Longest Hard-court Grand Slam Winning Streaks: टेनिस की दुनिया में हार्ड-कोर्ट ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट्स यानी ऑस्ट्रेलियन ओपन और यूएस ओपन हमेशा से खिलाड़ियों के लिए सबसे कठिन चुनौती माने जाते हैं। यहां लगातार कई मैचों में जीत दर्ज करना बेहद मुश्किल काम है।
इसकी वजह है कि, हार्ड-कोर्ट की सतह तेज़ होती है और यह खिलाड़ियों से दमदार फिटनेस, मजबूत सर्विस और आक्रामक स्ट्रोक की मांग करती है। इसके बावजूद कुछ दिग्गज खिलाड़ियों ने ऐसी विनिंग स्ट्रीक बनाई हैं, जिन्हें टेनिस इतिहास का सुनहरा अध्याय माना जाता है।
2025 यूएस ओपन से पहले इटली के यानिक सिनर हार्ड-कोर्ट पर लगातार 21 मैच जीत चुके हैं। उनका यह सिलसिला अभी भी जारी है और फैंस की नज़रें इस बात पर टिकी हैं कि क्या वे रोजर फेडरर और नोवाक जोकोविच जैसे दिग्गजों के रिकॉर्ड को चुनौती दे पाएंगे। आइए जानते हैं उन पांच खिलाड़ियों के बारे में, जिन्होंने हार्ड-कोर्ट पर ग्रैंड स्लैम मैचों में सबसे लंबी विनिंग स्ट्रीक बनाई।
हार्ड-कोर्ट पर ग्रैंड स्लैम मैचों में सबसे लंबी विनिंग स्ट्रीक बनाने वाले टॉप 5 खिलाड़ी
5. पीट सम्प्रास – 17 मैचों की विनिंग स्ट्रीक (1993-94 और 1996-97)
अमेरिकी दिग्गज पीट सम्प्रास के नाम हार्ड-कोर्ट ग्रैंड स्लैम में दो अलग-अलग मौकों पर 17 मैचों की विनिंग स्ट्रीक रही। पहली बार यह सिलसिला 1993 यूएस ओपन खिताब से शुरू हुआ था, जहां उन्होंने फाइनल में सेड्रिक पियोलीन को स्ट्रेट सेट्स में हराया था। इसके बाद सम्प्रास ने ऑस्ट्रेलियन ओपन 1994 की भी ट्रॉफी उठाई। हालांकि, उसी साल यूएस ओपन के चौथे राउंड में जैमे यज़ागा के खिलाफ उनकी स्ट्रीक टूट गई।
दूसरी बार, सम्प्रास ने यूएस ओपन 1996 का ख़िताब जीतकर अपना दबदबा दिखाया और फिर ऑस्ट्रेलियन ओपन 1997 का खिताब भी अपने नाम किया। उनकी यह दूसरी विनिंग स्ट्रीक यूएस ओपन 1997 के चौथे राउंड में पेट्र कोर्डा के खिलाफ हार के साथ खत्म हुई।
4. आंद्रे अगासी – 20 मैचों की विनिंग स्ट्रीक (1994-95)
90 के दशक में अमेरिका के आंद्रे अगासी ने भी हार्ड-कोर्ट पर अपनी बादशाहत कायम की थी। उनकी स्ट्रीक यूएस ओपन 1994 से शुरू हुई, जहां उन्होंने फाइनल में माइकल स्टिच को स्ट्रेट सेट्स में मात दी। इसके बाद ऑस्ट्रेलियन ओपन 1995 में उन्होंने पीट सम्प्रास को चार सेट्स में हराकर लगातार दूसरा बड़ा खिताब जीता।
हालाँकि, उनकी 20 मैचों की विनिंग स्ट्रीक यूएस ओपन 1995 के फाइनल में टूट गई। इस बार उनका मुकाबला एक बार फिर से सम्प्रास से हुआ था, जहाँ अगासी को चार सेट्स की हार झेलनी पड़ी थी।
3. यानिक सिनर – 21* मैचों की मौजूदा विनिंग स्ट्रीक (2023-25)
मौजूदा खिलाड़ियों में इटली के युवा सनसनी यानिक सिनर इस समय हार्ड-कोर्ट पर ग्रैंड स्लैम मैचों में सबसे बड़ी विनिंग स्ट्रीक के साथ खेल रहे हैं। उन्होंने यूएस ओपन 2023 के बाद से हार्ड-कोर्ट पर एक भी हार नहीं देखी है।
सिनर ने ऑस्ट्रेलियन ओपन 2024 में अपना पहला ग्रैंड स्लैम जीता, जब उन्होंने डेनियल मेदवेदेव को फाइनल में हराया। इसके बाद यूएस ओपन 2024 में उन्होंने अमेरिका के टेलर फ्रिट्ज को मात देकर दूसरा बड़ा खिताब हासिल किया।
इसके अलावा, ऑस्ट्रेलियन ओपन 2025 में भी उनका दबदबा कायम रहा और उन्होंने फाइनल में एलेक्ज़ेंडर ज़्वेरेव को स्ट्रेट सेट्स में हराकर तीसरा खिताब जीता। अब वे 21 मैचों की विनिंग स्ट्रीक के साथ यूएस ओपन 2025 में उतर रहे हैं और इतिहास रचने की ओर बढ़ रहे हैं।
2. नोवाक जोकोविच – 27 मैचों की विनिंग स्ट्रीक (2011-12) , 26 मैचों की विनिंग स्ट्रीक (2015-2016)
सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने 2011 और 2012 के बीच हार्ड-कोर्ट ग्रैंड स्लैम पर जबरदस्त खेल दिखाया और लगातार 27 मैच जीते। यह सिलसिला ऑस्ट्रेलियन ओपन 2011 से शुरू हुआ, जहां उन्होंने फाइनल में एंडी मरे को स्ट्रेट सेट्स में हराया। उसी साल उन्होंने यूएस ओपन फाइनल में राफेल नडाल को मात देते हुए खिताब जीता।
ऑस्ट्रेलियन ओपन 2012 में जोकोविच ने फिर से नडाल को हराया और लगातार तीसरा हार्ड-कोर्ट मेजर ख़िताब अपने नाम किया। हालांकि, उनकी 27 मैचों की यह विनिंग स्ट्रीक यूएस ओपन 2012 के फाइनल में एंडी मरे के हाथों हार के साथ टूट गई। यह हार्ड-कोर्ट पर ग्रैंड स्लैम मैचों में दूसरी सबसे लंबी विनिंग स्ट्रीक है।
हालाँकि, जोकोविच ने 2015 ऑस्ट्रेलियन ओपन से 2016 यूएस ओपन तक एक और शानदार सफर तय किया, जहां उन्होंने लगातार 26 मैच जीते। यह हार्ड-कोर्ट इतिहास की तीसरी सबसे लंबी विनिंग स्ट्रीक है।
1. रोजर फेडरर – 40 मैचों की विनिंग स्ट्रीक (2005-08)
हार्ड कोर्ट पर लगातार सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम मैचों में जीत हासिल करने का रिकॉर्ड स्विट्ज़रलैंड के रोजर फेडरर के नाम दर्ज है। उन्होंने 2005 से 2008 के बीच लगातार 40 मैच जीतकर इतिहास रच दिया था।
यह सिलसिला यूएस ओपन 2005 से शुरू हुआ, जहां उन्होंने आंद्रे अगासी को फाइनल में हराया। इसके बाद ऑस्ट्रेलियन ओपन 2006 में उन्होंने मार्कोस बगदतिस को हराकर खिताब जीता। इसके अलावा, उन्होंने यूएस ओपन 2006 में एंडी रोडिक, ऑस्ट्रेलियन ओपन 2007 में फर्नांडो गोंजालेज और यूएस ओपन 2007 में नोवाक जोकोविच को हराकर लगातार पांच हार्ड-कोर्ट मेजर ख़िताब अपने नाम किए।
फेडरर की यह विनिंग स्ट्रीक ऑस्ट्रेलियन ओपन 2008 सेमीफाइनल में नोवाक जोकोविच के खिलाफ हार के साथ समाप्त हुई। हालाँकि, फेडरर का यह रिकॉर्ड आज भी कायम है और यह हार्ड-कोर्ट इतिहास में सबसे लंबा विनिंग स्ट्रीक भी है।
टेनिस से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

