 19, अंडर- 23, सीनियर और जोनल स्तर तक भारत का प्रतिनिधित्व किया। 2018-19 सीनियर वीमेंस चैलेंजर ट्रॉफी उनके करियर का अहम मोड़ साबित हुई। इंडिया ब्लू की ओर से खेलते हुए उन्होंने तीन मैचों में 114 रन बनाए और टूर्नामेंट की दूसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रहीं। फाइनल मुकाबले में दबाव की स्थिति में खेली गई उनकी 69 रन की पारी को खास तौर पर सराहा गया। इससे पहले उन्होंने इंडिया ग्रीन के खिलाफ नाबाद 45 रन भी बनाए थे।
भारत वीमेन के लिए अंतरराष्ट्रीय सफर
घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रदर्शन के बाद भारती फुलमाली को मार्च 2019 में भारत वीमेन टीम में जगह मिली। उन्होंने इंग्लैंड वीमेन के खिलाफ अपना टी20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले। दो टी20 मुकाबलों में उन्होंने 18 और 5 रन बनाए। सीमित अवसरों के कारण वह टीम में अपनी जगह पक्की नहीं कर सकीं और जल्द ही राष्ट्रीय टीम से बाहर हो गईं।
अंतरराष्ट्रीय टीम से बाहर होने के बाद भारती फुलमाली ने हार नहीं मानी। उन्होंने चुपचाप घरेलू क्रिकेट में वापसी की और विदर्भ के लिए लगातार रन बनाती रहीं। सीजन दर सीजन उनका प्रदर्शन स्थिर रहा, लेकिन पहचान मिलने में समय लगा।
WPL ने दिलाई असली पहचान
वीमेंस प्रीमियर लीग ने भारती फुलमाली के करियर को नई दिशा दी। 2024 में उन्हें चोटिल हरलीन देओल के रिप्लेसमेंट के तौर पर गुजरात जायंट्स में शामिल किया गया। हालांकि, उस सीजन में उन्हें सिर्फ तीन मैच खेलने का मौका मिला, लेकिन उन्होंने 42 रन की तेज पारी और एक मैच में नाबाद 21 रन बनाकर अपनी उपयोगिता साबित की।
WPL 2025 में धमाकेदार प्रदर्शन
WPL 2025 में गुजरात जायंट्स ने भारती फुलमाली को रिटेन किया और उन्होंने इस भरोसे को सही साबित किया। सीजन की शुरुआत उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ नाबाद 40 रन बनाकर की। इसके बाद लीग के आखिरी मुकाबले में मुंबई इंडियंस वीमेन के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 25 गेंदों पर 61 रन ठोक दिए। एलिमिनेटर मुकाबले में भी उन्होंने 20 गेंदों पर 30 रन बनाए। भले ही गुजरात जायंट्स को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन भारती का प्रदर्शन सबसे ज्यादा चर्चा में रहा।
WPL 2026 में भारती फुलमाली का प्रदर्शन
WPL 2025-26 सीजन में भी भारती फुलमाली गुजरात जायंट्स की मिडिल ऑर्डर की अहम बल्लेबाज बनी हुई हैं। उन्होंने इस सीजन अब तक ३ मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने 3 मैचों में 189.29 की बेहतरीन स्ट्राइक रेट से 53 रन बनाए हैं। उन्होंने अब तक क्रमशः 7 गेंदों पर 14*, 6 गेंदों पर 3 और 15 गेंदों पर 36* रनों की पारियां खेली है।
भारती फुलमाली की खेलने की शैली
भारती फुलमाली एक आक्रामक मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज हैं, जो शुरुआत से ही गेंदबाजों पर दबाव बनाती हैं। स्पिन और पेस दोनों के खिलाफ बड़े शॉट खेलना उनकी ताकत है। जरूरत पड़ने पर वह मीडियम फास्ट गेंदबाजी भी कर सकती हैं, हालांकि उनका मुख्य योगदान बल्लेबाजी से ही आता है।
भारती फुलमाली के खेलकूद से जुड़े आंकड़े
WPL करियर आंकड़े (Career Stats)
बल्लेबाजी
मैच: 12
रन: 250
सर्वश्रेष्ठ स्कोर: 61
औसत: 50.00
स्ट्राइक रेट: 158.22
चौके: 26
छक्के: 13
WT20I आँकड़े
मैच: 2
पारियां: 2
रन: 23
बेस्ट स्कोर: 18
स्ट्राइक रेट: 69.69
औसत: 11.50
चौके: 2
छक्के: 0
करियर टाइमलाइन (Career Timeline)
घरेलू डेब्यू: 17 साल की उम्र में विदर्भ के लिए
सीनियर टी20 डेब्यू: 2011-12
अंतरराष्ट्रीय डेब्यू: भारत वीमेन बनाम इंग्लैंड, मार्च 2019
WPL डेब्यू: गुजरात जायंट्स वीमेन, 2024
WPL में यादगार पारी: WPL 2025 में मुंबई इंडियंस वीमेन के खिलाफ 61 रन
WPL 2026 से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







