Novak Djokovic vs Carlos Alcaraz Head To Head Record: नोवाक जोकोविच और कार्लोस अल्काराज के बीच टेनिस की प्रतिद्वंद्विता पिछले कुछ सालों में खेल जगत की सबसे चर्चित कहानियों में से एक बन चुकी है। एक ओर हैं 24 ग्रैंड स्लैम जीतने वाले सर्बियाई दिग्गज जोकोविच, जिन्होंने पिछले दो दशकों में टेनिस पर दबदबा बनाए रखा है।
दूसरी ओर हैं स्पेन के युवा स्टार कार्लोस अल्काराज, जिन्होंने कम उम्र में ही अपने खेल से पूरी दुनिया को प्रभावित किया। दोनों के बीच मुकाबले न केवल हाई-क्वालिटी वाले रहे हैं, बल्कि उनमें रोमांच भी देखने को मिला है, जो टेनिस को यादगार बनाते हैं।
साल 2022 से लेकर 2025 तक इन दोनों खिलाड़ियों ने कुल आठ बार आमने-सामने खेला है। इस दौरान कभी अनुभव ने जीत दिलाई, तो कभी युवा जोश ने इतिहास रचा। आज की तारीख में यह राइवलरी आधुनिक टेनिस की धड़कन बन चुकी है।
नोवाक जोकोविच बनाम कार्लोस अल्काराज़ हेड टू हेड रिकॉर्ड (5-3)
नोवाक जोकोविच और कार्लोस अल्काराज़ ने 2022 से 2025 तक कुल आठ बार एक-दूसरे का सामना किया है। इस दौरान जोकोविच को 5 और अल्काराज को 3 मुकाबलों में जीत मिली है। इन मुकाबलों में जोकोविच ने अपनी अनुभव और दबाव में शांत रहने की क्षमता के दम पर बढ़त बनाई है, जबकि अल्काराज़ ने तीन बार जीत दर्ज कर यह साबित किया है कि वह आधुनिक टेनिस के सबसे खतरनाक युवा खिलाड़ी हैं।
खास बात यह है कि इनकी राइवलरी में हर सतह (क्ले, ग्रास और हार्ड कोर्ट) पर मैच खेले गए हैं और हर बार दर्शकों को हाई-लेवल टेनिस मैच देखने को मिला है। अब वह यूएस ओपन 2025 के सेमीफाइनल में एक-दूसरे से भिड़ने जा रहे हैं।
जोकोविच और अल्काराज के बीच अब तक खेले गए मुकाबले और उनके रिजल्ट
9. यूएस ओपन 2025: सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगे जोकोविच और अल्काराज
यूएस ओपन 2025 के सेमीफाइनल मुकाबले में जोकोविच और अल्काराज करियर में नौवीं बार आमने-सामने होंगे। जहाँ युवा स्पेनिश खिलाड़ी ने जीरी लेहका को हराकर सेमीफाइनल मुकाबले में जगह बने है, तो वहीं सर्बियाई दिग्गज ने घरेलू खिलाड़ी टेलर फ्रिट्ज को हराकर यहाँ तक पहुँचे हैं।
8. ऑस्ट्रेलियन ओपन 2025: जोकोविच की नई चुनौती
2025 का सीजन भी इन्हीं दोनों के मुकाबले से चर्चाओं में आया। ऑस्ट्रेलियन ओपन के क्वार्टर-फाइनल में दोनों आमने-सामने हुए। पहले सेट में अल्काराज ने 6-4 से बढ़त बनाई और ऐसा लगा कि वे मैच को कंट्रोल कर लेंगे। लेकिन जोकोविच, जो चोट से जूझ रहे थे, ने वापसी करते हुए अगले तीन सेट 6-4, 6-3, 6-4 से अपने नाम कर लिए। इस जीत ने हेड-टू-हेड में उन्हें 5-3 की बढ़त दिला दी।
7. पेरिस ओलंपिक्स 2024: जोकोविच का गोल्डन पल
ओलंपिक्स में जोकोविच का सपना हमेशा से गोल्ड मेडल जीतने का रहा था। 2024 पेरिस ओलंपिक्स ने उन्हें यह मौका दिया। फाइनल में उन्होंने अल्काराज का सामना किया और दोनों खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल दिखाया। दोनों सेट टाईब्रेक तक पहुंचे, लेकिन निर्णायक मौकों पर जोकोविच ने धैर्य बनाए रखा और 7-6, 7-6 से जीत हासिल की। इस जीत के साथ जोकोविच ने करियर गोल्डन स्लैम पूरा किया।
6. विंबलडन 2024: अल्काराज का दोहरा कमाल
2024 में दोनों फिर से विंबलडन के फाइनल में आमने-सामने आए। इस बार मुकाबला ज्यादा एकतरफा रहा। अल्काराज ने पहले दो सेट 6-2, 6-2 से जीतकर जोकोविच को दबाव में ला दिया। तीसरे सेट में जरूर थोड़ा संघर्ष हुआ, लेकिन अल्काराज ने टाईब्रेक में जीत दर्ज की और मुकाबला सीधे सेटों में समाप्त कर दिया।
इस जीत के साथ अल्काराज ने चौथा ग्रैंड स्लैम खिताब जीता और फ्रेंच ओपन-विंबलडन डबल पूरा किया। यह उपलब्धि हासिल करने वाले वे केवल छठे खिलाड़ी बने।
5. निट्टो एटीपी फाइनल्स 2023: जोकोविच की आसान जीत
साल 2023 का अंत ट्यूरिन में हुआ, जहां दोनों सेमीफाइनल में भिड़े। इस बार मुकाबला उतना करीबी नहीं रहा। जोकोविच ने शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाए रखा और अल्काराज को 6-3, 6-2 से मात दी। यह जीत उनके आत्मविश्वास को और मजबूत करने वाली रही। बाद में उन्होंने फाइनल में सिनर को हराकर सातवीं बार एटीपी फाइनल्स का खिताब जीता।
4. सिनसिनाटी 2023: जोकोविच की ऐतिहासिक वापसी
विंबलडन की हार के बाद जोकोविच ने हार्ड कोर्ट पर जवाब दिया। सिनसिनाटी ओपन के फाइनल में दोनों खिलाड़ियों ने ऐसा मैच खेला, जिसे लंबे समय तक याद किया जाएगा। अल्काराज एक सेट और ब्रेक से आगे थे और ऐसा लग रहा था कि वह आसानी से जीत दर्ज कर लेंगे। लेकिन जोकोविच ने चैंपियनशिप प्वाइंट बचाकर वापसी की।
तीन घंटे 49 मिनट तक चले इस मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों ने जबरदस्त टेनिस खेला। आखिरकार जोकोविच ने 5-7, 7-6, 7-6 से जीत हासिल की। यह ATP टूर इतिहास का सबसे लंबा बेस्ट-ऑफ-थ्री फाइनल साबित हुआ। इस जीत ने यह दिखाया कि जोकोविच उम्र बढ़ने के बावजूद अभी भी टेनिस में सबसे कठिन प्रतिद्वंद्वी हैं।
3. विंबलडन 2023: अल्काराज का सपनों जैसा पल
फ्रेंच ओपन की हार का बदला अल्काराज ने विंबलडन के फाइनल में लिया। यह मैच टेनिस इतिहास के सबसे शानदार फाइनल्स में गिना जाता है। जोकोविच, जो उस समय लगातार चार बार विंबलडन जीत चुके थे और सात खिताब अपने नाम कर चुके थे, प्रबल दावेदार थे। पहले सेट में उन्होंने अल्काराज को 6-1 से हराकर यह भी जता दिया कि वह अभी भी घास के सबसे बड़े खिलाड़ी हैं।
लेकिन अल्काराज ने हार नहीं मानी। उन्होंने दूसरा सेट टाईब्रेक में जीतकर मैच को पलट दिया और फिर तीसरा सेट आसानी से अपने नाम कर लिया। जोकोविच ने चौथा सेट जीतकर मुकाबले को निर्णायक सेट तक पहुंचाया, लेकिन वहां अल्काराज ने अपना दबदबा बनाए रखा। पांच घंटे से भी ज्यादा समय तक चले इस मैच में अल्काराज ने 1-6, 7-6, 6-1, 3-6, 6-4 से जीत हासिल की।
यह उनकी करियर का दूसरा ग्रैंड स्लैम खिताब था और इसके साथ ही उन्होंने साबित कर दिया कि वे भविष्य के ही नहीं, बल्कि वर्तमान के भी बड़े खिलाड़ी हैं।
2. फ्रेंच ओपन 2023: अनुभव के सामने टूटी उम्मीद
मैड्रिड की जीत के बाद दुनिया इस Rivalry के अगले चैप्टर का इंतज़ार कर रही थी। यह मौका 2023 के फ्रेंच ओपन में आया, जहां दोनों सेमीफाइनल में आमने-सामने हुए। मैच की शुरुआत में अल्काराज ने जोरदार खेल दिखाया और दूसरा सेट जीतकर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया। उस समय ऐसा लगा कि यह मुकाबला पांच सेट तक जाएगा और दर्शक एक क्लासिक मैच देखेंगे।
लेकिन अचानक ही अल्काराज के शरीर ने उनका साथ छोड़ दिया। उन्हें क्रैम्प की समस्या हुई और तीसरे सेट से ही उनकी चाल ढाल बदल गई। जोकोविच ने अनुभव का फायदा उठाते हुए आसानी से अगले दो सेट अपने नाम कर लिए। मुकाबला 6-3, 5-7, 6-1, 6-1 से जोकोविच के पक्ष में समाप्त हुआ। अल्काराज इस हार से निराश जरूर हुए, लेकिन यह साफ हो गया कि उनमें जोकोविच को चुनौती देने की क्षमता है।
1. मैड्रिड ओपन 2022: अल्काराज का धमाकेदार आगाज़
जोकोविच और अल्काराज का पहला मुकाबला मैड्रिड ओपन 2022 के सेमीफाइनल में हुआ। उस समय दुनिया अल्काराज को एक होनहार युवा खिलाड़ी के तौर पर देख रही थी, लेकिन शायद ही किसी ने सोचा होगा कि वह इतनी जल्दी दिग्गजों को चुनौती देंगे। नडाल को हराने के बाद जब वे जोकोविच के खिलाफ कोर्ट पर उतरे, तो दर्शकों को लगा कि यह मैच एकतरफा होगा, लेकिन इसके बिल्कुल उलट हुआ।
अल्काराज ने पूरे आत्मविश्वास और निडर अंदाज़ में खेलते हुए जोकोविच को 6-7, 7-5, 7-6 से मात दी। इस जीत ने उन्हें न सिर्फ इतिहास में दर्ज कराया बल्कि यह भी दिखा दिया कि टेनिस की दुनिया को एक नया सितारा मिल चुका है। यह पहला मौका था जब किसी खिलाड़ी ने एक ही क्ले-कोर्ट टूर्नामेंट में नडाल और जोकोविच दोनों को हराया।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)
प्रश्न 1: नोवाक जोकोविच और कार्लोस अल्काराज़ अब तक कितनी बार आमने-सामने आए हैं?
उत्तर: दोनों खिलाड़ियों ने 2022 से लेकर 2025 तक कुल आठ बार एक-दूसरे के खिलाफ खेला है। यह आठों मैच अलग-अलग सतहों और टूर्नामेंट्स में हुए हैं क्ले, ग्रास और हार्ड कोर्ट पर। यही कारण है कि उनकी Rivalry को संतुलित और रोमांचक माना जाता है।
प्रश्न 2: हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में कौन आगे चल रहा है?
उत्तर: ऑस्ट्रेलियन ओपन 2025 के बाद नोवाक जोकोविच 5-3 से आगे हैं। हालांकि, स्कोरलाइन जोकोविच के पक्ष में है, लेकिन अल्काराज़ की तीनों जीत बड़े मौकों पर आई हैं, जिनमें दो ग्रैंड स्लैम फाइनल शामिल हैं। यही इस Rivalry को और दिलचस्प बनाता है।
प्रश्न 3: जोकोविच और अल्काराज़ का पहला मुकाबला कब और कहाँ खेला गया था?
उत्तर: इन दोनों के बीच पहला मैच 2022 मैड्रिड ओपन के सेमीफाइनल में हुआ था। उस समय अल्काराज़ सिर्फ 19 साल के थे और उन्होंने जोकोविच को तीन सेट के मैराथन मुकाबले में हराया। यह जीत उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुई और यहीं से Rivalry की नींव पड़ी।
प्रश्न 4: दोनों खिलाड़ियों के बीच अब तक का सबसे यादगार मुकाबला कौन सा रहा है?
उत्तर: सबसे यादगार मुकाबला 2023 विंबलडन फाइनल को माना जाता है। यह मैच पांच सेट तक चला और लगभग पांच घंटे तक दर्शकों को सांस रोकने पर मजबूर कर दिया। अल्काराज़ ने उस मैच में जोकोविच की लगातार चार साल की विंबलडन विजयी लय तोड़ी और करियर का पहला विंबलडन खिताब जीता। यह मैच टेनिस इतिहास के महान फाइनल्स में गिना जाता है।
प्रश्न 5: क्या नोवाक जोकोविच ने अल्काराज़ को ओलंपिक फाइनल में हराया था?
उत्तर: हाँ, पेरिस ओलंपिक्स 2024 के पुरुष एकल फाइनल में जोकोविच ने अल्काराज़ को हराकर गोल्ड मेडल जीता। यह जोकोविच के करियर की अधूरी ख्वाहिश थी, जो आखिरकार 37 साल की उम्र में पूरी हुई। दो टाईब्रेक सेटों में मिली यह जीत उनके करियर की सबसे भावनात्मक उपलब्धियों में से एक मानी जाती है।
टेनिस से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







