Emma Raducanu loses nearly half of her Wimbledon prize money due to UK taxes: ब्रिटेन की टेनिस स्टार एमा राडुकानु ने विंबलडन 2025 के तीसरे राउंड तक पहुँचकर 1,52,000 पाउंड की पुरस्कार राशि तो जीत ली, लेकिन अब उन्हें इसका एक बड़ा हिस्सा टैक्स में चुकाना पड़ेगा। भारत में मौजूदा एक्सचेंज रेट (1£ = 116.98 रूपये) के हिसाब से यह रकम लगभग 1 करोड़ 77 लाख 82 हजार भारतीय रूपये होती है।
हालांकि, उन्हें पूरी रकम नहीं मिलेगी। ब्रिटिश कानून के अनुसार, उन्हें टैक्स और नेशनल इंश्योरेंस कटने के बाद केवल लगभग 80,560 पाउंड यानी करीब 94 लाख 25 हजार रूपये ही हाथ में मिलेंगे।
तीसरे राउंड में हारने के बाद खत्म हुआ सफर
22 साल की एमा राडुकानु का विंबलडन में सफर तीसरे राउंड में समाप्त हो गया, जहाँ उन्हें बेलारूस की टॉप खिलाड़ी आर्यना सबालेंका से स्ट्रेट सेट्स में हार का सामना करना पड़ा। हालाँकि, पहले सेट में उन्होंने जबरदस्त संघर्ष किया और मुकाबला टाई-ब्रेक तक ले गईं, लेकिन वहां सबालेंका का अनुभव भारी पड़ा।
इससे पहले राडुकानु ने पहले दो मुकाबलों में मिमी जू और मार्केटा वोंद्रोशोवा को एकतरफा अंदाज में हराकर दर्शकों को काफी प्रभावित किया था। लेकिन तीसरे राउंड में वह लय को बरकरार नहीं रख सकीं।
टैक्स में कट जाएंगे 80 लाख 2 हजार रूपये
ब्रिटिश टैक्स एक्सपर्ट पॉल बर्हम के अनुसार, अगर एमा राडुकानु की सालाना आमदनी 1,25,140 पाउंड से अधिक है, तो वह यूके में एडिशनल रेट टैक्सपेयर्स की श्रेणी में आती हैं। ऐसे में उन्हें अपने पुरस्कार की रकम पर 45 प्रतिशत टैक्स देना होगा।
इस हिसाब से उनकी टैक्स देनदारी लगभग 68,400 पाउंड यानी करीब 80 लाख 2 हजार रूपये की बनती है। इसके अलावा उन्हें क्लास फोर नेशनल इंश्योरेंस के रूप में 2 प्रतिशत की अतिरिक्त कटौती भी करनी होगी, जो लगभग 3,040 पाउंड यानी 3 लाख 55 हजार रूपये होती है।
हाथ में आएंगे सिर्फ 94 लाख 25 हजार रूपये
इन दोनों कटौतियों के बाद राडुकानु के पास जो नेट अमाउंट बचेगा, वह होगा 80,560 पाउंड, जो भारतीय मुद्रा में लगभग 94 लाख 25 हजार रूपये बनता है।
हालाँकि, यह फिगर अभी भी अंतिम नहीं माना जा सकता, क्योंकि इसमें उनके यात्रा, होटल, कोचिंग और अन्य खर्चों का हिसाब शामिल नहीं है। ये खर्च टैक्सेबल अमाउंट से घटाए जा सकते हैं, जिससे उनकी टैक्स देनदारी कुछ हद तक कम हो सकती है।
एक और जीत से मिलते 2 करोड़ 80 लाख 75 हजार रूपये
अगर एमा सबालेंका को हराकर चौथे राउंड में पहुँच जातीं, तो उनकी कमाई बढ़कर 2,40,000 पाउंड यानी लगभग 2 करोड़ 80 लाख 75 हजार रूपये हो सकती थी। लेकिन हार के चलते उन्हें यह मौका नहीं मिला।
हार के बाद भावुक दिखीं राडुकानु
मैच के बाद राडुकानु भावुक नज़र आईं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने माना कि इस हार को स्वीकार करना उनके लिए आसान नहीं है।
उन्होंने कहा, “मैं खुद के प्रति बहुत ज्यादा आलोचनात्मक रहती हूँ। हालाँकि कोर्ट पर मेरी टक्कर कड़ी थी, लेकिन मुझे खुद को और बेहतर करना है। मैं चाहती हूँ कि मुकाबला एकतरफा न हो और इस बार ऐसा ही हुआ।”
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

