Biggest Betrayals in WWE History: प्रोफेशनल रेसलिंग की दुनिया केवल ताकत और तकनीक पर आधारित नहीं है, बल्कि यहां भावनाएं, रिश्ते और रिंग में अचानक हुईं अनचाही घटनाएँ भी अहम भूमिका निभाते हैं। अब तक के WWE इतिहास में कई ऐसे पल रहे हैं, जब गहरी दोस्ती अचानक दुश्मनी में बदल गई और फैंस के लिए कभी ना भुलाने वाली यादें छोड़ गईं।
टैग टीम पार्टनर से लेकर फैक्शन के साथी तक, कई सुपरस्टार्स ने एक-दूसरे को धोखा दिया और यही धोखे WWE की कहानी को और भी रोमांचक बनाते रहे। यहाँ हम आपको WWE इतिहास के टॉप 5 सबसे बड़े धोखे की जानकारी देने जा रहे हैं, जब दोस्त ही अचानक से सबसे बड़े दुश्मन बन गए।
WWE के इतिहास के टॉप 5 सबसे बड़े धोखे
1. शॉन माइकल्स का मार्टी जैनेट्टी को धोखा
शॉन माइकल्स और मार्टी जैनेट्टी की टैग टीम “द रॉकर्स” ने 80 के दशक के आखिर और 90 के दशक की शुरुआत में शानदार लोकप्रियता हासिल की थी। दोनों की जोड़ी फैंस की पसंदीदा थी, लेकिन उनके बीच मतभेद बढ़ने लगे।
जनवरी 1992 में “द बार्बर शॉप” इंटरव्यू सेगमेंट के दौरान ऐसा लगा कि दोनों अपने मतभेद सुलझा लेंगे। मगर अचानक शॉन माइकल्स ने जैनेट्टी पर हमला कर दिया और उन्हें कांच की खिड़की से बाहर फेंक दिया। यह पल फैंस के लिए बेहद चौंकाने वाला था। इस धोखे ने शॉन माइकल्स के करियर को नई ऊंचाई दी और उन्होंने “द हार्टब्रेक किड” के रूप में नई पहचान बनाई। वहीं, जैनेट्टी का करियर धीरे-धीरे फीका पड़ गया।
2. सैथ रॉलिन्स का ‘द शील्ड’ के साथ धोखा
सैथ रॉलिन्स, रोमन रेंस और डीन एम्ब्रोज़ के साथ मिलकर बनी ‘द शील्ड’ WWE की सबसे मजबूत फैक्शन्स में से एक थी। यह तिकड़ी भाईचारे की मिसाल मानी जाती थी। लेकिन जून 2014 में सबकुछ बदल गया।
दरअसल, रोमन और डीन पर इवोल्यूशन के सदस्यों का हमला हो रहा था, तभी सैथ रॉलिन्स हाथ में स्टील चेयर लेकर आए। फैंस को लगा कि वह अपने भाइयों को बचाएंगे, लेकिन उन्होंने अचानक उन्हीं पर हमला कर दिया और अथॉरिटी के साथ जुड़ गए।
इस धोखे ने रॉलिन्स को टॉप हील के रूप में स्थापित किया और शील्ड का अंत कर दिया। यही ब्रेकअप आगे चलकर तीनों के सिंगल करियर के लिए रास्ता खोलने वाला साबित हुआ।
3. मॉन्ट्रियल स्क्रूजॉब 1997
नवंबर 1997 के सर्वाइवर सीरीज में हुआ “मॉन्ट्रियल स्क्रूजॉब” WWE इतिहास की सबसे विवादित घटनाओं में से एक है। ब्रेट हार्ट उस समय WWF चैंपियन थे और WCW में जाने की तैयारी कर रहे थे। वह कनाडा में अपना टाइटल हारना नहीं चाहते थे।
लेकिन मैच के दौरान, जब शॉन माइकल्स ने ब्रेट को शार्पशूटर में पकड़ा और विंस मैकमैन ने टाइमकीपर को घंटी बजाने का आदेश दे दिया, जबकि ब्रेट ने अब तक हार नहीं मानी थी। इसके बाद रेफरी ने मैच खत्म कर दिया और शॉन को विजेता घोषित कर दिया।
यह धोखा ब्रेट हार्ट की जानकारी के बिना हुआ था। इस घटना ने विंस मैकमैन को ऑन-स्क्रीन “मिस्टर मैकमैन” के रूप में स्थापित किया और एटीट्यूड एरा की नींव रखी।
4. इवोल्यूशन के अन्य सदस्यों का रैंडी ऑर्टन को धोखा
2003-2004 में इवोल्यूशन नाम का फैक्शन WWE में हावी था, जिसमें ट्रिपल एच, रिक फ्लेयर, बतिस्ता और रैंडी ऑर्टन शामिल थे। जब ऑर्टन सबसे कम उम्र में वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियन बने, तो फैक्शन ने उनके लिए जश्न मनाने का दिखावा किया।
लेकिन रॉ के एपिसोड में ट्रिपल एच ने “थम्स डाउन” का इशारा किया और पूरी इवोल्यूशन ने मिलकर ऑर्टन पर हमला कर दिया। यह पल रैंडी के लिए धोखे का सबसे बड़ा सबूत था। इस घटना ने उन्हें सिंगल स्टार के रूप में नई पहचान दी और ट्रिपल एच के साथ उनकी दुश्मनी WWE इतिहास की यादगार कहानियों में से एक बनी।
5. डीन एम्ब्रोज़ का सैथ रॉलिन्स को धोखा
अक्टूबर 2018 का रॉ एपिसोड फैंस के लिए बेहद भावुक था। उस समय रोमन रेंस ने ल्यूकेमिया की वापसी की घोषणा की और चैंपियनशिप छोड़ दी। इस दुखद पल के बाद, डीन एम्ब्रोज़ और सैथ रॉलिन्स ने मिलकर टैग टीम टाइटल जीता। लेकिन जीत के तुरंत बाद, डीन ने सैथ पर हमला कर दिया।
यह पल फैंस के लिए सबसे ज्यादा चौंकाने वाला इसलिए था, क्योंकि यह रोमन की घोषणा के कुछ ही समय बाद हुआ था। इस धोखे ने डीन के किरदार को और गहराई दी और रॉलिन्स के साथ उनकी दुश्मनी को और भी मजबूत बना दिया।
WWE से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

