टेनिस के दिग्गज रोजर फेडरर (Roger Federer) ने पिछले महीने जर्मनी में लेवर कप से पहले खुलासा किया था कि, वह युवा टेनिस सुपरस्टार कार्लोस अल्काराज़ (Carlos Alcaraz) से माफी मांगने की योजना बना रहे हैं। उन्हें पिछले कुछ हफ़्तों से अपने उस वादे को निभाता हुआ भी देखा गया है।
फेडरर ने खुलासा किया था कि, उन्होंने 2019 में युवा अल्कराज के साथ अभ्यास करने के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था, लेकिन उन्होंने संकेत दिया था कि वह उनके कोच जुआन कार्लोस फेरेरो के साथ अभ्यास करना पसंद करेंगे।

फेडरर ने लेवर कप 2024 से पहले कहा था:
मैं कार्लोस अल्काराज को मुश्किल से जानता हूं, इसलिए मैं उन्हें पहली बार खेलते हुए देखने के लिए बहुत उत्साहित हूं।
मैंने उनके साथ केवल एक बार विंबलडन में अभ्यास किया था, जब वह जूनियर थे और फिर अगले दिन मेरे कोच ने कहा, ‘क्या आप उनके साथ फिर से वार्म-अप करना चाहते हैं?’ और मैंने कहा, ‘नहीं, मैं उनके कोच, जो मेरी पीढ़ी के थे, जुआन कार्लोस फेरेरो के साथ वार्म-अप करना पसंद करूंगा।’ मैं इस सप्ताह कार्लोस से माफी मांग सकता हूं!
हालाँकि, अल्काराज ने इस तथ्य को कभी नहीं छिपाया कि, जब वह बड़े हो रहे थे तो फेडरर उनके आदर्शों में से एक थे और वह विंबलडन में 2019 के उस वार्म-अप सीजन को बड़े प्यार से याद भी करते हैं।
अल्काराज ने एक इंटरव्यू में कहा था:
मुझे विंबलडन की ट्रेनिंग आज भी ऐसे याद है जैसे कल की ही बात हो। मैं इसे कभी नहीं भूलूंगा। वह एक अनोखा पल था। मैं फेडरर से पहली बार मिलने को कभी नहीं भूलूंगा, मेरे कमरे में उनकी तस्वीर है।
रोजर फेडरर ने अपने अंदाज में मांगी कार्लोस अल्काराज से माफी

लेवर कप 2024 के वीकेंड के दौरान रोजर फेडरर (Roger Federer) और कार्लोस अल्काराज (Carlos Alcaraz) ने एक -दूसरे से मुलाकात की, साथ ही साथ कुछ समय भी बिताया। दोनों की यह मुलाकात काफी अच्छी रही, क्योंकि जब वे संघाई में एक-दूसरे से मिले, तो दोनों के बीच की बॉन्डिंग साफ़ दिख रही थी। इसके बाद दोनों ने साथ में एक इनडोर कोर्ट में प्रैक्टिस भी की।
दरअसल, फेडरर ने एक समय युवा कार्लोस के साथ प्रैक्टिस करने से मना कर दिया था, लेकिन आज जब स्पेनिश खिलाड़ी टेनिस की दुनिया के सबसे बड़े सुपरस्टारों में से एक बन चुके हैं, तो पूर्व दिग्गज को इसका पछतावा हुआ। इसीलिए, उन्होंने खुद अल्काराज के साथ मुलाकात करके उनके साथ प्रैक्टिस किया और यह उनके माफी मांगने का संकेत भी था।
बता दें कि, शंघाई मास्टर्स के फाइनल में जब जैनिक सिनर और नोवाक जोकोविच के बीच मुकाबला हुआ था, तो फेडरर और अल्काराज दोनों एक-दूसरे के बगल में बैठे थे और टीवी कैमरे लगातार दोनों के बीच हो रही बातचीत को कैद भी कर रहे थे।
संघाई मास्टर्स ने शेयर किया Roger Federer और Carlos Alcaraz के प्रैक्टिस का वीडियो
https://www.instagram.com/reel/DBOeW_GgD4A/?utm_source=ig_web_copy_link
रोलेक्स संघाई मास्टर्स ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर फेडरर और अल्कराज के बीच किए गए प्रैक्टिस का एक वीडियो फुटेज शेयर किया है, जिसमें अल्कराज साफतौर से 20 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन के साथ प्रैक्टिस का आनंद ले रहे हैं।
हालाँकि, फेडरर को हाल के सप्ताहों में कुछ मौकों पर कोर्ट पर देखा गया है, जहां उन्होंने अपने नए विल्सन फ्रेम के लॉन्च के लिए रैकेट का प्रदर्शन किया था। बर्लिन में भी उन्हें लेवर कप कोर्ट पर अभ्यास करते हुए देखा गया था। उन्होंने हाल ही में यह भी बताया था कि, वह अभी भी अपने बच्चों के साथ नियमित अभ्यास का आनंद ले रहे हैं।
Latest Cricket News in Hindi, Latest Football News in Hindi, Latest Tennis News in Hindi और सभी Latest Sports News in Hindi के लिए हमारी वेबसाइट Sports Digest Hindi पर विजिट करें। इसके अलावा, खेल से सम्बंधित सभी ताजा खबरों पाने के लिए हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।


