6 Longest Wimbledon Mens Winning Streaks
विम्बलडन 2024 की शुरूआत 01 जुलाई से लंदन में हो चुकी है और इसका फाइनल मुकाबला 14 जुलाई को खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट में कई सारे दिग्गज खिलाड़ी खेलते नजर आ रहे हैं, जिसमें डिफेंडिंग चैम्पियन कार्लोस अलकराज़ का नाम भी शामिल है। अलकराज़ ने पिछले विम्बलडन में लगातार सात मैचों में जीत हासिल करके टाइटल जीता था। उन्होंने फाइनल मुकाबले में सर्बियाई दिग्गज नोवाक जोकोविच को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी। वह इस साल भी अपनी लगातार मैचों जीत के आँकड़े को बढ़ाना चाहेंगे।
विम्बलडन ओपन एरा मेन्स सिंगल्स के इतिहास में अब तक 6 खिलाड़ी ऐसे रहे हैं, जिन्होंने लगातार 20 या उससे ज्यादा मैचों में जीत हासिल की है। इस सूची में कई सारे दिग्गजों का नाम शामिल है। अब यहां हम विम्बलडन ओपन एरा में मेन्स सिंगल्स में 6 सबसे लगातार सबसे ज्यादा जीत का रिकॉर्ड बनाने वाले टॉप 6 खिलाड़ियों के बारे में जानकारी देने जा रहे हैं।
6 दिग्गज पुरूष खिलाड़ी जिनके नाम विम्बलडन में दर्ज है लगातार सबसे ज्यादा जीत का रिकॉर्ड | 6 Longest Wimbledon Mens Winning Streaks
6. राफेल नडाल – 20 मैच

स्पेनिश खिलाड़ी राफेल नडाल ने 2006 और 2007 के विम्बलडन फाइनल में रोजर फेडरर से हारने के बाद 2008 और 2011 के बीच ग्रास-कोर्ट ग्रैंड स्लैम में लगातार 20 मैच जीते थे। 2008 में स्पेन के इस खिलाड़ी ने फेडरर को 5 सेट्स के रोमांचक मुकाबले में हराकर ऑल इंग्लैंड क्लब में अपना पहला टाइटल जीता था। 2009 में चोट के कारण नडाल को टूर्नामेंट छोड़ना पड़ा था, जिसके चलते वह अपना टाइटल डिफेंड करने में असफल रहे थे।
2010 में विम्बलडन में वापसी करते हुए राफेल नडाल ने फाइनल में टॉमस बर्डिच को स्ट्रेट सेट्स में हराकर इस प्रतियोगिता में अपना दूसरा टाइटल जीता, जो उनका अब तक का आखिरी टाइटल भी है। वह 2011 में फिर से विम्बलडन के फाइनल में पहुंचे, लेकिन वहां नोवाक जोकोविच से 4 सेट की हार के साथ उनकी जीत का सिलसिला टूट गया।
5. पीट सैम्प्रास– 25 मैच

अमेरिकी खिलाड़ी पीट सैम्प्रास ने 1993 से 1996 के बीच विम्बलडन में लगातार 25 मैचों में जीत हासिल की थी, जिनमें 3 टाइटल भी शामिल थे। उन्होंने 1993, 1994 और 1995 में विम्बलडन फाइनल में जिम कूरियर को सेट्स में, गोरान इवानिसेविक को स्ट्रेट सेट्स में और बोरिस बेकर को 4 सेट्स में हराया था। सैम्प्रास साल 1996 के विम्बलडन के क्वार्टर फाइनल में भी पहुंचे थे, लेकिन वहां उन्हें रिचर्ड क्राजिसेक ने स्ट्रेट सेट्स में हरा दिया था। इस तरह से उनके लगातार 25 मैचों में जीत का सिलसिला समाप्त हो गया था।
4. पीट सैम्प्रास – 31 मैच
1996 के क्वार्टर फाइनल में रिचर्ड क्राजिसेक के खिलाफ अपनी आश्चर्यजनक हार के बाद, पीट सैम्प्रास ने अपनी पिछली लगातार 25 मैचों में जीत के आंकड़ों को और भी बेहतर किया। उन्होंने 1996 से लेकर 2000 तक लगातार चार विम्बलडन टाइटल भी अपने नाम किए।
महान टेनिस खिलाड़ी ने 1997, 1998, 1999 और 2000 के विम्बलडन फाइनल में क्रमशः सेड्रिक पियोलिन को स्ट्रेट सेट्स में, इवानिसेविक को 5 सेट्स में, आंद्रे अगासी को स्ट्रेट सेट्स में तथा पैट्रिक राफ्टर को 4 सेट्स में हराया। 2001 के विम्बलडन चैंपियनशिप में चौथे राउंड में रोजर फेडरर से 5 सेट्स में हार के बाद सैम्प्रास का 31 मैचों में लगातार जीत हासिल करने का सिलसिला टूट गया था।
3. नोवाक जोकोविच – 34 मैच

नोवाक जोकोविच ने 2018 और 2023 के बीच विम्बलडन में लगातार 34 मैच जीते और इस दौरान उन्होंने अपने सात में से चार टाइटल अपने नाम किया था। सर्बियाई खिलाड़ी ने 2018 के फाइनल में केविन एंडरसन को स्ट्रेट सेट्स में और उसके बाद 2019 के रोमांचक चैंपियनशिप मैच में रोजर फेडरर को 5 सेट्स में हराया था।
विम्बलडन 2020 के रद्द होने के बाद, जोकोविच ने 2021 और 2022 के फाइनल में क्रमशः माटेओ बेरेटिनी और निक किर्गियोस पर चार सेट की जीत के साथ अपना तीसरा और चौथा लगातार टाइटल जीता। 2023 में, जोकोविच लगातार पांच विम्बलडन टाइटल जीतने से सिर्फ एक सेट दूर रह गए, क्योंकि उन्हें फाइनल मुकाबले में कार्लोस अल्काराज़ के खिलाफ पांच सेट के रोमांचक चैंपियनशिप मैच में हार गए।
2. रोजर फेडरर – 41 मैच

2003 और 2008 के बीच, रोजर फेडरर ने विम्बलडन के ओपन एरा मेन्स सिंगल्स में लगातार सबसे ज्यादा टाइटल और मैच जीतने के मामले में बोर्ग के रिकॉर्ड की बराबरी की। स्विस खिलाड़ी ने अपने रिकॉर्ड आठ विम्बलडन टाइटल्स में से पांच टाइटल इस बीच जीते थे। इसकी शुरुआत 2003 के फाइनल में मार्क फिलिपोसिस के खिलाफ स्ट्रेट सेट्स में जीत के साथ हुई थी, जो उनका पहला मेजर टाइटल था।
फेडरर ने 2004 और 2005 के फाइनल मुकाबलों में एंडी रॉडिक को 4 सेट और स्ट्रेट सेट में हराया था। इसके बाद, उन्होंने 2006 और 2007 के फाइनल में नडाल को 4 सेट और 5 सेट में हराया था। दिग्गज टेनिस स्टार ने 2008 में लगातार छठी बार विम्बलडन के फाइनल में पहुंचे, लेकिन वहां उन्हें राफेल नडाल के खिलाफ 5 सेट के मैच में हार झेलनी पड़ी। इसी के साथ, उनका 41 मैचों की अविश्वसनीय जीत का सिलसिला टूट गया था।
1. ब्योर्न बोर्ग – 41 मैच

फेडरर की तरह, ब्योर्न बोर्ग ने भी विम्बलडन में लगातार 41 मैच जीते हैं और लगातार पांच सालों तक ऑल इंग्लैंड क्लब में अपना दबदबा बनाए रखा था। स्वीडिश खिलाड़ी ने 1976 में अपने पांच विम्बलडन टाइटल्स में से पहला टाइटल तब हासिल किया था, जब उन्होंने फाइनल में इली नास्तासे को स्ट्रेट सेट्स में हराया था।
बोर्ग ने 1977 और 1978 के फाइनल मुकाबलों में जिमी कोनर्स को स्ट्रेट सेट्स और पांच सेट्स में हराया। इसके बाद, 1979 के फाइनल में उन्होंने रोस्को टैनर को पांच सेट्स में हराया था।
साल 1980 के चैंपियनशिप मैच में बोर्ग ने जॉन मैकेनरो को पांच सेट्स के महामुकाबले में हराया था, जिसे विम्बलडन इतिहास के अब तक के सबसे बेहतरीन मुकाबलों में से एक माना जाता है। टेनिस स्टार 1981 में एक बार फिर ग्रास कोर्ट ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंचे, लेकिन वहां मैकेनरो से 4 सेट्स में हारने के बाद उनके लगातार 41 मैचों में जीत का सिलसिला टूट गया।
6 Longest Wimbledon Mens Winning Streaks

