अल्काराज और जोकोविच की राइवलरी नई पीढ़ी और महान अनुभव के बीच टेनिस की सबसे सच्ची लड़ाई को दिखाती है।
Carlos Alcaraz और Novak Djokovic की राइवलरी सिर्फ मैच जीतने की कहानी नहीं है। यह उस बदलाव की कहानी है जहाँ एक युवा खिलाड़ी खेल की दिशा बदल रहा है और एक दिग्गज खिलाड़ी हर नई चुनौती को अपने अनुभव से रोकने की कोशिश कर रहा है।
2022 से लेकर 2026 तक, दोनों खिलाड़ी अब तक 10 बार आमने-सामने आए हैं। इन मुकाबलों में जीत का रिकॉर्ड 5-5 से बराबर है, जो यह साबित करता है कि यह राइवलरी कितनी संतुलित और बेहतरीन रही है। बड़ी बात यह है कि, अल्काराज ने ग्रैंड स्लैम फाइनल्स में जोकोविच को हर बार हराया है।
ये हैं कार्लोस अल्काराज और नोवाक जोकोविच के बीच खेले गए सभी 10 मुकाबले
10. ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 फाइनल (Alcaraz d. Djokovic 2-6, 6-2, 6-3, 7-5)
2026 ऑस्ट्रेलियन ओपन फाइनल इस राइवलरी का सबसे ऐतिहासिक मुकाबला बना। जोकोविच ने पहला सेट पूरी आक्रामकता के साथ जीता और ऐसा लगा कि वह एक और मेलबर्न खिताब की ओर बढ़ रहे हैं।
इसके बाद अल्काराज ने बेसलाइन से अपनी पकड़ मजबूत की। उन्होंने दूसरे सेट में दो बार सर्विस ब्रेक किया और मैच की दिशा बदल दी। तीसरे और चौथे सेट में अल्काराज पूरी तरह लय में दिखे और निर्णायक क्षणों में ज्यादा ऊर्जा दिखाई।
चौथे सेट के 12वें गेम में मिला ब्रेक इस मैच का टर्निंग पॉइंट बना। इस जीत के साथ अल्काराज ने करियर ग्रैंड स्लैम पूरा किया और जोकोविच का ऑस्ट्रेलियन ओपन फाइनल में अजेय रिकॉर्ड टूट गया।
9. यूएस ओपन 2025 सेमीफाइनल (Alcaraz d. Djokovic 6-4, 7-6, 6-4)
यूएस ओपन 2025 में यह मुकाबला पीढ़ियों की टक्कर का प्रतीक बना। अल्काराज ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और मैच की गति अपने हाथ में रखी।
दूसरे सेट में 0-3 से पिछड़ने के बावजूद अल्काराज ने धैर्य नहीं खोया और शानदार वापसी की। तीसरे सेट में जोकोविच शारीरिक रूप से संघर्ष करते नजर आए, जिसका फायदा अल्काराज ने पूरी तरह उठाया। इस जीत के साथ अल्काराज ने हेड टू हेड में अंतर कम किया और अपनी निरंतरता को साबित किया।
8. ऑस्ट्रेलियन ओपन 2025 क्वार्टरफाइनल (Djokovic d. Alcaraz 4-6, 6-4, 6-3, 6-4)
इस मुकाबले को लेकर पहले से ही काफी चर्चा थी। अल्काराज ने पहला सेट जीतकर दबाव बना दिया लेकिन इसके बाद जोकोविच ने अनुभव का इस्तेमाल किया।
मैच के दौरान जोकोविच को चोट की समस्या हुई और मेडिकल टाइम आउट लेना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने खुद को संभाला और हर सेट के साथ बेहतर होते चले गए।
अल्काराज ने अंत तक संघर्ष किया, लेकिन जोकोविच ने चार सेट में जीत दर्ज कर यह दिखा दिया कि दबाव में उनका खेल और मजबूत हो जाता है।
7. पेरिस ओलंपिक 2024 फाइनल (Djokovic d. Alcaraz 7-6, 7-6)
यह मुकाबला दोनों खिलाड़ियों की मानसिक मजबूती का सबसे बड़ा उदाहरण था। इस मुकाबले में दोनों सेट टाई ब्रेक तक गए थे और उस समय हर पॉइंट पर दबाव साफ महसूस किया जा सकता था।
जोकोविच ने पूरे मैच में एक भी ब्रेक पॉइंट नहीं गंवाया और निर्णायक क्षणों में अल्काराज से गलतियां निकलवाईं। इस जीत के साथ जोकोविच ने ओलंपिक गोल्ड मेडल जीता, जो उनके करियर का एक बड़ा अधूरा सपना था। इसी के साथ उन्होंने अपना करियर गोल्डन स्लैम पूरा किया था।
6. विंबलडन 2024 फाइनल (Alcaraz d. Djokovic 6-2, 6-2, 7-6)
विंबलडन 2024 फाइनल में अल्काराज पूरी तरह हावी नजर आए। उन्होंने कम गलतियां कीं और लगातार विनर्स लगाए।
तीसरे सेट में थोड़ी घबराहट दिखी लेकिन टाई ब्रेक में अल्काराज ने खुद को संभाल लिया। इस जीत के साथ उन्होंने अपना चौथा ग्रैंड स्लैम खिताब जीता। यह मैच दिखाता है कि अल्काराज बड़े मंच पर कितनी तेजी से परिपक्व हो रहे हैं।
5. निट्टो एटीपी फाइनल्स 2023 सेमीफाइनल (Djokovic d. Alcaraz 6-3, 6-2)
2023 के निट्टो एटीपी फाइनल्स में यह मुकाबला अब तक की राइवलरी का सबसे एकतरफा मैच साबित हुआ। इससे पहले दोनों के बीच खेले गए मुकाबले बेहद करीबी रहे थे, लेकिन ट्यूरिन में जोकोविच ने पूरी तरह नियंत्रण में खेल दिखाया।
जोकोविच की गहरी और लगातार बेसलाइन शॉट्स ने अल्काराज को खुलकर खेलने का कोई मौका नहीं दिया। अल्काराज पूरे मैच में अपनी सामान्य आक्रामक लय में नहीं दिखे। दूसरे सेट में एक ब्रेक से पिछड़ने के बाद उन्होंने बड़े शॉट्स के जरिए वापसी की कोशिश जरूर की, लेकिन जोकोविच ने दबाव में खुद को और मजबूत दिखाया।
मैच का निर्णायक पल तब आया जब जोकोविच ने 15-40 से निकलकर 4-2 पर सर्विस होल्ड किया। इसके बाद उन्होंने एक भी गेम नहीं गंवाया। इस जीत के साथ जोकोविच पहली बार हेड टू हेड में आगे निकले और बाद में फाइनल में यानिक सिनर को हराकर रिकॉर्ड सातवां निट्टो एटीपी फाइनल्स खिताब जीता।
4. सिनसिनाटी ओपन 2023 फाइनल (Djokovic d. Alcaraz 5-7, 7-6, 7-6)
विंबलडन 2023 फाइनल के कुछ हफ्तों बाद दोनों खिलाड़ी पहली बार हार्ड कोर्ट पर आमने-सामने आए। सिनसिनाटी ओपन का यह फाइनल राइवलरी के सबसे रोमांचक मुकाबलों में शामिल हो गया।
अल्काराज ने पहला सेट जीत लिया और दूसरे सेट में भी ब्रेक की बढ़त बना ली थी। अगर वह 4-3 के बाद दो सर्विस होल्ड कर लेते तो मैच जल्दी खत्म हो सकता था। लेकिन यहीं से मैच ने करवट बदली।
जोकोविच ने दूसरे सेट के टाई ब्रेक में मैच प्वाइंट बचाया और मुकाबले को निर्णायक सेट तक खींच ले गए। तीसरे सेट में अल्काराज ने जब जोकोविच की सर्विस ब्रेक कर वापसी की तो मैच का स्तर और ऊंचा हो गया।
करीब चार घंटे चले इस मुकाबले में अंततः जोकोविच विजेता बने। यह एटीपी टूर इतिहास का सबसे लंबा बेस्ट ऑफ थ्री फाइनल था और इस जीत ने दिखा दिया कि बड़े मौकों पर जोकोविच कैसे अपना सर्वश्रेष्ठ खेल निकालते हैं।
3. विंबलडन 2023 फाइनल (Alcaraz d. Djokovic 1-6, 7-6, 6-1, 3-6, 6-4)
यह मैच राइवलरी का सबसे ऐतिहासिक मोमेंट बन गया। जोकोविच इतिहास रचने की ओर बढ़ रहे थे और पहला सेट जीतकर उन्होंने संकेत भी दे दिया था कि वह नियंत्रण में हैं।
दूसरे सेट के टाई ब्रेक में जोकोविच को सेट प्वाइंट मिला, लेकिन एक साधारण बैकहैंड गलती ने मैच की दिशा बदल दी। यहीं से अल्काराज का आत्मविश्वास बढ़ा और उन्होंने मैच में नई जान डाल दी।
लगभग पांच घंटे चले इस मुकाबले में अल्काराज ने शारीरिक और मानसिक दोनों स्तर पर खुद को साबित किया। पांचवें सेट में उन्होंने दबाव में बेहतर खेल दिखाया और अपना दूसरा ग्रैंड स्लैम खिताब जीत लिया। यह जीत सिर्फ एक ट्रॉफी नहीं थी, बल्कि टेनिस की नई पीढ़ी के आगमन की घोषणा थी।
2. फ्रेंच ओपन 2023 सेमीफाइनल (Djokovic d. Alcaraz 6-3, 5-7, 6-1, 6-1)
2023 फ्रेंच ओपन सेमीफाइनल से पहले इस मुकाबले को लेकर भारी उत्साह था। मैड्रिड में हुई भिड़ंत के बाद माना जा रहा था कि यह मैच भी यादगार होगा।
पहले दो सेट तक मुकाबला बराबरी का रहा। दूसरा सेट जीतने के बाद अल्काराज पूरी लय में आ रहे थे, लेकिन तीसरे सेट की शुरुआत में उन्हें क्रैम्प की समस्या हो गई।
शारीरिक परेशानी के बाद अल्काराज मुकाबले में वापस नहीं आ सके। जोकोविच ने मौके का पूरा फायदा उठाया और बिना किसी जोखिम के मैच अपने नाम कर लिया। यह ग्रैंड स्लैम में दोनों की पहली भिड़ंत थी, जो उम्मीदों के मुताबिक लंबी नहीं चल सकी।
1. मैड्रिड ओपन 2022 सेमीफाइनल (Alcaraz d. Djokovic 6-7, 7-5, 7-6)
यह वही मैच था, जहाँ से अल्काराज बनाम जोकोविच राइवलरी की असली शुरुआत हुई थी। इस मुकाबले से पहले अल्काराज ने दिग्गज राफेल नडाल को हराया था और इस मुकाबले में उनके सामने दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी थे।
यह मैच तीन घंटे से ज्यादा चला और अल्काराज ने ताकत के साथ साथ टच और ड्रॉप शॉट्स का बेहतरीन इस्तेमाल किया। उन्होंने 51 विनर्स लगाए और जोकोविच को पूरे कोर्ट में दौड़ाया।
आखिरी पलों में एक जोरदार फोरहैंड विनर के साथ अल्काराज ने मैच खत्म किया। इसी जीत के साथ वह एक ही क्ले कोर्ट टूर्नामेंट में नडाल और जोकोविच दोनों को हराने वाले पहले खिलाड़ी बने।
[NOTE: यहाँ दिए गए आंकड़े और जानकारी ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 फाइनल तक अपडेटेड हैं]
टेनिस से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

