वीमेंस प्रीमियर लीग (WPL) का चौथा सीजन 9 जनवरी से शुरू होने जा रहा है, जबकि इसका फाइनल मुकाबला 5 फरवरी को खेला जाएगा। यह टूर्नामेंट इस बार सभी खिलाड़ियों के लिए काफी अहम रहने वाला है, क्योंकि जून महीने में होने वाले महिला टी20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ी यहां अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगी।
यहीं नहीं, इस बार यह सीजन इसलिए भी ख़ास है क्योंकि पहली बार मेगा ऑक्शन हुआ है, जिसके बाद अब टीमें काफ़ी बदली-बदली सी नजर आएंगी।
वीमेंस प्रीमियर लीग का पहला मैच पिछली बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस वीमेंस टीम और 2024 की चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु वीमेंस टीम के बीच नवी मुंबई के डॉ. डी. वाई. पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में खेला जाएगा।
मुंबई के खिलाफ मैच से बाहर हुई पूजा वस्त्राकर

मेगा ऑक्शन के बाद इस सीजन में सभी टीमों की स्क्वाड में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। बैंगलोर ने इस सीजन के लिए भारत की तेज गेंदबाज पूजा वस्त्राकर को भी खरीदा था, लेकिन वह इस मुकाबले में खेलते हुए नजर नहीं आएंगी।
वह इस समय चोट से जूझ रही हैं, जिसके कारण उनका इस मैच में खेलना असंभव है। यहीं नहीं, वह न सिर्फ यह मुकाबला बल्कि अगले कुछ और मैचों में भी खेलते हुए नजर नहीं आएंगी।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने पूजा वस्त्राकर को WPL 2026 में 85 लाख में खरीदा था। वह इस समय बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपनी फिटनेस पर काम कर रही हैं।
पूजा को फिट होने में लग सकता है समय
मुंबई इंडियंस के खिलाफ पहले मुकाबले से पहले आरसीबी महिला टीम के हेड कोच मालोलन रंगराजन ने पूजा की फिटनेस को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूजा के रिहैब में थोड़ी परेशानी सामने आई है। उन्हें दिसंबर के तीसरे हफ्ते में सेंटर से बाहर आना था, लेकिन कंधे की चोट के कारण उनका रिहैब अभी जारी है।
कोच के मुताबिक पूजा को टीम से जुड़ने में अभी कुछ और हफ्तों का समय लग सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि पूजा को हैमस्ट्रिंग से जुड़ी दिक्कत है, जिसमें हर हफ्ते स्थिति को देखते हुए फैसला लिया जाएगा। हालांकि टीम को उम्मीद है कि वह जल्द ही वापसी करेंगी।
एलिस पेरी ने इस सीजन से अपना नाम लिया वापस
यहीं नहीं, बैंगलोर की टीम को लगातार झटके लगते जा रहे हैं। पहले उनकी स्टार खिलाड़ी एलिस पेरी ने पर्सनल रीजन के चलते इस सीजन से अपना नाम वापस ले लिया था और अब पूजा शुरुआती मुकाबलों के लिए उपलब्ध नहीं हैं। आरसीबी का पिछला सीजन अच्छा नहीं गया था और वह प्लेऑफ में भी जगह नहीं बना पाई थी। उन्होंने पिछली बार चौथे नंबर पर फिनिश किया था।

