IPL 2026 के प्लेऑफ में पहुंचने के लिए KKR को सिर्फ जीत नहीं बल्कि बड़ा मार्जिन भी बेहद जरूरी है
आईपीएल 2026 में लीग स्टेज का आखिरी यानी 70वां मुकाबला कोलकाता में खेला जाने वाला है, लेकिन अभी भी प्लेऑफ की चौथी टीम को लेकर जबरदस्त रोमांच बना हुआ है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं, जबकि आखिरी स्थान के लिए तीन टीमों के बीच मुकाबला जारी है।
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आखिरी लीग मैच करो या मरो जैसा है। हालांकि, उसके लिए सिर्फ जीत हासिल करना काफी नहीं होगा। KKR को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए पंजाब किंग्स के नेट रन रेट को भी पीछे छोड़ना होगा, इसी वजह से टीम को बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी पड़ेगी।
KKR का प्लेऑफ समीकरण क्या है?
फिलहाल कोलकाता नाइट राइडर्स के 13 अंक हैं और उनका नेट रन रेट +0.011 है। दूसरी तरफ पंजाब किंग्स 15 अंकों तक पहुंच चुकी है, लेकिन उनका नेट रन रेट +0.309 है। ऐसे में KKR को दिल्ली के खिलाफ ऐसी जीत चाहिए, जिससे उनका नेट रन रेट पंजाब से बेहतर हो जाए।
हालांकि, इससे पहले वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे 69वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स का हारना भी जरूरी है। क्योंकि अगर राजस्थान उस मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ जीत जाती है, तो KKR की उम्मीदें खत्म हो जाएंगी और पंजाब भी बाहर हो जाएगी।
अगर KKR पहले गेंदबाजी करती है तो कितने ओवर में करना होगा चेज?
अगर दिल्ली कैपिटल्स पहले बल्लेबाजी करते हुए 180 रन बनाती है, तो कोलकाता को यह लक्ष्य लगभग 12 से 12.4 ओवर के बीच हासिल करना होगा। तभी उनका नेट रन रेट पंजाब किंग्स से आगे जा सकता है।
वहीं अगर दिल्ली 200 रन का स्कोर बनाती है, तो KKR को और ज्यादा आक्रामक बल्लेबाजी करनी होगी। टीम को यह लक्ष्य करीब 12.1 से 12.4 ओवर के बीच चेज करना पड़ेगा।
अगर KKR पहले बल्लेबाजी करती है तो कितने रनों से जीत जरूरी?
अगर कोलकाता पहले बल्लेबाजी करते हुए 200 रन बनाती है, तो टीम को कम से कम 77 रनों से मुकाबला जीतना होगा।
इसके अलावा, अगर KKR 225 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा करती है, तब भी उन्हें लगभग 76 रनों के अंतर से जीत दर्ज करनी पड़ेगी। वहीं 180 रन बनाने की स्थिति में उसे करीब 78 रनों से जीत हासिल करनी होगी।
यानी अगर राजस्थान रॉयल्स हार जाती है और KKR दिल्ली के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज कर लेती है, तो कोलकाता प्लेऑफ में जगह बना सकती है। ऐसे में फैंस को आखिरी लीग मुकाबले में जबरदस्त रोमांच देखने को मिल सकता है।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

