Best Tennis Seasons by Win Percentage: 2025 का साल कार्लोस अल्काराज (Carlos Alcaraz) के लिए अब तक के सबसे बेहतरीन सीजनों में से एक रहा है। वह 74 मैचों में 90.54% जीत दर के साथ वह इस समय अपने करियर के शिखर पर हैं। फिर भी, यह आंकड़ा अब तक पुरुष टेनिस इतिहास के टॉप 10 सीजनों की लिस्ट में जगह बनाने के लिए थोड़ा कम है।
टेनिस इतिहास में कुछ ऐसे खिलाड़ी हुए हैं, जिन्होंने एक सीजन में लगभग हर मैच जीता और अपने दौर को परिभाषित किया। आइए जानते हैं टेनिस इतिहास में किसी खिलाड़ी के 10 सबसे अच्छे सीजन के बारे में, जहाँ खिलाड़ियों की एक सीजन में जीत प्रतिशत अधिक रही।
ये हैं पुरुष टेनिस इतिहास में खिलाड़ियों के टॉप 10 बेहतरीन सीजन
10. इवान लेंडल (Ivan Lendl) – 92.31% (1985)
1985 में इवान लेंडल का खेल अनुशासन और निरंतरता की मिसाल बन गया था। उन्होंने उस साल 84 मैच जीते और सिर्फ 7 मैच हारे। उस सीजन लेंडल ने 11 खिताब अपने नाम किए, जिनमें यूएस ओपन भी शामिल था। यही वह साल था, जब उन्होंने पहली बार वर्ल्ड नंबर 1 की कुर्सी हासिल की।
9. यानिक सिनर (Jannik Sinner) – 92.41% (2024)
2024 का सीजन यानिक सिनर के करियर का टर्निंग पॉइंट था। उन्होंने साल की शुरुआत ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतकर की और आगे चलकर यूएस ओपन व ATP फाइनल्स भी अपने नाम किए। उस सीजन 73 जीत और 6 हार के साथ उनका जीत प्रतिशत 92.41% रहा और उन्होंने पहली बार वर्ल्ड नंबर 1 का ताज भी पहना।
8. रोजर फेडरर (Roger Federer) – 92.50% (2004)
2004 में रोजर फेडरर ने टेनिस को नए युग में पहुंचा दिया। उन्होंने तीन ग्रैंड स्लैम (ऑस्ट्रेलियन ओपन, विंबलडन, यूएस ओपन) जीते और सिर्फ 6 मैच हारे। 11 खिताबों के साथ उन्होंने खुद को टेनिस का बादशाह साबित किया।
7. इवान लेंडल (Ivan Lendl) – 92.50% (1986)
1986 में लेंडल ने फिर साबित किया कि उनका खेल केवल पावर पर नहीं बल्कि मानसिक मजबूती पर भी टिका है। उन्होंने फ्रेंच ओपन और यूएस ओपन जीते, विंबलडन फाइनल तक पहुंचे और कुल 9 खिताब अपने नाम किए। इस सीजन में उन्होंने सिर्फ 6 मैच गंवाए।
6. नोवाक जोकोविच (Novak Djokovic) – 93.18% (2015)
2015 का साल नोवाक जोकोविच (Novak Djokovic) के करियर का स्वर्णिम काल था। उन्होंने 88 में से 82 मैच जीते, यानी सिर्फ दो बार हार का सामना किया। जोकोविच ने उस साल तीन ग्रैंड स्लैम, 6 मास्टर्स टाइटल और कुल 11 खिताब जीते। उन्हें सिर्फ फ्रेंच ओपन में राफेल नडाल से हार मिली।
5. ब्योर्न बोर्ग (Björn Borg) – 93.33% (1979)
ब्योर्न बोर्ग ने 1979 में सिर्फ 23 साल की उम्र में इतिहास रच दिया था। उन्होंने उस साल 84 मैचों में से 79 जीते, फ्रेंच ओपन और विंबलडन दोनों अपने नाम किए। उनकी फिटनेस और शांति भरी खेल शैली ने उन्हें उस दौर का टेनिस आइकन बना दिया।
4. रोजर फेडरर (Roger Federer) – 94.85% (2006)
2006 में फेडरर ने टेनिस को पूरी तरह अपने नियंत्रण में ले लिया था। उन्होंने 97 में से 92 मैच जीते, यानी सिर्फ 5 बार हारे। विंबलडन, यूएस ओपन और ऑस्ट्रेलियन ओपन में उन्होंने जीत दर्ज की, जबकि फ्रेंच ओपन में सिर्फ नडाल से हार मिली। कुल 12 टाइटल्स ने उनके करियर को नई ऊंचाई दी।
3. रोजर फेडरर (Roger Federer) – 95.29% (2005)
फेडरर का 2005 का सीजन भी अद्भुत रहा। उन्होंने 81 जीत और सिर्फ 4 हार झेली। इंडियन वेल्स, मियामी, सिंसिनाटी, हैम्बर्ग और अन्य टूर्नामेंट जीतकर उन्होंने कुल 11 खिताब जीते। यह वो दौर था जब हर खिलाड़ी फेडरर को हराने का सपना ही देखता था।
2. जिमी कॉनर्स (Jimmy Connors) – 95.92% (1974)
जिमी कॉनर्स ने 1974 में टेनिस इतिहास का एक ऐसा साल जिया जिसे आज भी याद किया जाता है। उन्होंने 99 में से 94 मैच जीते, 15 खिताब अपने नाम किए और हर ग्रैंड स्लैम में भाग लेकर जीत दर्ज की। इस दौरान उनका 41 मैचों का जीत सिलसिला भी चला, जिसने उन्हें टेनिस का असली ‘किंग’ बना दिया।
1. जॉन मैकएनरो (John McEnroe) – 96.47% (1984)
टेनिस इतिहास का सबसे शानदार सीजन जॉन मैकएनरो का 1984 में रहा है। उन्होंने उस सीजन 85 में से सिर्फ 3 मैच हारे, यानी उनका जीत प्रतिशत 96.47% रहा। उस साल उन्होंने 13 खिताब जीते, जिनमें विंबलडन और यूएस ओपन शामिल थे। मैकएनरो ने 42 लगातार जीत के साथ ऐसा रिकॉर्ड बनाया जो आज तक नहीं टूटा है।
क्या सबसे अच्छे सीजन का रिकॉर्ड को तोड़ पाएंगे कार्लोस अल्काराज?
कार्लोस अल्काराज का 2025 में जीत प्रतिशत अभी भी 90.54% है। अगर वह पेरिस मास्टर्स और ATP फाइनल्स में बेहतरीन प्रदर्शन करते हैं, तो उनका प्रतिशत लगभग 91% तक पहुंच सकता है, लेकिन वह अभी भी इवान लेंडल (92.31%) के टॉप 10 रिकॉर्ड से थोड़ा पीछे रहेंगे।
भले ही वह इस साल रिकॉर्ड लिस्ट में जगह न बना पाएं, लेकिन उनकी उम्र और निरंतर प्रदर्शन को देखते हुए आने वाले सालों में उनसे उम्मीदें बहुत बड़ी हैं।
पुरुष टेनिस के इतिहास में कई ऐसे खिलाड़ी रहे जिन्होंने एक पूरे साल को अपने नाम कर दिया। मैकएनरो, फेडरर, जोकोविच, लेंडल और कॉनर्स जैसे नाम आज भी उस ऊंचाई पर हैं, जहां पहुंचना किसी के लिए आसान नहीं। हालाँकि कार्लोस अल्काराज़ अब उन्हीं रास्तों पर बढ़ते दिख रहे हैं। अगर उनका ग्राफ ऐसे ही ऊपर जाता रहा, तो शायद आने वाले सालों में उनका नाम भी इस टॉप 10 लिस्ट में जरूर होगा।







